Powered By Blogger

Thursday, November 26, 2026

एन रामजी, विदाई का पल और वह झप्पी : सेवानिवृत्ति के बाद की पारी की बधाई नाथूराम जी

केवल तिवारी 

दैनिक ट्रिब्यून न्यूज रूम का एक अहम हिस्सा रहे नाथूराम शर्मा जी जिन्हें हम सभी लोग एन रामजी कहते हैं, सेवानिवृत्त हो गये। सेवानिवृत्ति से हफ्तेभर पहले वह कई लोगों से मिले क्योंकि वह छुट्टियों पर जा रहे थे और बाकी साथियों में से कुछ लोगों का भी उस दिन चंडीगढ़ से बाहर जाने का कार्यक्रम था। लिहाजा एन रामजी सभी से मिले। मिलने का यह स्वभाव उनका सबसे अलहदा था। करीब डेढ़ दशक से मैं भी दैनिक ट्रिब्यून का हिस्सा हूं। एन राम उन चंद लोगों में से हैं जो सचमुच बिना गणित लगाये, बिना लाग-लपेट के सबसे मिलते हैं। जाहिर है एक संस्थान में अलग-अलग स्वभाव के लोग होते हैं। सबकी पसंद-नापसंद अलग-अलग होती है। कुछ लोग गणित बिठाते हैं, कुछ किसी की आर्थिक स्थिति भांपकर संबंध बनाते हैं और कुछ का अपना हिसाब-किताब होता है। एनराम इन सबसे अलग। ऑफिस पहुंचते ही सबसे मिलना, हालचाल लेना उनका रुटीन था। ज्यादातर बातों के जवाब में महज मुस्कुरा देना उनकी खास अदा है। इस दिन भी वह मेरे पास आए और बोले, 'केवल जी आपकी झप्पी मुझे बहुत याद आएगी।' यह बोलते-बोलते उनकी आंखें नम हो गयीं। मैंने माहौल को भावुक बनने से रोकने की कोशिश करते हुए कहा, 'क्या एनराम जी आप तो एकदम लौंडा टाइप लग रहे हो।' तभी साथ बैठे अन्य साथियों ने कहा ये टाइप क्या है, ये तो सच में एकदम युवा हैं। मैंने उनसे सहमति जताई और माहौल में हंसी के ठहाके तैरने लगे। एन रामजी फिर अपनी सीट पर जाकर बैठक गए। मैंने अपने पास ही बैठे साथी जतिंदरजीत, नरेंद्र से कहा कि आज नाथूजी के साथ चाप जी जाएगी। नरेंद्र खुद चाय नहीं पीते, लेकिन उन्होंने ही सबसे पहले हामी भरी। उधर से मुनीष बुट्टा बोले, मैं भी चलूंगा। थोड़ी देर बाद हम लोग कैंटीन गए। साथ चाय पी और कुछ तस्वीरें खिंचवाई। फिर तय हुआ कि डिनर भी आज साथ ही करेंगे। सामान्यत: हम कुछ लोग साढ़े सात बजे के आसपास कैंटीन जाते हैं, कुछ लोग आठ बजे। नाथूजी भी आठ बजे वाली टोली में जाते हैं। उस दिन हम लोग पौने आठ बजे साथ ही गये। उन्होंने बताया कि दोनों बेटे कनाडा में सैटल हैं। आजकल आए हुए हैं। नाथूजी के एक भाई लंदन में हैं, उनसे तब मुलाकात हुई थी जब नाथूजी की माताजी का निधन हुआ था। करीब सात-आठ साल पहले। एक बार हम लोग आफिस के सभी साथी यमुनानगर गए थे। गणतंत्र दिवस की छुट्टी के मौके पर। उसी दिन नाथूजी के परिवार से मुलाकात हुई थी। एन रामजी के साथ काम के सिलसिले में मेरा सीधा संबंध कभी नहीं पड़ा, सिवा तबके जब मैं न्यूजरूम कार्यकारी इंचार्ज होता हूं। उसमें भी ज्यादातर बातें वाया हरियाणा इंचार्ज ही होतीं, लेकिन मैं उनसे कभी-कभी सीधे भी बात कर लेता कि यह खबर मस्ट है या इसका डिस्प्ले ठीक से कर दीजिएगा। इसके अलावा सीधे-साीधे मेरा वास्ता नहीं रहा, लेकिन बतौर न्यूजरूम साथी उनका निजी व्यवहार एकदम लाजवाब। सेवानिवृत्ति तो व्यवस्था का एक अनिवार्य प्रणाली है, अन्यथा वह स्वस्थ, युवा हैं, अभी पारिवारिक दायित्वों का भी निर्वहन करना है। उसी दिन रात करीब साढ़े आठ बजे वह हमारी समाचार संपादक मीनाक्षी जी के पास आए और एक फोटो की गुजारिश की। हमारे डिजाइनर सूरज ने फोटो खींची। कुछ तस्वीरें यहां साझा कर रहा हूं। नाथूराम जी को दिल की गहराइयों से शुभकामनाएं। ऑफिस में भले ही रोज मिलना न हो पाए, हम कार्यक्रमों एवं अन्यत्र तो मिलते रहेंगे।










No comments: