Powered By Blogger

Saturday, May 27, 2023

दो ऐतिहासिक स्थल, अलग अनुभूति : यादें... बातें और मुलाकातें

केवल तिवारी 

नौकरी पेशा जीवन के दौरान और चलने फिरने वाली उम्र रहते ही जितना संभव हो यात्राएं वात्राएं कर लेनी चाहिए। ये चाहे धार्मिक हों या पर्यटन संबंधी। वैसे धार्मिक यात्रा भी एक तरह का पर्यटन ही तो है। पर्यटन की बात अगर की जाये तो पिछले दिनों मैं एक रिसर्च पढ़ रहा था। उसमें लिखा था कि अगर कहीं जाकर हम फोटो या सेल्फी लेने में ही व्यस्त हो जायें तो उस स्थान विशेष की यादें हमारे मन मस्तिष्क में टिक नहीं पाती। इसके उलट हम अगर एक-दो स्पॉट पर फोटो खींचकर मोबाइल एवं कैमरा को बंद कर लें तो यादें ज्यादा दिनों तक बनी रहती हैं और हम उसकी चर्चा भी अक्सर करते हैं। मुझे इस रिसर्च में दम भी नजर आया। अक्सर देखने में आता है कि घूमने के लिए कहीं जाने पर लोग ज्यादातर समय फोटो खींचने या सेल्फी लेने में बिता देते हैं। ऐसे में हम उस स्थान विशेष के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं जुटा पाते और इसी वजह से वहां की यादों को अपने मन-मस्तिष्क में नहीं बिठा पाते। खैर यह तो हो गयी यादों-वादों की बातें। मैं बात कर रहा हूं कुछ समय पूर्व की अमृतसर यात्रा एवं दिल्ली की संक्षिप्त यात्रा की। 







यूं तो इन यात्राओं को संपन्न हुए दो से तीन महीने हो गए, लेकिन इनके बारे में लिखना अब हो रहा है। चूंकि पहले अमृतसर गया था इसलिए वहां की बातें पहले। फिर दिल्ली की। वैसे दिल्ली-एनसीआर में इससे पहले मैं 1996 से 2013 तक रहा। लेकिन उस दौर में ज्यादा घूमना नहीं हुआ, जबकि अब दिल्ली से दूर आ गया हूं तो लगता है दिल्ली दूर नहीं।  

अब चलते हैं अमृतसर। अचानक घूमने का यह कार्यक्रम बना मार्च अंत में। उस वक्त खालिस्ताान समर्थक अमृतपाल का मुद्दा छाया हुआ था। कुछ पारिवारिक लोग भी जाने को तैयार हुए, लेकिन ऐन मौके पर उनका आना रद्द हो गया। चूंकि रिजर्वेशन साथ ही कर रखा था, मेरा मन भी थोड़ा डिगा। फिर परिवार में चर्चा के बाद तय हुआ कि हम लोग तो चलते ही हैं। क्योंकि बेटे धवल की सालाना परीक्षा हो चुकी थीं और कुछ दिन की छुट्टियां चल रही थीं। मुझे भी ऑफिस से आसानी से छुट्टी मिल गयी। हालांकि बड़ा बेटा कार्तिक फ्री नहीं था। खैर फाइनली हम तीन निकल पड़े। चंडीगढ़ से सुबह 6 बजे की ट्रेन थी। वहां पत्नी को कोई जानकार मिले और उन्होंने हमारे कदम पर सवालिया निशान उठाये और कहा कि इस वक्त क्यों जा रहे हैं। अमृतपाल का केस चरम पर है। मैंने इस मुद्दे को इग्नोर करने के लिए कहा। मित्र नरेंद्र कुमार के जरिये विक्रम जी से बातचीत हुई। उन्होंने स्वर्ण मंदिर परिसर में ही रहने का इंतजाम करवा दिया।  

सुबह हो या शाम, स्वर्ण मंदिर की आभा में खो से गये हम सब 

जिस दिन अमूतसर पहुंचे उसी शाम को हम तीनों सबसे पहले गुरु घर में माथा टेकने पहुंचे। पहले शाम को परिक्रमा कर गुरु ग्रंथ साहिब के दर्शन किए। शीश नवाया। उसके बाद बाहर शनि मंदिर गये। फिर सराय में आकर थोड़ा विश्राम किया और तय किया कि लंगर छकने से पहले गुरुद्वारे की स्वर्णिम आभा को निहारा जाये। हम लोगों ने पीछे वाले दरवाजे से ही प्रवेश किया और जल तरंगों में इठलाती गुरुघर की स्वर्णिम आभा को बस देखते ही रह गये। फिर हम परिक्रमा करते हुए फ्रंट गेट की तरफ पहुंचे। लोगों का हुजूम मंदिर में मौजूद था। घूमकर हम लोग लंगर घर में आये और प्रसाद छका। साथ ही इस पर भी चर्चा की कि सचमुच धार्मिक उद्देश्य यही होना चाहिए कि हर किसी को भोजन मिले। इसके साथ ही कुछ लोगों के प्रति गुस्सा भी आया जब उनके जेब में गुटखा एवं पान मसाला मिला और उन्हें समझाना पड़ा। बुरी आदतों को छोड़ना चाहिए। कम से कम ऐसे पवित्र स्थलों पर तो तन, मन से शुद्ध होकर जाना चाहिए। कहा भी तो गया है कि मनसा, वाचा और कर्मणा हमें शुद्ध रहना चाहिए।  

अटारी-वाघा बॉर्डर और दिल्ली का कर्त्तव्य पथ 








चूंकि इस ब्लॉग को लिखने में बहुत विलंब हो गया है इसलिए अटारी-वाघा बॉर्डर एवं दिल्ली के कर्त्तव्य पथ की चर्चा साथ-साथ। असल में अमृतसर यात्रा के कुछ दिनों बाद ही हमारा दिल्ली जाना हुआ और वहां नव निर्मित कर्त्तव्य पथ एवं शहीद स्मारक को देखा। पहले बाद अटारी बॉर्डर की। हम लोगों ने सुबह ही एक ऑटो वाले से बात कर ली। उसने एडवांस में पैसे लिए और करीब दो बजे हम लोग अटारी बॉर्डर के लिए निकले। वहां जाने से पहले डिप्टी कमांडेंट विजय कुमार जी के सहयोग से रामजी लाल ने सीटों की व्यवस्था कर दी। देशभक्ति का ऐसा ओजस्वी नजारा पहले कभी नहीं देखा। मैं तो एक बार पहले भी यहां आ चुका था, लेकिन इस बार आनंद कुछ ज्यादा बढ़ गया। पाकिस्तानी पाले में महज 20-30 लोगों को देखकर तरस सा आया और हमारे बीच चर्चा होने लगी कि यहां का उत्साह देखकर तो उनका मन भी यही करता होगा कि वे भी इसी तरफ आ जायें। सचमुच अवाम तो सब समान ही होती है, सियासत सब गड्डमड्ड करती है। खैर जोश के उस वातावरण को हमने नये तरीके से जीया। इसके कुछ समय बाद हम लोग दिल्ली के कर्त्तव्य पथ पर गये। यहां वह परिवार भी साथ रहा जिनके साथ हमने अमृतसर जाना था और वे लोग किन्हीं कारणों से आ नहीं सके। लेकिन भास्कर को जरूरी काम आ गया, हां अपने साथी भव्य को साथ लेकर धवल प्रसन्न रहा और प्रीति को लेकर भावना। मैं उस वक्त अकेला था, लेकन रात में भास्कर का साथ पाकर मुझे भी आनंद आ ही गया। कर्त्तव्य का नया रंग-रूप सचमुच उत्साहजनक है। साफ-सफाई तो देखते ही बनती है। खाने-पीने के स्टॉल एक ही जगह पर नियत करने से खूबसूरती और बढ़ गयी है। स्मारक के पास जवानों के साथ बच्चों ने फोटो खिंचवाये। कुछ देर पैदल चलने में थकान की अनुभूति करायी। चिल्ड्रन पार्क में झूलों का आनंद लिया। इंडिया गेट परिसर में कुछ और समय निकालकर कभी दिन के वक्त भी जाना जरूरी है। मौसम गुलाबी होगा तो फिर एक बार यहां की यात्रा करने की कोशिश होगी। बातों की इन बातों पर बता दूं कि इसी बीच, गाजियाबाद में हमारे पड़ोसी और हमारे लोकल गार्जन कहलाने वाले शर्मा जी एवं भाभी जी पहुंचे। उनकी बिटिया सोनाली और दामाद एवं बिटिया की बिटिया से मुलाकात हुई। एक दिन की संक्षिप्त यात्रा पर आए इन लोगों से काफी विस्तार से चर्चा हुई। ऐसे मेल-मिलापों का दौर चलता रहना चाहिए।  

Friday, April 28, 2023

दुबई यात्रा : बातें-वातें और कल्पनाओं के पंख

 केवल तिवारी 


दुबई की एक शाम, भांजों के नाम।


यहां लोगों में ट्रैफिक सेंस गजब का। पैदल चलने वाला कोई व्यक्ति सड़क पार कर रहा हो तो बड़ी-बड़ी गाड़ियां भी रुक जाती हैं। शाम का नजारा एकदम अलग ही होता है। भारत और पाकिस्तान के लोग बहुतायत में हैं। भाषा और भोजन जैसी दिक्कत नहीं आती। और भी बहुत कुछ है, जानने, समझने और आनंद लेने के लिए। ये बातों मैं अपनी स्मरण शक्ति के आधार पर कर रहा हूं। दुबई के बारे में सबसे पहले भानजे सौरभ ने किया था। वह करीब चार सालों से वहां जॉब कर रहा है। उसके बाद दीदी-जीजाजी वहां गये। उन्होंने कई बातें बताईं। जीजाजी द्वारा कहे गए लूलू मॉल के बारे में बच्चे बहुत आनंद लेते हैं। उनको पहले यह नाम अजीब लगता था, लेकिन जब से इसी मॉल की एक शाखा लखनऊ में खुल गई है, तब से उन्हें विश्वास हो गया है कि हां यह बहुत प्रसिद्ध मॉल है। खैर… आते हैं दुबई पर। यह ब्लॉग आज इसलिए कि पिछले दिनों दो भांजे गौरव और कुणाल भी दुबई से लौटे हैं। ये दोनों अपने बड़े भाई यानी सौरभ के निमंत्रण पर वहां गये। वहां जाकर भी मुझसे व्हाट्सएप के जरिये बातचीत होती रही। वीडियो कॉल जैसी भी आजकल सुविधाएं हो चुकी हैं। दोनों ने जो बातें की उससे अंदाजा लगा कि दुबई महंगा तो है, लेकिन अनुशासित है। अनुशासन बहुत जरूरी है। खासतौर पर ट्रैफिक सेंस तो बहुत जरूरी। हमारे देश के कुछ राज्यों को छोड़ दें तो ज्यादातर जगह ट्रैफिक का बेड़ा गर्क है। कुछ इलाकों में तो इसी घटिया ट्रैफिक सेंस की वजह से जाम लगता है और एक्सीडेंट होते हैं। वैसे यात्रा वृतांत में दीदी ने बताया था कि वहां चोरियां भी नहीं होती। घर के बाहर भी अगर कोई डिलीवरी बॉय सामान रख जाये तो उसे कोई नहीं लेता। सख्त कानून का असर है शायद यह। भानजों ने बताया कि मौसम भी वहां सामान्य रहता है। 





सचमुच दुबई एक प्रकार से इमारतों की नगरी है। रेतीला इलाका है, लेकिन वहां लोगों ने मेहनत और इच्छाशक्ति के जरिये इतनी हरियाली कर दी है कि आज वह औरों के लिए मिसाल बन गयी है। यात्रा करती रहनी चाहिए और यात्रा वृतांत भी लिखते-सुनाते रहने चाहिए। आज दुबई की बस इतनी सी बात। विस्तार से फिर कभी। बस यहां पर एक मशूहर शेर याद आ रहा है 

सैर कर दुनिया की ग़ाफ़िल ज़िंदगानी फिर कहाँ, ज़िंदगी गर कुछ रही तो ये जवानी फिर कहाँ। 

अपने सफर के साथ ऑन लाइन माध्यम से मुझे हमसफर बनाने के लिए भानजों, दीदी और जीजाजी का दिल से धन्यवाद

Tuesday, April 25, 2023

योगवासिष्ठ महारामायणम : जीवन दर्शन पर शोधपरक सामग्री

केवल तिवारी

आज एक किताब की संक्षिप्त चर्चा करूंगा। किताब का नाम है, ‘योगवासिष्ठ महारामायणम।’ लेखक हैं डॉ. कुलदीप धीमान। किताब से पहले लेखक पर बातचीत जरूरी। 

असल में 10 वर्ष पहले जब मैंने दैनिक ट्रिब्यून ज्वाइन किया तो कुलदीप साहब से अखबार के काम के सिलसिले में मुलाकात हुई। कई दिनों तक बात होती रही। फिर हम लोग ऑफिसियल काम से इतर भी बातचीत करने लगे। बातों बातों में पता चला कि डॉ. कुलदीप की अध्यययन और लेखन में भी गहरी रुचि है। उन्होंने अपनी एक पुस्तक ‘परम विद्रोही’ की चर्चा की और एक प्रति मुझे भी दी। यह किताब ओशो रजनीश और उनकी बातों पर आधारित है। इस किताब को पढ़ने के बाद भी मैंने अपनी प्रतिक्रिया अपने इसी ब्लॉग पर लिखी, जिसका लिंक इस लेख के अंत में डाल दूंगा। खैर… अब आते हैं आलोच्य पुस्तक पर। असल में इस किताब को मैं तब भी पढ़ चुका हूं, जब यह आकार ले रही थी। लेकिन उस वक्त पढ़ने का मकसद कुछ प्रूफ संबंधी गलतियों को मार्क करना था। वह एक काम जैसा था। बाद में कुलदीप जी से मेरी बातचीत लगभग नहीं के बराबर ही हुई। कुछ समय पहले अचानक उनका फोन आया और उन्होंने बताया कि किताब आ चुकी है। मेरी जिज्ञासा पुस्तक को देखने की थी। मैं उन दिनों चंडीगढ़ से बाहर गया हुआ था। तभी धीमान साहब ने बताया कि वह एक प्रति मेरे लिए ऑफिस में छोड़ गए हैं। कुछ दिन पुस्तक यूं ही रखी रही। बाद में मैंने इसे पढ़ना शुरू किया। समीक्षार्थ मिलीं हों या मैंने शौकिया खरीदी हों, करीब हजार पुस्तकें अब तक पढ़ चुका हूं। आदतन भूमिका और अन्य लेखकों की राय और लेखक के बारे में भी जरूर पढ़ता हूं। कई बार प्रकाशक की ओर से की गयी टिप्पणी भी। यही मैंने इस किताब के संदर्भ में भी किया। पढ़ते-पढ़ते देखा कि भूमिका में डॉ. कुलदीप जी ने मेरे नाम का भी जिक्र किया है। मैंने फोन पर धन्यवाद देने के साथ-साथ यह भी कहा कि मेरा तो ऐसा कोई योगदान ही नहीं था। फिर उनसे कुछ अन्य बातें हुईं। मैंने कहा कि पुस्तक पूरी पढ़ने के बाद अपनी राय दूंगा। कुलदीप जी बोले, आपने तो पढ़ ही रखी थी, मैंने कहा, लेकिन मजा अब आ रहा है। सचमुच दूसरी बार किताब पढ़ते-पढ़ते जीवन के कई पहलू समझ में आए। योगवासिष्ठ में भगवान राम के जरिये संवाद की बात हो या फिर ब्रह्म भाव, जीवन दर्शन की एक अलग मीमांसा इस किताब में नजर आती है। डॉ. धीमान द्वारा शोध के जरिये लिखी गयीं कुछ पंक्तियों पर गौर फरमाइये- राम संवेदनशील हैं। स्वयं उनके पास सब कुछ है, पर वे दूसरों के दुःखों के प्रति अन्धे नहीं हैं। उनके पास सब होते हुए भी वैराग्य हुआ है। यह उनकी परिपक्वता की निशानी है। इसीलिये भगवद्गीता तो युद्धक्षेत्र में कही गई, पर योगवासिष्ठ राजदरवार की शान के बीच कहा गया। युद्धक्षेत्र में वैराग्य उठना बड़ी बात है, पर राजदरबार के धन वैभव के बीच अगर किसी को वैराग्य उठे तो यह और भी बड़ी बात है। यह उसकी संवेदनशीलता का प्रमाण है। यह उत्तम वैराग्य है। 

वसिष्ठ कहते हैं कि कल्पना शक्ति या विरक्ति भाव ब्रह्म का स्वभाव ही है। संसार ब्रह्म से ऐसे उत्पन्न होता है जैसे पुष्प से गन्ध। यह मन में स्वप्न की तरह उत्पन्न होता है। सपने में हम कितना कुछ देखते हैं। सब जोन और सत्य लगता है। स्वप्रजगत् का हम क्या कारण बता सकते हैं कि कब बना, क्यों बना? कहना ही है तो इतना ही कहा जा सकता है कि स्वप्न का कारण है हमारी नींद (अज्ञान)। 

संसार के चार बीज 

वासिष्ठ के अनुसार संवेदनम्, भावनम्, वासना, और कल्पना चार बीज हैं जिनसे यह संसार बनता है। जो इन्द्रियों से भोगा जाता है उसे 'संवेदनम्' कहा है। भोग्य वस्तुएं जय नहीं होतीं तो उनके बारे में निरन्तर सोचते रहने को 'भावनम्' कहा है। बार-बार सोचने पर जब मन उनपर स्थिर हो जाता है उसे 'वासना' कहा है। 

कार्य-कारण का रहस्य 

कार्य-कारण सिद्धान्त की विचित्रता है कि आप जो भी ही बात को चरम तक ले जाये तो आप को अपना ही सिद्धान्त भारी पड़ जाता है। अधिकतर तो हम चरम तक जाने का साहस ही नहीं उठा पाते, जब लगने लगता है कि सिद्धान्त डगमगा रहा है, हम रुक जाते हैं। 

आदि शङ्कराचार्य के गुरु गोविन्दाचार्य के भी गुरु ने यह साहस जुटाया और सिद्ध किया कि कार्य कारण व्यावहारिक जीवन के लिये उपयोगी है, पर अगर इसे गहराई से देखा जाये तो यह अर्थ सिद्ध होता है। गौडपाद की बात यहां इसलिये की जा रही है कि की तरह वे भी मानते हैं कि जगत् का कोई कारण नहीं है, इसलिये यह ह संगत नहीं है कि जगत् को किसने बनाया। जगत् को किसी ने नहीं बनाया वह नित्य है, 'अज' अर्थात् अजन्मा (इटर्नल) है। इसीलिये इस मत को 'अजातिवाद' कहते हैं, जिसकी थोड़ी-बहुत चर्चा हम प्रस्तावना में कर चुके हैं। 

जिन्हें समाज अच्छे कर्म मानता है, उनके लिये वह हमें सम्मान देता है, और जिन्हें बुरे कर्म समझता है उनके लिये दण्ड देता है। ऐसा न हो हो अराजकता फैलती है। 

योग, संक्षिप्त चर्चा का कारण 

अब हम योग की चर्चा संक्षिप्त में करेंगे क्योंकि वसिष्ठजी इसे बहुत अधिक महत्त्व नहीं देते। उनके विचार में योगमार्ग ज्ञानमार्ग से अधिक कठिन है। यह वात विचित्र लगेगी क्योंकि साधारणतः तो ज्ञानमार्ग को कठिन माना जाता है क्योंकि उसमें तर्क, भाषा, सिद्धान्त आदि का सहारा लिया जाता है। 

'आत्मा-अनात्मा', 'कार्य-कारण', 'विषय-विषयी' आदि शब्द सुन कर बहुत से लोग घबरा जाते हैं। वे तो चाहते हैं कि उन्हें योग की कुछ मुद्राएं बता दी जायें, या कोई मन्त्र दे दिया जाये जिसे वे जपते रहें, पर ऐसी बात न करनी पड़े जिसमें अधिक सोचना पड़ता हो। सच तो यह है कि ध्यान -और मन्त्र मन को सोचने से रोकने के लिये ही विकसित किये गये हैं। 1 ज्ञानमार्ग के समर्थक मानते हैं कि योगमार्ग कठिन है क्योंकि उसमें कुछ करने पर बल दिया जाता है। स्वयं को जानने के लिये किस प्रकार के कर्म करने की आवश्यकता… 

वसिष्ठजी से राम पूछते हैं कि ज्ञानी समाज में कैसा व्यवहार करते हैं, उनके लक्षण क्या हैं? वसिष्ठ कहते हैं कि मोक्ष के बाद ज्ञानी का कैसा व्यवहार होगा इसके बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता। कुछ जीवन के कर्तव्य करते रहते हैं, कुछ समाज को त्याग देते हैं, और कुछ संसार के भोगों का आनन्द लेते हैं। ज्ञानी न तो कुछ करने का बहुत आग्रह करते हैं, न ही न करने का। जो सहजता हो जाये वही करते हैं। 

वसिष्ठ कहते हैं कि बोध ही वास्तविक त्याग है, कर्म का त्याग करना त्याग नहीं है। जो योगी कर्मफल में आसक्ति त्याग कर सब कर्म करता रहता है, वह कर्मफल के अच्छे या बुरे परिणाम से अछूता रहता है। उसीको जीवन्मुक्त कहते हैं। 


असल में ऊपर दी गयीं कुछ पंक्तियां तो वानगी भर हैं। हकीकत में यह किताब बहुत शोध के आधार पर बनाई गयी है और जीवन के सही दर्शन को दिखा रही है। इससे भी बड़ी बात है कि इसकी शैली प्रवाहमयी है। बहुत ही सरल और सहज अंदाज में इसमें जीवन के तमाम किंत-परंतु पर व्याख्या की गयी है। राम को समझने की कोशिश में यह किताब हमें विचारशीलता के शिखर पर ले जाती है। इस पुस्तक के बारे में विवरण नीचे दे रहा हूं। इसे मंगवाकर पढ़ा जा सकता है। कुलदीप जी आपका धन्यवाद और आपको साधुवाद। एक लिंक आपकी पुरानी पुस्तक ‘परम विद्रोही’ को लेकर मेरी टिप्पणी का। 

सादर 

https://ktkikanw-kanw.blogspot.com/2013/09/blog-post_7.html 

Thursday, April 20, 2023

जिंदगी को समझने का प्रयास, चले चलो

मोहम्मद अम्मार



क्या जिंदगी है। चलते चलते सांस उखड़ जाती है। चलते चलते सांस निकल जाती है। यह बना लूं, वो बना लूं, यह कर लूं वो कर लूं। घर में करोड़ों लगा दिए। खुद रहा नहीं। बच्चे बड़े हुए तो बने बनाए को बेचकर चले गए। मेरा मानना है कि हर इंसान बस इतना सोचकर जिंदगी जी ले कि बस कभी भी बुलावा आ सकता है मरना है। चिता पर लेटना है और कब्र में जाना है। तो 95 फीसद फसाद अपने आप समाप्त हो जाएं। हिंदू मुस्लिम, जात बिरादरी, मुकदमा बाजी, जमीन कब्जे। बस इंसान की जिंदगी इनके इर्द गिर्द घूम रही है। अंत में हासिल वसूल कुछ नहीं। खामखा की नफरतें और लड़ाइयां हैं। बड़े से बड़े सुरमा आज राख में उड़ गए या मिट्टी में तब्दील हो गए।

अंत में बस एक खबर आती है कि फलां इंसान नहीं रहा। ऐसे ऐसे यह हो गया और मौत हो गई। बस इंसान जीता ऐसे है जैसे इसे कभी मरना ही नहीं। और मर ऐसे जाता है जैसे कभी जिया ही नहीं। मोहब्बतें बांटते चलिए, नफरतें पहले ही बहुत हैं। सौ बातों की एक बात यह है कि हर दिन गुजरने के साथ आप अपनी मौत के करीब हो रहे हैं। हम सब अपने जिंदगी के सफर में ट्रेन में बैठे हैं। और अपनी मंजिल की तरफ बहुत तेज़ी से बढ़ते जा रहे हैं। जिन लोगों की मौत की खबर आ रही है। समझ लें  कि उनका स्टेशन आ गया। कुछ देर या दिनों बाद हमारा भी स्टेशन आ जायेगा, फिर किस बात की लड़ाइयां। सोचिए....

दो दिन पहले इस मैसेज पर दी थी बधाई



6 महीने पहले दैनिक जागरण हेड ऑफिस ज्वॉइन किया था। अप्रैल में पूरे उत्तर प्रदेश के टॉप 10 ऑथर की लिस्ट निकली है। मोहम्मद अम्मार खान का नाम ऊपर आया है। जरूरी नहीं हमेशा ऊपर रहे। कभी नीचे भी आएगा। लेकिन देखकर खुशी तो होती ही है। बारहवीं क्लास में था तो अंग्रेजी के सर कहते थे जिंदगी में मुंगफुली भी बेचो तो ऐसे बेचना की तुम्हारे ठेले की मुंगफूली सबसे अच्छी हो। इस कामयाबी में आप सभी की हिस्सेदारी ही। आप सभी के प्यार के लिए दिल से शुक्रिया। इसे पढ़ने के लिए भी शुक्रिया।😊*

----------------------------------------------------

लेखक के बारे में : वरिष्ठ पत्रकार हैं। कुछ समय चंडीगढ़ में दैनिक ट्रिब्यून में भी अपनी सेवाएं दीं। फिलहाल दैनिक जागरण में हैं। केटी की कांव-कांव के प्रोपराइटर से दैनिक ट्रिब्यून में ही मुलाकात हुई। उस वक्त से यदा-कदा सोशल मीडिया मंचों या अन्य माध्यमों से मुलाकात या बातचीत हो जाती है। उन्होंने Whatsapp पर पहले अपनी एक उपलब्धि की जानकारी भेजी (फोटो साझा कर रहा हूं) फिर अगली सुबह उक्त मैसेज। अच्छा लगा तो उनकी परमिशन पर इसे हू ब हू यहां प्रकाशित कर रहा हूं। अम्मार आप खूब तरक्की करो। यही दुआ है। - केवल तिवारी

Thursday, April 13, 2023

सावधानी जरूरी, पर ऐसा भी होता है तो मान लेने में क्या हर्ज OTP my airtel और पांच हजार रुपये

केवल तिवारी

किस्सा बेहद रोचक है। रोचक किस्से से पहले बता दूं कि ये जो मोबाइल कंपनियां होती हैं, इनके छोटे-छोटे अक्षरों में लिखी शर्तें सब इनके मुताबिक होती हैं। आप में से अनेक लोगों को याद होगा कि ये लोग एक समय ये लोग सिम देते वक्त कहते थे 'life time free' यानी कॉल हमेशा आएंगी। बाद में पता चला कि अगर आपने रीचार्ज नहीं कराया तो आपके पास एसएमएस तक नहीं आएगा। एक बार तो ये कंपनियां मिस कॉल देने पर चार्ज लगाने वाले थे, वह तो भला हो कि कुछ कंपनियां आने से कंपटीशन बढ़ा। हालांकि फिर दो-एक कंपनियों ने मोनोपली की ओर कदम बढ़ाए हैं ताकि कंपनियां कम होंगी तो ग्राहक को आराम से लूटा जा सकेगा। कंपनियों में कंपटीशन होगा तो फायदा ग्राहक का होगा। खैर यह तो है मेरी इस बात की पृष्ठभूमि। मुद्दे पर आता हूं। दो माह पहले मेरा ड्राइविंग लाइसेंस की समयावधि खत्म हो रही थी। इसे दिल्ली से बनवाया था। मैंने मित्र सुरेंद्र पंडित को यह बात बताई। पंडित ने कहा कि मैं कहीं बाहर हूं, अमित से बात कर लो। अमित भी पत्रकार हैं और कई बार मददगार साबित होते हैं। मैंने फोन किया तो उन्होंने डिटेल मांगा, डाक्यूमेंट मांगे। मैंने व्हाट्सएप कर दिया। फिर अमित ने पूछा कि ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी में मेरा जो मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड है, उस पर ओटीपी OTP आएगा। मुझे ध्यान आया कि तब तो मेरे पास दिल्ली वाला नंबर था 9810 वाला (पूरा नंबर किसी की निजता का ध्यान रखते हुए नहीं दे रहा हूं) मैंने कहा वह नंबर तो रीचार्ज नहीं है और सिम भी कुछ दिन पहले निकाल रखा है। उन्होंने कहा नहीं उसे रीचार्ज कर लो। मैंने पत्नी की मदद से सिम तो ढूंढ़ लिया, लेकिन सही है या नहीं इसका पता कैसे लगे। मैंने online recharge करने के लिए नंबर डाला तो पता लगा कि इसका बिल तो पहले से भुगतान किया गया है। अगला बिलिंग साइकल अभी अगले महीने है। मुझे कुछ सूझा नहीं। फिर मैंने अपने मोबाइल पर उस नंबर को my airtel के नाम से सेव कर लिया। नंबर सेव करते ही व्हाट्सएप देखा तो उसमें  DP किसी बच्चे की लगी थी। मैंने उस नंबर पर कॉल किया तो किसी बिमल नाम के व्यक्ति ने उठाया। मैंने उन्हें अपना परिचय दिया और जल्दीबाजी में मैंने ओटीपी वाली बात भी बताई। जाहिर है आजकल फ्रॉड भी खूब चलता है। कोई व्यक्ति कैसे बता देगा कि ओटीपी आया है। फिर मैंने उन्हें तसल्ली दी और पूछा भी कि हो सकता है इस नंबर पर मेरे नाम से कॉल आते होंगे। उन्होंने बताया कि हां एयरटेल ने मुझे यह नंबर दिया है और आपके नाम से कई कॉल आते हैं। आखिरकार वह ओटीपी बताने के लिए राजी हो गये। यह दीगर है कि इसकी जरूरत नहीं पड़ी और लाइसेंस बन गया। इसी बीच, एक शाम मेरे फोन पर घंटी बजी। मैं उस दिन अमृतसर में था। देखा तो मेरे उसी पुराने नंबर से कॉल आ रही है। मैंने बातची की तो उन्होंने पूछा, 'क्या आपका बैंक ऑफ बड़ौदा में अकाउंट है', 'हां', 'सर मेरे पांच हजार आपके अकाउंट में आ गए हैं।' मैंने बताया कि वह अकाउंट बहुत पुराना है। मैं चंडीगढ़ लौटकर खाता चेक कर लूंगा, आए होंगे तो लौटा दूंगा। उन्होंने प्लीज कहकर फोन रख दिया। इसके बाद उन्होंने मेरे बैंक की डिटेल भी भेज दी कि कहां अकाउंट है, वगैरह-वगैरह। असल में मेरे पास पैसे आने का कोई एसएमएस नहीं आया था। अगले दिन उनका फिर फोन आया। मैंने कहा बस मुझे एक घंटे का समय दीजिए। देखिए कम से कम ओटीपी के बहाने आपसे बात हुई थी जो इस वक्त काम आ गयी, वरना आप परेशानी में पड़ जाते। वह बोले मुझे बच्चे की फीस जमा करानी है। मैं तुरंत बैंक गया, बैंक मेरी कालोनी के बाहर ही है। पता लगा कि पांच हजार रुपये आए हैं। मैंने उस व्यक्ति से कोई दूसरा नंबर मांगा जिस पर पैसे ट्रांसफर किए जा सकते हों। पहले दस रुपये भेजकर ताकीद की फिर शेष राशि उन्हें लौटा दी।
इस कहानी में मैंने कोई महान कार्य नहीं किया। या विस्तार से यह बताने का यह भी ध्येय नहीं कि मैं अपना गुणगान कर रहा हूं। असल में कई बार इस तरह के मसले सामने आएं तो हमें माधुर्य से बात कर लेनी चाहिए। वैसे फ्रॉड भी खूब होते हैं, चलिए यह किस्सा था मजेदार। इसलिए शेयर कर दिया।

Wednesday, April 5, 2023

धवल की नयी किताबें और ईजा की याद

 केवल तिवारी 

स्कूली सफर, किताबों की दुनिया, सपनों का 

धवल संसार 

भावना का उमड़-घुमड़, थोड़ी चपलता, ढेर सारा प्यार। 

क्लास बदली, डगर बढ़े, सपनों का ऊंचा हुआ आकाश 

कुछ यादें आईं, कुछ बातें बनाईं जीवन पथ का सारांश।   

नयी किताबों में मशगूल धवल

नयी किताबों संग कक्षा आठ में धवल

अपनी मम्मी के साथ जिल्द चढ़ाने में व्यस्त


हर साल मार्च के अंत में बच्चों की नयी किताबें आती हैं। नोट बुक्स खरीदे जाते हैं। इस बार भी मार्च आया। इस बार ऐसा मार्च धवल का ही रहा। कार्तिक तो हॉस्टल में है और पिछले दो सालों से उसकी पढ़ाई की डगर अलग है, कॉपी किताबों का वह खुद ही खेवनहार है (@IIT ROPAR)। खैर पहले धवल का रिजल्ट आया फिर किताबें। हर बार की तरह इस बार भी मुझे ईजा की याद आई। यूं तो मेरे जीवन में भी ऐसे अवसर कम से कम 12 बार तो आए ही होंगे। यानी पहली से 12वीं कक्षा तक, लेकिन मुझे याद आता है चौथी क्लास का ही वह मंजर जब ईजा करीब 10 किलोमीटर पहाड़ी चढ़ाई पार कर किसी के घर गयीं। उनसे सेकेंड हैंड किताबें देने की अनुनय विनय की। यह भी कहा कि आधी कीमत दे देंगे, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। ईजा को खाली हाथ देखकर मैं उदास हो गया। हमारी मां बहुत गंभीर थी। भावनाओं का उमड़-घुमड़ उसके मन में खूब था, लेकिन बाहर से सख्त लगती थी। शायद हालात ने ऐसा बना दिया होगा। रोते हुए मैंने उसे बहुत कम देखा। कभी-कभी देखा भी तो चुपचाप सिसकते हुए। खैर मेरी हालत देखकर उसने ढांढस बंधाया और अगले दिन फिर उसी व्यक्ति के घर गयी। इस बार वह व्यक्ति पसीज गए और उन्होंने किताबें दे दी। मुझे शौक था कि जैसे ही किताब आएगी मैं वह कविता पढूंगा जिसके शब्द थे, ‘उठो लाल अब आंखें खोलो, पानी लाई हूं मुंह धो लो।’ बच्चों को यह किस्सा कई बार सुना चुका हूं, लेकिन मेरे मन में इस किस्से की याद है। 

किस्से अपने-अपने 

जब मैं यह बात बच्चों को बताता हूं तो पत्नी भावना भी कहती है कि उनके लिए कंट्रोल से थोक में कॉपियां आती थीं। वे लोग भी जिल्द चढ़ाने में एक उत्सव जैसे माहौल को जीते थे। धवल ने इस बार भी कुछ सवाल अपनी मां से पूछे। एक दिन बातों बातों में बच्चों ने पूछ ही लिया कि बचपन की बातें बताओ, इसकी चर्चा अगले किसी ब्लॉग में फिलहाल कुछ शेर ओ शायरी के जरिये इन्हीं भावनाओं की बातें पेश हैं- 

मां के संबंध में :  

आप के बा'द हर घड़ी हम ने, आप के साथ ही गुज़ारी है  

 

सब की यादों को लेकर-  

यादों की बौछारों से जब पलकें भीगने लगती हैं, सोंधी सोंधी लगती है तब माज़ी की रुस्वाई भी। 

इतनी सारी यादों के होते भी जब दिल में, वीरानी होती है तो हैरानी होती है।  

Wednesday, March 29, 2023

भाजपा, बसपा, और सपा तो फिर आपा क्यों नहीं

 केवल तिवारी

पिछले दिनों एक यात्रा के दौरान एक सज्जन ने राजनीतिक बहस छेड़ दी। हालांकि राजनीति पर बहस मुझे ज्यादा सुहाती नहीं, सिवा किसी खबर के संबंध में चर्चा के। लेकिन वह व्यक्ति कई लोगों से मुखातिब था, उनमें से मैं भी एक था। रोचक यह था कि उसकी चर्चा किसी की जीत हार को लेकर नहीं थी या पक्ष-विपक्ष पर भी नहीं। उसकी चर्चा थी आम आदमी पार्टी (आप) के नाम को लेकर। वह बोले, 'आप अखबार वाले (इशारा मेरी ओर था) जब भारतीय जनता पार्टी को भाजपा, बहुजन समाज पार्टी को बसपा और समाजवादी पार्टी को सपा लिखते हैं तो आम आदमी पार्टी को आप क्यों लिखते हैं, आपा क्यों नहीं।' मुझे उसकी बात में कुछ दम तो लगा, फिर मैंने कहा कि कई वरिष्ठ नेता भाजपा को भी कभी-कभी भाजप कह देते हैं। वह इस तर्क को नहीं माने, बोले कहने और लिखने की बात हो रही है। तभी कुछ लोग आम आदमी पार्टी को आप ही रहने देने के पक्ष में दिखे। बोले, 'अब जब आप नाम ही चलन में आ गया है तो उस पर बहस की कोई गुंजाइश नहीं रहनी चाहिए।' बहस इस कदर बढ़ी कि लोग शहरों, सड़कों के नामकरण की बातों पर बोलने लगे। कुछ का कहना था कि क्या जरूरत है नाम बदलने की, कुछ बोले- अगर कोई सड़क, शहर या रेलवे स्टेशन विदेशी आक्रमणकारियों के नाम पर है तो उसमें बदलाव में हर्ज ही क्या? बहस बढ़ते-बढ़ते जोर-जोर से चिल्लाने तक में भी बढ़ गयी। तभी मैं बोला, मुद्दा भटक गया है। राजनीतिक दल के नाम पर आइये। इसी दौरान मेरे उतरने का वक्त आ गया। उतरते-उतरते एक सज्जन मुस्कुराते हुए बोले, अब आप क्या लिखेंगे। मैं बोला आप बहस पूरी कर लो, फिर देखते हैं। वैसे आप लोग क्या कहते हैं। भाजपा, बसपा, सपा की तरह आपा या आप?

Thursday, March 23, 2023

क्या कुछ लोगों की खुराक ही नकारात्मकता होती है

केवल तिवारी

अनेक वोटिवेशनल कार्यक्रम इन दिनों आयोजित होते हैं। लोगों से सकारात्मक रहने को कहा जाता है। Be positive तो न जाने कितने समय से लोगों से कहा जाता है। लेकिन तमाम बातों को सुनने के बाद भी कई लोग होते हैं कि अपनी सोच को बदल ही नहीं पाते हैं। लगता है मानो नकारात्मकता तो जैसे उनकी खुराक है। आज व्हाट्सएप पर रोज एक से बढ़कर एक ज्ञान की बातें आपको सुनने, पढ़ने और देखने को मिल जाएंगी। कभी कोई इस विषय पर ज्ञान देता दिख जाता है तो कभी कोई उस विषय पर। हद तो तब हो जाती है जब पलभर पहले कुछ और कहने वाला, तुरंत ही कुछ और कह देता है, सोशल मीडिया के मंच पर। असल में लगता है सारा खेल कट पेस्ट का है या फॉरवर्ड का है। ये फारवर्डिंग और कट पेस्ट के कारण भेजने वाले को ही नहीं पता होता है कि उसने कितनी गूढ़ बात कह डाली है। उधर, नकारात्मक रहने वालों को आप हमेशा 'निंदा रस' का आनंद लेते हुए देख सकते हैं। कभी किसी की निंदा। कभी सामने वाला श्रोता और जो मौजूद नहीं है उसकी निंदा और कभी वही जो पहले किसी की बुराई सुन चुका है। हां नकारात्मकता की खुराक से ही पलने-पुसने वाले इतना ध्यान जरूर रखते हैं कि उनका किरदार सटीक हो। यानी आज मिस्टर ए की बुराई की है तो ध्यान रहता है कि मिस्टर ए सामने तो नहीं है। कभी-कभी बेहद करीबियों की बुराई। ऐसे लोग मान लेते हैं कि उन्होंने गलती ही निकालनी है या कुछ कमियों पर ही बात करनी है। तो क्या सकारात्मकता का इन पर असर पड़ता होगा? कभी-कभी बदलता व्यवहार देखकर लगता है, हां शायद प्रभाव पड़ा है, लेकिन फिर वही ढाक के तीन पात। इसलिए कोशिश तो यही रहनी चाहिए कि निंदात्मकता को यथासंभव कम किया जाये। आदतों को बदला जाये। क्योंकि कबीरदास जी ने सही कहा है-
बुरा जो देखन मैं चला, बुरा न मिलिया कोय। जो दिल खोजों आपना, मुझसा बुरा न होय।

Monday, March 13, 2023

नाटु-नाटु की लय हो, भारतीय गीत-संगीत की जय हो

केवल तिवारी

भारतीय फिल्म जगत आज कह रहा है 'नाचो नाचो' क्योंकि हमारे गीत संगीत के साथ विश्व ने भी सुर ताल मिलाया है और कहा है,  'जय हो।' ऑस्कर में जय तो पहले ही हो चुकी है। इस बार मूल गीत के लिए 'नाटु-नाटु' का चयन हुआ तो भारतीय फिल्म उद्योग और इसके कद्रदान झूम उठे,  क्योंकि इस गीत के बोल का मतलब भी तो नाचो नाचो ही है। गौर हो कि इससे पहले 'अमेरिकी ब्रिटिश प्रोडक्शन' की फिल्म स्लमडॉग मिलियनेयर के 'जय हो' गीत को ऑस्कर मिल चुका है। इसे संगीतबद्ध किया था, एआर रहमान ने। अब निर्देशक एसएस राजामौली की फिल्म ‘आरआरआर' के इस गीत ‘नाटु नाटु' को मिल गया ऑस्कर। इसके संगीतकार एमएम कीरावानी हैं और गीतकार चंद्रबोस। इसे आवाज काल भैरव और राहुल सिप्लीगुंज ने दी है। यह गीत अभिनेता राम चरण और जूनियर एनटीआर पर फिल्माया गया है। जितना धमाकेदार गीत-संगीत, उतना ही जोरदार नृत्य। इस सम्मान से पहले ही यह गीत बुलंदियों को छू चुका था। पुरस्कार की घोषणा से पहले ‘नाटु नाटु' के गायक काल भैरव और राहुल सिप्लीगुंज ने जोरदार प्रस्तुति दी। सोने पर सुहागा यह रहा कि समारोह में भारतीय गायकों की प्रस्तुति की घोषणा बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण ने की।

खूब भाया है औपनिवेशिक कथानक 

कमाल देखिए, आमिर खान की फिल्म लगान भी ऑस्कर के शिखर तक पहुंचते-पहुंचते रह गई थी‌। उसका कथानक ब्रिटिश कालीन था और नाटु-नाटु गीत की पृष्ठभूमि भी वैसी ही है। यानी औपनिवेशिक कालीन भारत के समय की कहानी। दो दोस्त इस गीत को गाकर अंग्रेजों का दंभ तोड़ते हैं।

भाषायी विवादों से परे हैं लोकधुन

गीत का कथानक या कहानी की पृष्ठभूमि चाहे कुछ भी हो, लेकिन भारत की खूबसूरत विविधता का ही प्रतिफल है कि यहां लोकधुन छा ही जाते हैं। बात चाहे 'बुल्ला की जाणा मैं कौन', की हो या 'सुंदर-मुंदरिये हो' लोकगीत की। 'बूमरो बूमरो, शाम रंग बूमरो' हो या 'निबुड़ा निबुड़ा' गीत। 'टोकरी पीतल की ढाणी तै मंगवाई' हो या फिर वह प्रयोग जिसने तमाम रिकॉर्ड तोड़ दिए थे और जिसके बोल थे 'व्हाई दिस कोलावेरी डी।' आज 'नाटु-नाटु' प्रयोग भी तो सबके सिर चढ़कर बोल रहा है, मानो कह रहा हो, 'सारे विवादों से परे होकर, नाचो-नाचो।'

Thursday, February 9, 2023

छोटी सी मुलाकात में सार्थक बात

 केवल तिवारी 

पढ़ाई के साथ-साथ अन्य करिकुलम एक्टिविटी दरअसल बच्चों को मशीन बनाना नहीं, यह तो आज के समय में बहुत जरूरी है ताकि बच्चा आगे चलकर बहुमुखी प्रतिभा का धनी बने। अजीब स्थिति यह है कि आज सबकुछ कंप्यूटर हो गया है। अब बहुत जल्दी दौर फाइनांस का आएगा। चिंताजनक बात तो आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) को लेकर है। इस तरह के विचार पिछले दिनों लिंग्याज यूनवर्सिटी, फरीदाबाद के कुलपति एमपी गुप्ता जी ने अनौपचारिक मुलाकात में रखे। गुप्ता साहब से घर-परिवार से लेकर और भी कई बातें हुईं।  

M P Gupta ji

दरअसल एमपी गुप्ता जी का जिक्र कई बार हमारे पड़ोस में रहने वाले राजीव जी कर चुके थे। राजीव जी अपने समय के अव्वल इंजीनियरिंग के बाद विभिन्न विभागों में रहते हुए इस वक्त एक स्कूल के सह संचालक हैं। इसके साथ ही वह हमारे काउंसलर हैं। बच्चों को लेकर उनसे चर्चा होती रहती है और बड़े बेटे के बारे में उनका अनुमान सटीक बैठा। रविवार, 5 फरवरी 2023 को आखिरकार गुप्ताजी के मनसा देवी कांप्लेक्स स्थित आवास पर जाने का कार्यक्रम बन ही गया। हम लोग करीब साढ़े दस बजे गुप्ता जी के घर पहुंच गए। वह आंगन में बैठकर धूप का आनंद ले रहे थे। मेरे मन में थोड़ी हिचक थी कि आखिर मैं बातें क्या करूंगा। वह तो अपने समय के टॉप इंजीनियर रहे हैं। कई संस्थानों के प्रमुख रहे हैं। राजीव जी भी उनके ही फील्ड के हैं। लेकिन जब बात घर-परिवार से शुरू हुई और उनकी पोती के पुस्तक प्रेम से जुड़ते हुए आधुनिक शिक्षा प्रणाली तक पहुंची तो आनंद आया। मैंने जब पूछा कि सर बच्चों पर एक्स्ट्रा करिकुलम का जो बोझ है, वह बच्चों को मशीन सरीखा नहीं बना रहा, वह बेबाकी से बोले, ‘बिल्कुल नहीं। इससे तो उनका चहुंमुखी विस्तार हो रहा है।’ फिर उन्होंने मेरे ही फील्ड यानी पत्रकारिता की चर्चा की। उन्होंने कहा देखिए जैसे कोई संपादक हैं, उनकी नियुक्ति का बड़ा आधार यह भी होगा कि वह वित्तीय जानकारी रखते हों, विज्ञापन से संबंधित जानकारी रखते हों। खबरों और लेखों से संबंधित उनकी विशेषज्ञता तो सबसे महत्वपूर्ण है ही। इसी तरह आज बच्चे बीटेक के बाद एमबीए भी कर रहे हैं। इसका भी यही आधार है कि अपने फील्ड के साथ-साथ वे प्रबंधन के भी गुर जानें। इस दौरान अन्य बातें भी होती रहीं। चाय-बिस्किट का दौर भी चला। 

राजीव जी का सौजन्य। गुप्ता साहब के साथ तस्वीर का मोह मैं भी नहीं छोड़ पाया।

बातों-बातों में उन्होंने कहा कि इस वक्त सबकुछ सिमटकर कंप्यूटर पर आ गया है। साथ ही यह भी कि पहले इंजीनियरिंग, डॉक्टरी पेशा ही प्रमुख था, बाद में इसमें सीए भी जुड़ा। आज तो विस्तार बहुत है। लेकिन जल्दी ही सारा जोर फाइनांस पर होगा। आने वाला समय कंप्यूटर के साथ-साथ वित्तीय प्रबंधन का है।  

अब शिक्षा व्यवस्था नैरो से ब्रॉड 

अपनी बात कि पहले इंजीनियरिंग, डॉक्टरी प्रमुख पेशेवर कोर्स थे। इसके बाद सीए इसमें जुड़ा को आगे बढ़ाते हुए गुप्ताजी ने कहा पहले उच्च शिक्षा तक पहुंचते-पहुंचते शिक्षण क्रम बहुत संकरा हो जाता था। आज संकरे ब्रॉड हो रहा है। आप जैसे-जैसे शिक्षण में रुचि दिखाते हैं आपको विस्तार पथ दिखता रहता है।  

संपादक जी से फोन पर बात 

हम लोग यानी मैं राजीव जी और गुप्ता जी बातें कर ही रहे थे, दैनिक ट्रिब्यून का जिक्र हुआ। एमपी गुप्ता साहब ने कहा कि आपके यहां एक संपादक हुआ करते थे, उन्होंने एक बार मेरे साथ मंच साझा किया था। उस वक्त गुप्ता जी हरियाणा टेक्निकल एजुकेशन के डाइरेक्टर थे। जब बात और समय को याद किया गया तो मैंने गर्व से कहा कि वही व्यक्ति पुन: संपादक बनकर दैनिक ट्रिब्यून में आए हैं। साथ ही यह भी बताया कि उन्होंने अखबार में नयी जान फूंकी है। उन्होंने बात करने की इच्छा जताई। मैंने दैनिक ट्रिब्यून के संपादक नरेश कौशल जी को फोन लगाया। फिर दोनों ने कुछ देर बातें की और पुरानी यादों को शेयर किया।  

धन्यवाद राजीव जी 



मुलाकात बेशक छोटी सी रही हो, लेकिन रही बहुत सार्थक। इस सार्थकता के लिए राजीव जी आपका धन्यवाद। यूं तो आपको बहुत सारे धन्यवाद हैं। आगे भी जारी रहेंगे। इस खास मुलाकात के लिए विशेष धन्यवाद। जारी रहे सफर। 

Sunday, February 5, 2023

चलो कि अब नयी पारी करनी है शुरू… जीजाजी की सेवानिवृत्ति और कि सबकुछ लागे नया-नया

 केवल तिवारी

वो ऑफिस का कारवां, वो कारवां से हटना 

वो हंसते-हंसते मिलते हुए मिलने की बातें करना 

वो अपनापन, वो प्यारी बातें और कुछ पकड़ना, कुछ छूटना 

वो घर पहुंचने का सिलसिला और घर पर ही रुकना 

ये जीवन की परियां हैं, इन्हें यूं ही खेलते रहना 

चलते-चलते फिर यूं ही बनेगा एक नया कारवां। 

सेवानिवृत्ति नहीं सम्मान समारोह। स्मृति चिन्ह संग जीजाजी।


तारीख : 31 जनवरी, 2023। स्थान : लखनऊ। मुख्य कार्यक्रम : जीजा जी (पूरन चंद्र जोशी) की सरकारी सेवा से सेवानिवृत्ति। 30 जनवरी की रात ट्रेन में बैठा और लखनऊ के लिए निकल पड़ा। बार-बार दुआ कर रहा था कि ट्रेन लेट न हो। ट्रेन की देरी को लेकर कभी दुआएं कबूल हो जाती हैं और कभी नहीं होती। कभी लगता है दूसरी तरफ के उत्साह का भी असर पड़ता है। खैर जो भी हो, ट्रेन ज्यादा लेट नहीं हुई। शीला दीदी और भानजे- सौरभ, गौरव कुणाल एवं जीजाजी के दीदी-जीजाजी इंतजार कर रहे थे। घर में सुंरदरकांड का पाठ रखा था। घर पर सुंदरकांड करीब 12:30 बजे तक चला। इस बीच तेलीबाग से भाई साहब एवं भाभीजी (भुवन चंद्र तिवारी एवं राधा तिवारी) भी पहुंच गए। मिलजुलकर आरती की और फटाफट जीजाजी के साथ निकल गया केसरबाग स्थित राजस्व परिषद यानी बोर्ड ऑफ रेवेन्यू के दफ्तर के लिए। सबसे पहले सेक्शन 10 गया। इस सेक्शन से मेरा भी पुराना नाता है। बेशक अब कार्यालय नये रंग-रूप में आ चुका था, लेकिन स्थान तो वही होता है। उस परिसर को देखकर और सुबह चारबाग से मुंशी पुलिया तक के सफर में कुछ यादों में खो सा गया। कभी यूनिवर्सिटी को देखकर कुछ याद आया और अब राजस्व परिषद के इस प्रांगण को देखकर बहुत कुछ याद आया। ऑफिस में पहुंचकर कुछ देर बातें हुईं और जीजाजी के साथ अनेक सेक्शनों में उनके वरिष्ठों, कनिष्ठों, साथियों से मिलने का सिलसिला चला। इसके बाद हुई सेक्शन में सम्मानित करने के कार्यक्रम की शुरुआत। बातें हुईं। दो मिनट मुझे भी मौका मिला। मैंने बस यही कहा, ‘सरकारी सेवा से निवृत्ति एक प्रक्रिया है, लेकिन कभी भी संबंधों से निवृत्ति नहीं होनी चाहिए।’ 





जीजाजी इस दौरान नये सूट में अलग ही अंदाज में लग रहे थे। मैंने मजाक में कहा कि जीजाजी को बोर्ड ऑफ रेवेन्यू ने भरी जवानी में रिटायर्ड कर दिया। बेशक रिटायरमेंट का समय पुराना होता है। यानी पुरानी होती जॉब में नयेपन की शुरुआत। लेकिन करीब सात लोगों की रिटायरमेंट का यह वक्त मानो कह रहा हो, ‘कि सब कुछ लागे नया-नया।’ 

मिथिलेश जी का साथ और बातों से निकली बात 

मिथिलेश जी

जीजाजी के साथ जब केसरबाग स्थित उनके दफ्तर जा रहा था तो वह बोले, मेरे बॉस मिथिलेश जी बहुत अच्छे इंसान हैं। मैँ समझा कि जीजाजी खुद इतने नेकदिल हैं और इन्हें सभी अच्छे लगते हैं। वह कई बातें बताते रहे, लेकिन मैंने कोई ज्यादा रुचि नहीं दिखाई। फिर दफ्तर में पहुंचने के बाद उन्होंने अपने सभी साथियों से मुलाकात कराई साथ ही मिलाया मिथिलेश जी से। दो-चार वाक्यों के आदान-प्रदान के बाद ही सचमुच लगा, मिथिलेश जी तो मिथलेश जी ही हैं। पहले वह बोले, जोशी जी के जाने के बाद दिक्कतें तो आएंगी ही। फिर हम अन्य बातों पर भी चर्चा करने लगे। कुछ ही देर की बातों से मुझे लगा कि ये भावुक हैं। भावुकता के साथ-साथ कवि हृदय व्यक्ति हैं। मेरा विचार सही निकला। वह तो गुनगुनाकर बहुत अच्छा बोलते हैं। उन्होंने पूरी एक कविता की रचना कर रखी है। जिसे आप यहां साझा की जा रही वीडियो क्लिप में सुन सकते हैं। इसके बाद शाम होने तक वह साथ रहे। यही नहीं, घर पर भी छोड़ने आए। घर पहुंचकर कुछ देर और साथ रहे। मैंने उनसे कहा कि अपने अनुभव लिखकर भेजूंगा। मिथलेश जी सचमुच आपसे मिलकर अच्छा लगा। जब भी लखनऊ आना होगा, आपसे मुलाकात करूंगा। आपका चंडीगढ़ में स्वागत है। आप आंखों की किसी समस्या से जूझ रहें, दुआ है कि जल्दी ठीक हो जायें। कुछ कविताएं मेरे ब्लॉग या यूट्यूब चैनल के लिए लिखना चाहें या पढ़ना चाहें तो स्वागत है। आपको यूट्यूब लिंक अलग से साझा कर दूंगा। विस्तार से ज्यादा कुछ नहीं लिख पाऊंगा। बस यही कहूंगा, ‘रहिमन हीरा कब कहे, लाख टका मेरा मोल।’ आप हीरा हैं।  


कैसे भूल सकता हूं भानजों की वह संगत 

सौरभ, गौरव और कुणाल। तुम तीनों के लिए यही कहूंगा, भगवान तुम लोगों को स्वस्थ रखे। तीनों में प्रेम बना रहे और मामा के लिए यह प्यार हमेशा बना रहे। सुबह उठकर अपने से बड़ों के पैर छूना, तीनों भाईयों का आपस में मशविरा करना, दिल को भा गया। मां की चिंता करना भी गजब था। गौरव की फक्कड़ी भी पसंद आई, लेकिन…। भूतनाथ मंदिर में गौरव का यह कहना कि अरे मामा आप खाइये, बिल आप क्यों देंगे। वह कचौड़ी का स्वाद अब भी मुंह में है। कुणाल का वीडियो कॉल के जरिये मामी को भूतनाथ मंदिर के दर्शन कराना। सौरभ से कई बातें करना, कुछ स्वाद लेना। क्या-क्या कहूं। दो लाइनों में कोशिश करता हूं बातों को समेटने की- 

मेरे दिल में समाये हो, हर दिल अजीज हो। मेरे भानजो तुम्हें नहीं मालूम तुम चीज क्या हो। 

कितनों से मिलना और कितनों को याद करना 

सेवानिवृत्ति के मौके पर शाम को आयोजित प्रीतिभोज में अनेक लोग मिले। कुछ नये लोगों से मुलाकात हुई। कुछ ऐसे बच्चों से भी जो बड़े हो गए हैं। इस दौरान जीजाजी का मेरा परिचय बेटे कुक्कू के साथ जोड़कर कराना बहुत अच्छा लगा। कुछ लोगों की कमी भी खली। लेकिन सबकी अपनी-अपनी समस्याएं हैं। रुद्रपुर से आए जीजाजी के दीदी-जीजाजी के साथ बातचीत भी सहेजने लायक है। लब्बोलुआब यही है कि कार्यक्रम बहुत अच्छा रहा। अंत में यही कहूंगा- 

ना कोई राह आसान चाहिए, ना ही हमें कोई पहचान चाहिए, 

एक ही चीज मांगते है रोज भगवान से, अपनों के चेहरे पर हर पल प्यारी से मुस्कान चाहिए…