indiantopbligs.com

top hindi blogs

Wednesday, March 25, 2026

स्वागत है कीट तुम्हारा, मेरी क्यारी में बनाओ बसेरा...

केवल तिवारी

कुछ समय पहले की बात है, अपनी क्यारी में कुछ भी बोता था तो पौधा बनने के कुछ समय ही बाद ही ज्यादातर में एक सफेद किस्म का पदार्थ (फंगस) दिखता और धीरे-धीरे पहले उसकी पत्तियां चौपट होतीं फिर पौधा। किसी ने सुझाव दिया कीटनाशक यानी Pesticide डालो। मैं बाजार जाकर एक शीशी और स्प्रे खरीद लाया।  कुछ पौधों पर छिड़का भी, उसकी तीक्ष्ण गंध मुझे बहुत खराब लगी। मैंने गौर किया कि जब तक गंध का असर रहा, अक्सर वहां दिखने वाली रंग-बिरंगी तितलियां और पंछी भी गायब हो गये। मैंने उस स्प्रे को फेंक दिया। अपने शौक के मुताबिक कभी गेंदा merigold, कभी लाल रंग के 'फोर ओ क्लॉक' फूल को क्यारियों में लगा दिया। 


इसी बीच, कहीं से कसूरी मेथी और सामान्य मेथी बोने का सुझाव मिला। बीज भी मिल गए। मैंने बो दिए। साथ ही पालक भी लगा दिया। क्यारी में भिंडी और बैंगन पर तो ऐसा फंगस लगा कि एक भी पौधा न बढ़ पाया और न ही बच पाया। वही सफेद चिपचिपे से फंगस के कारण। इसी दौरान मैंने एक बागवानी एक्सपर्ट का दैनिक ट्रिब्यन चैनल के लिए इंटरव्यू किया। उस इंटरव्यू का लिंक एक-दो जानकारों को भेजा। इस पर चर्चा के दौरान एक सज्जन ने बताया कि उन्होंने एक बार कीट पतंगों को मारने का उपाय पूछा तो उन्हें किसी बागवानी एक्सपर्ट ने कहा, क्यों मारते हो। कीट-पतंगे हों या कोई भी जानवर, इंसानों से कम ही खाते हैं। मुझे उनकी बात भी जमी। फिर एक दिन देखा कि एक अन्य पौधे पर सफेद चिपचिपा पदार्थ फैल गया है। उस पर कुछ चीटिंयां भी रेंग रही हैं। लेकिन इस बीच मेथी और कसूरी मेथी खूब हुई। पालक भी उग आया। मैंने छोटी-छोटी क्यारियां बनाईं। उसमें कहीं फूल तो कहीं कुछ और लगा दिया। अभी पिछले दिनों सभी क्यारियों को साफ कर उनकी गुड़ाई कर रहा था तो मुझे छोटे-छोटे कीट नजर आये। याद आया कि बचपन में इनको हाथ में रखकर हम पास-फेल, पास-फेल कहते थे। पास कहने पर उड़ जाता तो हम मान लेते कि इस बार तो कक्षा पास कर लेंगे। मुझे ध्यान है चौथी-पांचवीं तक ऐसा करते थे। कभी-कभी तो देखते थे कि यह कीट पंखों को फड़फड़ा रहा है यानी लगभग उड़ने वाला है तभी हम पास-पास, पास-पास एकतरफा बोलने लगते थे ताकि फेल का विकल्प ही न रहे। आज उन हरकतों पर हंसी आती है। लेकिन इस कीट के बारे में जब पता किया तो वाकई यह पास है। गूगल सर्च में देखा तो पास-फेल इंसेक्ट भी इसके सर्च ऑप्शन search option में से एक है। लेडी बग lady bug भी कहते हैं। कहीं लिखा दिखा कि अगर यह कीट दिख जाए तो भूलकर भी कीटनाशक न डालें। पिछले दिनों जब में क्यारी खोद रहा था तो यह खूबसूरत कीट दिखा। एक नहीं, अनेक। छोटे बेटे धवल ने भी रुचि दिखाई। आश्चर्यमिश्रित जवाब, ये तो लेडी बग है। हां। फिर मैंने बचपन की कहानी सुनाई। एक कीट उसने भी हाथ पर रखा। फुर्र से पास ही में गेंदे के पौधे पर जा बैठी। फसल का नया सीजन आने वाला है। कुछ में भिंडी, कुछ में धनिया और अरबी बो दी है। देखते हैं ये लेडी बग कितना विस्तार दिखाती हैं। कुछ फूल के पौधों पर तो दिख रही रही हैं। स्वागत है इस रंग-बिरंगे कीट का। 








No comments: