Sunday, May 26, 2024
आकाशवाणी के विविध आयामों की तरह बहुमुखी प्रतिभा के धनी मनोहर सिंह रावत
Thursday, May 16, 2024
आइसर भोपाल में धवल, परिवार का मिलन ‘नवल'
केवल तिवारी
ये जीवन, ये नव्यता, ये घर और ये परिवार
ये सफर, ये दुश्वारियां और अपना घरबार
चल पड़े थे सफर पर, ट्रैक पर थे अवरोध
धवल के आईसर सफर पर दिखा जीवन का शोध।
जो ठान लो कुछ तो
पिछले दिनों छोटे बेटे धवल को अपने स्कूल द ट्रिब्यून स्कूल (The Tribune School) की ओर से भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान यानी Indian Institute of Science Education and Research (IISER, Bhopal यानी आईसर भोपाल) में एक कार्यक्रम में जाने का मौका मिला। असल में करीब एक माह पहले स्कूल से इस संबंध में सूचना मिली और कहा गया कि यदि इच्छुक हैं तो ऑनलाइन फॉर्म भर दें। पहले मन में कुछ किंतु-परंतु उठे, लेकिन जब धवल ने इच्छा जाहिर की तो मैंने तुरंत हामी भर दी। भोपाल पहुंचकर धवल को बहुत कुछ नया सीखने को मिला, जीवन की आपाधापी की पहचान हुई और हम दोनों ने परिवार में मिलन का ‘नवल’ अनुभव भी किया। विस्तार से बिंदुवार पूरा वृतांत सामने रखता हूं।
महान है भारतीय रेलवे और महान हैं ट्रेन ट्रैक पर बैठने वाले आंदोलनकारी
जब भोपाल जाने का मन बना लिया तो सबसे पहले रिजर्वेशन कराना जरूरी था क्योंकि तत्काल में भी मिलना मुश्किल हो जाता है। सीटें फुल दिखाने का जो रेलवे का खेल है, वह भी इस दौरान समझ में आया। आईसर में सेमिनार 6 मई से था, मुझे पांच को पहुंचना था। मैंने अंबाला से भोपाल की ट्रेन में धवल के साथ रिजर्वेशन कराया। वापसी का दिल्ली तक सेकेंड सिटिंग में कराया। भोपाल जाने से एक दिन पहले रेलवे का मैसेज आया कि ट्रेन नाभा से लेकर दिल्ली के सब्जीमंडी तक के स्टेशनों पर नहीं जाएगी। पहले तो मैसेज का मतलब समझ में नहीं आया। ऑफिस में मित्र नरेंद्र, जतिंदरजीत एवं सूरज से चर्चा की। उन्होंने बताया कि यह ट्रेन या तो दिल्ली से पकड़नी पड़ेगी या फिर टिकट कैंसल कराना पड़ेगा। टिकट कैंसल का मतलब पूरा पैसा कटना। 139 पर कोई संतोषजनक जवाब नहीं। गूगल पर रेलवे का पुराना रूट ही दिख रहा था। बेशक रेलवे ने ट्रेन डायवर्जन का कारण नहीं बताया, लेकिन मैं समझ रहा था कि पटियाला के पास राजपुरा में ट्रेन ट्रैक पर कुछ आंदोलनकारी बैठे हैं। मैं समझ नहीं पाया कि करूं क्या? कुछ ने बताया कि संबंधित स्टेशन पर अगर सीट नहीं ली गयी तो टीटीई उसे कैंसल कर किसी और को दे देते हैं। फाइनली वसुंधरा में रावत जी से बात की उन्होंने कहा कि अगर टिकट ऑनलाइन बुक किया है तो वहीं लॉगइन कर बोर्डिंग फ्रॉम न्यू डेल्ही यानी नयी दिल्ली से बैठने का ऑप्शन क्लिक कर दें। गनीमत है कुछ दिक्कतों के बाद यह हो गया। मैं और धवल अगली शाम सात बजे दिल्ली पहुंच गये थे। ट्रेन का समय था रात 8:40 बजे, लेकिन यह आई रात एक बजे। धवल इंतजार में तब तक बेहाल हो चुका था। संबंधित वीडियो साझा कर रहा हूं। खैर किसी तरह धवल को आईसर भोपाल पहुंचाया। वापसी में भी ट्रेन पांच घंटे विलंब से आई और पूरे रास्ते लोगों से यही अपील करता रहा कि यह रिजर्वेशन डिब्बा है, लेकिन कुछ लोग लड़ने पर उतारू थे, पर मानने को राजी नहीं हुए। इसी तरह एक हफ्ते बाद मेरा और धवल का टिकट था। एक महीने पूर्व जब टिकट कराया था तो 14 वेटिंग था। जिस दिन आना था तीन घंटे पहले पता चला कि रिजर्वेशन कनफर्म नहीं हुआ। मैं परेशान हो गया। अकेला होता तो जनरल में भी आने की हिम्मत कर लेता, लेकिन बच्चा साथ था। एक दिन बाद से उसकी परीक्षाएं थीं। नवल जी बोले कि तत्काल में देखते हैं। दिल्ली तक की कई ट्रेन देखीं, तत्काल भी वेटिंग। फिर नवल जी ने बताया कि एक प्रीमियम तत्काल भी होता है। मैंने अनुरोध किया कि कृपया तुरंत देखें। एक ट्रेन में मिला। थर्ड एसी का तीन हजार रुपया किराया दिखाया। मैंने कहा कर दीजिए। वे बोले, एक-दो ट्रेन और देख लेते हैं। जब नहीं मिली तो वापस उसी ट्रेन पर आए, पता चला कि इस बीच वह टिकट 3300 के करीब का हो चुका है। मरता क्या न करता। साढ़े छह हजार के दो टिकट लिए और किसी तरह दिल्ली पहुंचे और वहां से बस पकड़कर चंडीगढ़। जै हो रेलवे की और जै हो ट्रैक पर बैठने वालों की। सफर के दौरान सेहत संबंधी कुछ परेशानियां भी आईं, लेकिन अंतत: सब ठीक हो गया। इस दौरान कुछ देर भतीजी कन्नू और दीदीयों- प्रेमा दीदी एवं शीला दीदी से बातचीत से भी थोड़ा सुकून मिला।
… पर धवल को आईसर का कार्यक्रम बहुत भाया और फिर हम दोनों का परिवार का ‘नवल’ मिलन
तमाम दुश्वारियों के बावजूद धवल जब आईसर भोपाल पहुंचा तो इसे उसका कैंपस बहुत भाया। हॉस्टल रूम और साथी भी अच्छा था। उसने तुरंत वीडियो कॉल के जरिये अपनी मम्मी और भाई को यह बात बताई। उसे छोड़कर मैं दिल्ली आ गया। वह अक्सर वैज्ञानिक प्रयोगों की वीडियो और फोटो भेजता। भोजन मैन्यू के बारे में बताता। कई नयी चीजों का भी उसने अनुभव लिया और हॉस्टल लाइफ को भी समझा। उसे आनंदित देखकर लगा कि इस जानकारीपरक जीवन के आगे परेशानियां गौण हैं। मैं तो दिल्ली आ चुका था, लेकिन इस बीच डॉ. नवल लोहानी जी उससे लगातार बातचीत करते रहे। बता दूं कि नवल जी मेरी पत्नी भावना की बुआ के बेटे हैं। भोपाल में ये तीन भाई रहते हैं। कमल जी, नवल जी और दीपक जी। कमल जी से मेरा ज्यादा परिचय नहीं है, लेकिन नवल जी और दीपक जी से अनेक बार मिलना हुआ है। नवल जी बेहद विनम्र, शांत और अपनापन बनाए रखने वाले व्यक्ति हैं। दीपक जी लिखने-पढ़ने के शौकीन हैं। उनके साथ कुछ साहित्यिक चर्चाएं भी हो जाती हैं। वापसी वाले दिन मैं पहले नवल जी के यहां पहुंचा। फिर उन्हीं की कार में आईसर गया। हमारे साथ उनका बेटा वरद भी था। नन्हा वरद हंसमुख और चंचल स्वभाव का है। बच्चों के साथ बातें करने में जो आनंद आता है वह वरद के साथ आया। वरद का पड़ोसी दोस्त कनिष्क से भी खूब बातें हुईं। धवल को लेकर आए। इससे पहले फोन पर हुई बातचीत के आधार पर धवल की प्रतिक्रिया आई थी, ‘नवल मामा तो कितना प्यारा बोलते हैं।’ वरद की मम्मी, मौसी, नानी और पड़नानी से मुलाकात हुई। सब लोग बेहद हंसमुख। दीपक जी के परिवार से भी अच्छी बातचीत हुई और इन लोगों से बातों-बातों में बुआजी की भी खूब याद आई। बुआ कुमाऊंनी और हिंदी को मिक्स कर बोलती थीं। मेरी माताजी के साथ भी उनकी अच्छी बातचीत थी। कोविड के दौरान वह इस दुनिया से चल बसीं। वह अक्सर मेरी पत्नी भावना से कहती थीं कि भोपाल घूमने आओ। एक बार तो उनहोंने गुस्से में कह दिया जब मैं मर जाऊंगी तब आना। उनकी यादें शेष हैं। खैर… इस दौरान पूरे परिवार के बीच बातचीत। परिवार के लोगों के बारे में बातचीत और दीपक जी के बच्चों से बात करना अच्छा लगा। कुछ फोटो यहां साझा कर रहा हूं।
Friday, May 3, 2024
मां विंध्यांचल देवी : यहां होते हैं संपूर्ण विग्रह के दर्शन
साभार: dainiktribuneonline com
केवल तिवारी
पहले पवित्र गंगा नदी में स्नान। फिर चारों ओर का विहंगम दृश्य। पैदल पथपर भक्ति में लीन पंक्तिबद्ध श्रद्धालु। ऐसा ही भक्तिमय दृश्य आपको नजर आएगा जब आप मां विंध्याचल देवी के दर्शन के लिए जाएंगे। इस स्थान को प्रमुख शक्ति पीठ का दर्जा मिला है। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में स्थित विंध्याचल देवी मंदिर की महिमा अपार है। आसपास अन्य मंदिर जैसे अष्टभुजा देवी का मंदिर, कालीखोह मंदिर और सीताकुंड भी हैं। मान्यता यह भी है कि विंध्याचल देवी जिसे मां विंध्यवासिनी भी कहा जाता है, एक ऐसी शक्तिपीठ है जिसका अस्तित्व सृष्टि आरंभ होने से पूर्व हुआ। विंध्य क्षेत्र को तपोभूमि भी कहा जाता है। प्राकृतिक सौंदर्य के बीच बसे इस मंदिर प्रांगण में श्रद्धालु सकारात्मक ऊर्जा से भर जाता है। इस देवी को त्रिकोण यंत्र पर विराजित माना जाता है। मान्यता है कि विंध्याचल निवासिनी यह देवी लोक कल्याण के लिए महालक्ष्मी, महाकाली तथा महासरस्वती का रूप धारण करती हैं।
विंध्याचल देवी का यह मंदिर उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल वाराणसी से करीब 90 किलोमीटर दूर है। मान्यता है कि देवी ने इस पर्वत पर रहकर मधु एवं कैटभ नामक राक्षसों का वध करने का लक्ष्य साधा। अक्सर पूजा-अर्चना विशेषतौर पर नवरात्र के दिनों में जिस दुर्गा सप्तशती का श्रद्धालु पाठ करते हैं, उसमें भी इस धार्मिक जगह का उल्लेख मिलता है। देवी को लेकर विभिन्न कथाओं में एक कथा यह भी है कि जब भगवान कृष्ण ने जन्म लिया था उसी वक्त यशोदा ने भी एक कन्या को जन्म दिया था जो देवी के रूप में थी। जब कंस ने उनको पत्थर से मारने की कोशिश की तो वह चमत्कारिक रूप से दुर्गा के रूप में बदल गई। इस तरह देवी ने विंध्याचल को अपना निवास स्थान बना लिया।
विंध्याचल देवी के इसी मंदिर में मां काली की मूर्ति स्थापित है, जिनकी पूजा मां काजला के रूप में की जाती है। मिर्जापुर मूल शहर से करीब दस किलोमीटर दूर इस मंदिर पर इन दिनों जीर्णोद्धार का काम चल रहा है। श्रद्धालुओं को भव्यता का अनुभव कराने के लिए जगह-जगह विशेष पत्थर से निर्मित खंभे लगाए जा रहे हैं। लाल पत्थर वाली छत के नीचे भक्त जयकारा लगाते हुए चलते हैं। हमारे विभिन्न देवी महात्म्य स्थलों में से विंध्यवासिनी ही एक ऐसा मंदिर है जहां देवी पूर्ण रूप में विराजमान हैं। यहां उल्लेखनीय है कि दक्ष प्रजापति के हवन कुंड में कूद गयीं देवी सती (पार्वती) को लेकर जब भगवान शिव ने ब्रह्मांड का चक्कर लगाना शुरू किया और भगवान विष्णु ने सुदर्शन चक्र चलाया, उसके बाद विभिन्न अंगों के गिरने से अलग-अलग देवी शक्तिपीठ स्थापित हुए जिसमें नैना देवी, सुनंदा, महामाया, त्रिपुरमालिनी, जयदुर्गा, दाक्षायणी, गंडकी, बहुला, भ्रामरी, कामाख्या, ललिता, जयंती, युगाद्या अथवा भूतधात्री, कालिका आदि हैं। इसी मंदिर में देवी पूर्णरूप में अर्थात यहां पूरे विग्रह के दर्शन होते हैं।
नवरात्र के दिनों में मां के विशेष शृंगार के लिए मंदिर के कपाट दिन में चार बार बंद किए जाते हैं। सामान्य दिनों में मंदिर के कपाट रात 12 बजे से सुबह 4 बजे तक बंद रहते हैं। दिन में भी कुछ देर के लिए कपाट बंद किए जाते हैं। जैसा कि सर्वमान्य है कि ईश्वर भाव का भूखा है, इसलिए मंदिर प्रांगण में जाना ही पुण्य का काम है। ऐसे परिसरों में घूम रहे उन तत्वों से सावधान रहना चाहिए जो दर्शन कराने या पूजा-अर्चना कराने के नाम पर ठगी करते हैं। इस तरह का कुछ विकृत रूप कभी-कबार यहां भी नजर आ जाता है। हालांकि जल्दी ही सबकुछ सुव्यवस्थित होने का दावा किया जा रहा है। प्रतिदिन इस मंदिर में हजारों श्रद्धालु माथा टेकते हैं और देवी मां का पूजन जय मां विंध्यवासिनी के उद्घोष के साथ करते इन दिनों जीर्णोद्धार कार्य त्वरित गति में हैं, इसमें परिक्रमा स्थल से लेकर संपूर्ण परिसर का नवीनीकरण शामिल है।
Tuesday, April 30, 2024
पुरानी पीढ़ी की जिम्मेदारी है युवाओं को संस्कृति और खान-पान से जोड़ना : लोक कलाकार लवराज
केवल तिवारी
Friday, April 26, 2024
पृथ्वी दिवस पर सार्थक बात, सार्थक प्रयास और सार्थक उम्मीद
केवल तिवारी
Wednesday, April 24, 2024
बिटिया के विवाहोत्सव पर रावत जी का मनोहर आयोजन
केवल तिवारी
ये अवसर, ये उत्सव... ये खुशबू माटी की। ये रस्मो-रिवाज और बातें परिपाटी की।
बिटिया का विवाह, कल्पनाओं पर पंख सपनों के। मिलना, खूब बातें करना अपनों से।
स्नेहिल अपनापन रावत जी का मनोहर अभिनंदन। सादगी में भव्यता का फैला नील गगन।
करीब दो दशक से एमएस रावत जी को जानता हूं। जैसा कि कहते हैं कि पहली ही मुलाकात में किसी के बारे में कोई धारणा नहीं बनानी चाहिए, ऐसा ही रावत जी के संबंध में मेरे अनुभव हैं। कुछ समझ-परख कर धारणा बनेगी तो स्थायी होगी और हकीकत के बिल्कुल करीब भी। शुरुआत में रावत जी को वैसा ही मानता था जैसा कई बार उत्तराखंड के लोगों के बारे में लोग बोल देते हैं। 'इंट्रोवर्ड।' धीरे-धीरे उन्हें जाना तो वह सरल, सहज और भावुकता से भरपूर सख्त व्यक्ति निकले। समाज, कौम, देश के प्रति जागरूक और ऐसे ही लोगों को पसंद करने वाले। मुलाकात के कुछ समय बाद एक दिन बोले, कल सुबह सात बजे तैयार रहना आपको आकाशवाणी ले चलना है। आकाशवाणी से मेरा बहुत पुराना नाता रहा है और आज भी है। बचपन में आकाशवाणी लखनऊ में भाई साहब ले जाया करते थे। हर रविवार बाल जगत कार्यक्रम में जाया करता था। दिल्ली आया तो यहां शुरुआत में जो हर संघर्षशील युवा करता है। कभी मनभावन कार्यक्रम कभी कुछ साक्षात्कार कार्यक्रम। धीरे धीरे प्रिंट पत्रकारिता में व्यस्त हुआ तो आकाशवाणी से सिलसिला हट गया। अब अचानक रावत जी ने फिर आकाशवाणी की याद दिलाई और चलने का आदेश दिया तो मैंने हां कर दी। सुबह रमा पांडे जी का फोन इन कार्यक्रम था। मुझे भी उनके साथ बिठा दिया और ताकीद की कि चुपचाप कार्यक्रम देखें और समझें। मैंने वैसा ही किया। कार्यक्रम के बाद रमा जी से काफी बातचीत हुई। एक हफ्ते बाद ही रावत जी ने बताया कि अगला फोन इन मैंने करना है। विषय और आगंतुक मेहमानों के बारे में बता दिया गया। फिर तो सिलसिला चल निकला। बता दूं कि उन दिनों मुफलिसी के दौर से गुज़र रहा थ। हिंदुस्तान अख़बार छोड़ने के एक दो साल बाद ही हालात खराब होने लगे थे। आकाशवाणी में कुछ कार्यक्रम मिले और कुछ काम बड़े भाई साहब हीराबल्लभ शर्मा जी के मार्फत स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया से मिलने लगा। सार्थक प्रयास के उमेश पंत जी के जरिए बनी एक कमेटी की बैठकों में रावत जी से अक्सर मुलाकात होती। कुछ मुद्दों पर चर्चा होती। रावत जी को खराब बात हमेशा खटकती और बिना कोई लाग लपेट के वह उसका विरोध करते। रावत जी की एक और खूबी जो मुझे भा गयी, वह ये कि उनके क्रोध या तारीफ करने के अंदाज में कोई गणित नहीं होता। धीरे धीरे उनके जरिए अनेक लोगों से मुलाकात का सिलसिला जारी है। मुझे याद है एक बार गणतंत्र दिवस के मौके पर रावत जी ने बताया कि राजपथ (अब कर्तव्य पथ) पर देशभक्ति के जो गीत बज रहे हैं, वो ओरिजनल नहीं हैं। खबर बननी चाहिए। मैं वहां गया, जानकारी जुटाई बात सही थी। फिर अपने तत्कालीन अखबार नयीदुनिया में वरिष्ठों से बात की। खबर बहुत अच्छे डिस्प्ले के साथ छपी। पहले जो अधिकारी वर्जन देने को तैयार नहीं थे, उन्हीं की सफाई आई और फिर एक खबर छापी गई कि अब बजने लगे ओरिजनल गीत। ऐसे ही विभिन्न सामाजिक सरोकारों वाले मसलों पर रावत जी से डिस्कशन होता रहता। उनके मुद्दे हमेशा हमाज से जुड़े होते, व्यक्तिगत कतई नहीं। अपनी कमेटी की बैठक के लिए उनके घर जाना भी हुआ, जहां भाभी जी के हाथों बनी हाफ पूड़ी और अन्य व्यंजन याद हैं।
संस्मरण तो बहुत हैं, आज कुछ लिखने का मुख्य कारण पिछले दिनों उनकी बिटिया की शादी में शामिल होना है। चूंकि करीब 12 सालों से चंडीगढ़ में हूं, अब अक्सर मुलाकात नहीं होती, ऐसे ही मौके होते हैं। बिटिया की शादी में जहां अनेक अग्रज, साथीगण मिले, वहीं पत्रकारिता जगत के भी अनेक लोग मिले। विवाह के इस समारोह में रावत जी अपने जड़ों को नहीं भूले। हर व्यक्ति को टीका यानी जिसे उत्तराखंड में पिट्ठ्या कहते हैं, लगाया गया। उत्तराखंड के व्यंजनों की एक पूरी श्रृंखला। उत्तराखंड से आये लोक कलाकार। अद्भुत नजारा। वहां पहुंचा हर व्यक्ति मुरीद हो गया। सादगी के साथ भव्य आयोजन। हम सबको अपनी जड़ों से जुड़ा रहना चाहिए। एक साल पहले राजस्थान निवासी एक सज्जन के यहां विवाह समारोह में गया था। वहां राजस्थानी खान-पान और गीत-संगीत से मन प्रसन्न हो गया। इस बार उत्तराखंड की संस्कृति, भोजन ने तो जैसे मुझे मेरे घर पहुंचा दिया। कुछ शेर इसी से जुड़े टीपे हैं -
अपनी मिट्टी ही पे चलने का सलीक़ा सीखो
संग-ए-मरमर पे चलोगे तो फिसल जाओगे।
मिट्टी से कुछ ख़्वाब उगाने आया हूँ
मैं धरती का गीत सुनाने आया हूँ।
कोई ख़ुशबू मिट्टी से आने लगी है
ज़मीं पर वो बूँदें गिराने लगी है।
पलट आई है फिर से सावन की बारिश
कड़ी धूप घर से हटाने लगी है ।
दरांती, मुनस्यारी निवासी लोक कलाकार लवराज जी से बातचीत
उत्तराखंड में छोलिया, जागर, झोड़ा, चांचरी आदि अनेक लोक गीत और नृत्य होते हैं। आज की पीढ़ी कुछ कम जानकारी रखती हो, लेकिन परिदृश्य बहुत स्याह नहीं है। लोक कलाकार लवराज जी को फोन किया। कुछ व्यस्तता के बीच उन्होंने अपनी संस्था के बारे में बताया, साथ ही कहा कि नयी पीढ़ी को जागरूक करना हमारी जिम्मेदारी है। साथ ही महानगरों में लोककला के प्रति स्नेह उत्साहजनक है। लवराज आर्य जी से बाद में विस्तार से बात हुई जिसका जिक्र अलग ब्लॉग में करूंगा।
एम एस रावत जी एवं पूरे परिवार को एक बार फिर हार्दिक शुभकामनाएं। बिटिया और दामाद जी को शुभाशीष। विवाहोत्सव संबंधी कुछ वीडियो साझा कर रहा हूं।
Sunday, April 14, 2024
समरसता के नेक विचार को दें मूर्त रूप .... फिल्मों के अनूठे मेले की भी सुखद चर्चा
केवल तिवारी
समरसता। भाईचारा। जाति प्रथा। समाज में द्वंद्व से जुड़ी ऐसी अनेक शब्दावलियों से हम-आप अक्सर दो-चार होते हैं। जब बातें, बहस-मुबाहिशें होती हैं तो सवाल उठता है कि जिस वर्ण व्यवस्था को किन्हीं कारणों से बनाया गया था, आज बदलते युग में उसका विकृत स्वरूप जाति प्रथा के तौर पर क्यों उभरा। न केवल उभरा, बल्कि विकृत हुआ। अब सदियों से ऐसा हुआ या इसे सप्रयास किया गया तो सवाल है कि इसकी क्या काट है। क्या जतन करें कि इसमें कमी आए। समरसता की दिशा में हम दो कदम बढ़ें, अपने साथ कुछ और लोगों को भी ले चलें। आखिरकार सफलता तो मिलेगी ही। माहौल बिल्कुल स्याह नहीं है। पूरी तरह श्वेत भी नहीं है। पिछले दिनों होली मिलन कार्यक्रम में एक अनौपचारिक बातचीत के दौरान पता चला कि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) में एक विचार दिया गया कि समरसता के लिए क्या ऐसा नहीं हो सकता है कहीं भी श्रीराम का मंदिर बने और वहीं पर महर्षि वाल्मीकि का भी मंदिर हो। इसी तरह कहीं वाल्मीकि मंदिर की स्थापना हो और श्रीराम की मूर्ति भी स्थापित की जाये। इसके अलावा भी समरसता को लेकर कई उपायों, किए जा रहे कार्यों पर बातचीत हुई। ये विचार नेक हैं। इस पर आए दिन चर्चा होती भी हैं, लेकिन इस विचार को ज्यादा प्रचारित नहीं किया गया। यह अलग बात है कि संघ से जुड़े लोग समरसता के लिए समाज में अपने हिस्से के प्रयास को पूरा करने की कोशिश कर रहे हैं। शायद इसी विचारधारा का ही प्रतिरूप है कि वहां जाति के बजाय नाम को तवज्जो दी जाती है। फलां जी या फलां जी...। इस मिलन कार्यक्रम के बारे में बता दें कि कुछ इसी संबंधित रिपोर्ट भी सौंपी गयी। इसी दौरान कुछ समय पहले ही पंचकूला में संपन्न हुए फिल्म फेस्टिवल की भी चर्चा हुई। इस फेस्टिवल में अलग-अलग भाषाओं की फिल्में चित्र भारती कार्यक्रम के तहत दिखाई गयीं। यह एक वृहद और सराहनीय कार्यक्रम है। इस फेस्टिवल की विस्तृत जानकारी तो विभिन्न माध्यमों से लोगों को मिल चुकी है, संबंधित कुछ तस्वीरों को जो बुकलेट में छपी हैं, ब्लॉग के अंत में साझा करूंगा
एक रिपोर्ट का हवाला
इस बातचीतक के जरिये एक रिपोर्ट का हवाला दिया गया। इसमें कहा गया, ‘सामाजिक समरसता यह संघ की रणनीति का हिस्सा नहीं है, वरन यह निष्ठा का विषय है। सामाजिक परिवर्तन समाज की सज्जन-शक्तियों के एकत्रीकरण और सामूहिक प्रयास से होगा। सम्पूर्ण समाज को जोड़कर सामाजिक परिवर्तन की दिशा में आगे बढ़ने का संघ का संकल्प है।’ रिपोर्ट में उल्लिखित यह बात राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पुनर्निर्वाचित सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले जी के बयान के हवाले से कही गयी। दत्तात्रेय ने जोर देकर कहा कि रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा की ऐतिहासिक घटना से समाज की सक्रिय भागीदारी का व्यापक अनुभव सबने किया है। असाधारण शासनकर्ता तक की उनकी जीवनयात्रा आज भी प्रेरणा का महान स्रोत हैl वे कर्तृत्व, सादगी, धर्म के प्रति समर्पण, प्रशासनिक कुशलता, दूरदृष्टि एवं उज्ज्वल चारित्र्य का अद्वितीय आदर्श थींl
उनका लोक कल्याणकारी शासन भूमिहीन किसानों, भीलों जैसे जनजाति समूहों तथा विधवाओं के हितों की रक्षा करनेवाला एक आदर्श शासन था l समाजसुधार, कृषिसुधार, जल प्रबंधन, पर्यावरण रक्षा, जनकल्याण और शिक्षा के प्रति समर्पित होने के साथ साथ उनका शासन न्यायप्रिय भी था। समाज के सभी वर्गों का सम्मान, सुरक्षा, प्रगति के अवसर देने वाली समरसता की दृष्टि उनके प्रशासन का आधार रही। केवल अपने राज्य में ही नहीं, अपितु सम्पूर्ण देश के मंदिरों की पूजन-व्यवस्था और उनके आर्थिक प्रबंधन पर भी उन्होंने विशेष ध्यान दिया। बद्रीनाथ से रामेश्वरम तक और द्वारिका से लेकर पुरी तक आक्रमणकारियों द्वारा क्षतिग्रस्त मंदिरों का उन्होंने पुनर्निर्माण करवाया। प्राचीन काल से चलती आयी और आक्रमण काल में खंडित हुई तीर्थयात्राओं में उनके कामों से नवीन चेतना आयी। इन बृहद कार्यों के कारण उन्हें ‘पुण्यश्लोक’ की उपाधि मिली। संपूर्ण भारतवर्ष में फैले हुए इन पवित्र स्थानों का विकास वास्तव में उनकी राष्ट्रीय दृष्टि का परिचायक है।
देवी अहिल्याबाई पर सुखद बात
इस मौके पर देवी अहिल्याबाई पर भी सुखद बात हुई। बताया गया कि पुण्यश्लोक देवी अहिल्याबाई की जयंती के 300वें वर्ष के पावन अवसर पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए समस्त स्वयंसेवक एवं समाज बंधु-भगिनी इस पर्व पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में मनोयोग से सहभाग करें। उनके दिखाये गए सादगी, चारित्र्य, धर्मनिष्ठा और राष्ट्रीय स्वाभिमान के मार्ग पर अग्रसर होना ही उन्हें सच्ची श्रध्दांजली होगी।
अब चित्र भारती कार्यक्रम के भव्य कार्यक्रम की स्मारिका से कुछ चित्र। इसका भी रोचक संदर्भ है, जब प्रेस क्लब में कार्यक्रम हुआ था। उस वक्त मैंने लघु फिल्मों की सार्थकता पर बात की थी। कभी वह बात फिर, अभी स्मारिका से कुछ चित्र बेशक ये चित्र स्मारिका के हों, लेकिन स्मारिका के लेख और चित्र मंथन करने को विवश तो करते ही हैं -
जीवंतता के रस से सराबोर बनारस
साभार : दैनिक ट्रिब्यून
https://m.dainiktribuneonline.com/article/banaras-is-full-of-the-juice-of-liveliness/546948 जीवंतता के रस से सराबोर बनारस
केवल तिवारी
यहां गुफ्तगू का अलग अंदाज ए बयां है। खान-पान की एक शृंखला है। संकरी गलियों का विस्तृत इतिहास है। बदलते वक्त की गवाही है। ऐतिहासिक पृष्ठभूमि की लंबी विरासत है। धर्म का जयघोष है। भाईचारे का संदेश है। शिक्षा की उच्च परंपरा है। लघु भारत की झलक है। यह बनारस है। यहां जीवन का हर रस है। बाबा विश्वनाथ की नगरी। काशी विश्वनाथ- प्रथम ज्योर्तिलिंग। अनूठे शहर बनारस के इतिहास की तरह यहां की कहानियां हैं, कुछ सुनी और कुछ अनसुनी। पौराणिक कथाओं का हवाला देते हुए यह भी कहा जाता है कि गंगा नदी के तट पर बसे इस शहर को ही भगवान शिव ने पृथ्वी पर अपना निवास बनाया था।
बनारस यानी वाराणसी अथवा काशी। इन दिनों बनारस में ज्यादातर 'नुक्कड़ बहस' राजनीति पर जारी है। चुनावी बयार है। पीएम का संसदीय क्षेत्र है। आप ई रिक्शे पर चलिए या लस्सी पीने के लिए किसी दुकान पर रुक जाइये। या कहीं कुछ खाने या खरीदने चले जाइये। कुछ देर की बातचीत के बाद राजनीति ही मुख्य विषय बन जाएगा। ऐसा क्या अक्सर होता है, पूछने पर ज्यादातर लोगों की राय, ‘जी हां, राजनीतिक बात के बिना तो जैसे भोजन पचता ही नहीं।’ पिछले दिनों काशी जाने का मौका मिला। कुछ दिन ठहरकर काशी यानी बनारस को समझा, जाना और आसपास के इलाकों में भी जाने का मौका मिला। यूं तो काशी को लेकर कुछ न कुछ हर कोई जानता है, लेकिन होली के तुरंत बाद बनारस गए, जहां होली की खुमारी तारी थी। उत्तराखंड में उस होली गीत की तरह जिसके बोल हैं, ‘शिव के मन माही बसे काशी…।’ असल में बनारस यानी वाराणासी का पुराना नाम काशी है। धार्मिक ग्रंथों में भी काशी नाम ही मिलता है। कहा जाता है कि कशिका से काशी बना। इस शब्द का अर्थ चमकना बताया जाता है। कहा जाता है कि काशी हमेशा चमकती रहती है। यहां आध्यात्मिक चमक, धार्मिक चमक, भाईचारे की चमक है। ऋगवेद में भी काशी का उल्लेख मिलता है। शिव की काशी कही जाने वाली इस नगरी के नामकरण को लेकर और भी कई कहानियां हैं। इन्हीं कहानियों में छिपी है इसकी रंगत। पाली भाषा में बनारसी से इसका नाम बनारस हुआ। बताया जाता है कि बनार नाम के राजा से यहां का नाम बनारस पड़ा। मुगलकालीन समय में भी यही नाम प्रचलित रहा। बौद्ध जातक कथाओं और हिंदू पुराणों में वाराणसी इसका नाम था। दो नदियों वरुण या वरुणा और असी से यह नाम पड़ा। मुख्य रूप से गंगा किनारे बसे इस शहर के आसपास से कई सहायक नदियां होकर गुजरती हैं। इन प्रमुख प्रचलित नामों के अलावा भी इस धार्मिक शहर के कई अन्य नाम हैं, जिसकी चर्चा वहां पुराने लोगों से आप करेंगे तो उनके बारे में दंतकथाएं भी सुनेंगे। प्राचीन समय में संस्कृत पढ़ने लोग वाराणसी आया करते थे। वाराणसी घराने की संगीत कला भी विश्व प्रसिद्ध है। इस शहर में शहनाई वादक उस्ताद बिस्मिल्ला खां से लेकर संगीत की विविध विधाओं के लोगों ने विश्व प्रसिद्धि पाई। वैसे कला, संस्कृति में बनारस घराने का स्वरूप जयपुर घरानों के समकक्ष मिलता है। वाराणसी कला, हस्तशिल्प, संगीत और नृत्य का भी केंद्र है। यह शहर रेशम, सोने व चांदी के तारों वाले ज़री के काम, लकड़ी के खिलौनों, कांच की चूड़ियों, पीतल के काम के लिए भी प्रसिद्ध है। बनारसी साड़ियां तो विश्वप्रसिद्ध हैं हीं। आइये इस सफर की चर्चा के साथ-साथ बनारस को देखें ऐतिहासिक, धार्मिक और पर्यटन नगरी के झरोखों से।
बनारस जाने के लिए देश के हर इलाके से अलग-अलग रूट हैं। हमारा रूट था चंडीगढ़ से लखनऊ फिर लखनऊ से बनारस। यहां के लिए इंटरसिटी के अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश के अन्य राज्यों, बिहार, बंगाल जाने वाली तमाम ट्रेनें हैं। रास्ते में अनेक ऐतिहासिक स्थल मसलन- जाने-माने कवि मलिक मुहम्मद जायदी का क्षेत्र जायस, रायबरेली, गौरीगंज, अमेठी, प्रतापगढ़ आदि पड़ते हैं।
-------------------
नामों की विविधता के साथ रेलवे स्टेशन भी अलग-अलग
बनारस यदि ट्रेन से जाना हो तो ध्यान रखें कि इस शहर में नामों की विविधता की भांति रेलवे स्टेशन भी अलग हैं। यहां मुख्य तौर से चार प्रमुख रेलवे स्टेशन हैं। इनमें वाराणसी जंक्शन कैंट, वाराणसी सिटी स्टेशन, काशी रेलवे स्टेशन और मंडुवाडीह रेलवे स्टेशन है। मंडुवाडीह रेलवे स्टेशन को बनारस जंक्शन भी कहा जाता है। यहां लोगों ने बातचीत में बताया कि रेलवे स्टेशनों को स्मार्ट बनाया गया है। स्टेशनों पर सफाई की समुचित व्यवस्था तो हम लोगों को भी महसूस हुई।
----------
गंगा आरती का अद्भुत नजारा और काशी विश्वनाथ के दर्शन
बनारस में शाम को गंगा आरती होती है। दशाश्वमेध घाट पर प्रति शाम यह आरती होती है जिसमें भाग लेने के लिए देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु आते हैं। अगर यह कहा जाए कि बनारस आने वलों के लिए प्रमुख आकर्षण यह गंगा आरती ही है तो अतिशयोक्ति नहीं होगी। यहां आरती दर्शन या तो घाट पर बैठकर होता है या फिर नावों में बैठकर भी इसका आनंद लिया जा सकता है। भक्ति में तल्लीन लोग इस आरती में अपनी भागीदारी इसी में महसूस करते हैं जब सामने आरती हो रही हो और वह नाव में बैठकर देख रहे हों। हालांकि लोगों के हाथों में मोबाइल आने से भक्तिरस में भी कुछ दिखावे की कड़ुआहट भरती सी लगी। लोग देखने या आरती सुनने में कम, वीडियो बनाने या अपने परिजनों को वीडियो कॉल से कनेक्ट करने में ज्यादा मशगूल दिखे। इसके साथ ही डीजल इंजन से चलने वाली नावों के कारण गंगा नदी परिसर में प्रदूषण भी बढ़ता देख थोड़ा दुख हुआ, साथ ही सुकून मिला कि अनेक नावों में अब सीएनजी मोटर लग चुकी हैं। इसके अलावा करीब एक दशक पहले के मुकाबले गंगा की सफाई भी आकर्षित करने वाली रही। गंगा आरती से पहले यानी सुबह या अगले दिन बाहर से आए श्रद्धालु काशी विश्वनाथ के दर्शन, पूजन करने जाते हैं। यहां काफी कुछ व्यवस्थागत कर दिया गया है। मसलन, एक तय राशि देकर अभिषेक कराया जा सकता है, सामान्य दर्शन के लिए अलग पंक्तिबद्ध लोग। अथाह भीड़ के बारे में पूछने पर लोगों का कहना था ऐसा हमेशा ही होता है, लेकिन अयोध्या में राम मंदिर दर्शन को आने वाले ज्यादातर श्रद्धालु काशी भी आ रहे हैं, इसलिए भीड़ थोड़ा अधिक है।
-----------------
त्योहार के अलग रंग
बनारस में हर त्योहार का अलग रंग नजर आता है, लेकिन होली पर तो माहौल ही अनूठा होता है। इस शहर में होली का पर्व एक सप्ताह पहले से एक सप्ताह बाद तक होता है। होली मिलन आगे भी जारी रहता है। यहां घाटों पर भस्म होली पूरे विश्व में प्रसिद्ध है। वाराणसी के महाश्मशान हरिश्चन्द्र और मणिकर्णिका घाट पर रंग एकादशी के दिन से श्मशान में होली खेलने का रिवाज है। शायद इस परंपरा के पीछे यह मान्यता रही हो कि जीवन और मरण तो ईश्वर के बनाए दो अवश्यंभावी तत्व हैं, इनसे परेशान होने के बजाय इनका उत्सव मनाया जाना चाहिए।
---------------
इन दिनों चुनावी चर्चा
माहौल चुनाव का हो और बनारस में हर नुक्कड़ पर इसकी चर्चा न हो, ऐसा हो ही नहीं सकता। वाराणसी स्टेशन से एक ऑटो में बैठे तो राम सहाय नामक व्यक्ति उसके चालक थे। महज पांच मिनट की चुप्पी को उन्होंने ही तोड़ा, पहला सवाल पूछकर कहां से आए हैं? फिर तो राजनीति पर जो चर्चा हुई, मैं दंग रह गया। गंगा आरती के लिए जाते समय ई रिक्शा चालक मोहम्मद इस्लाम, अगले दिन विश्वनाथ मंदिर जाते समय जलालुद्दीन आदि से भी राजनीति की ही चर्चा हुई। मंदिर से आने के बाद लस्सी पीने, शाम को बनारसी पान का आनंद लेने, अगले दिन एक ठेले पर सत्तू पीने के दौरान हर जगह राजनीतिक चर्चा ही सुनने को मिली। यह चर्चा सिर्फ बनारस के लिए नहीं, देशभर की राजनीति का हिस्सा था। लोगों ने कहा, ‘चुनावी चर्चा तो यहां के लोगों की खुराक है।’
-------
खान-पान के अलग अंदाज
बनारस में बड़े कुल्हड़ की लस्सी सबसे ज्यादा पसंद की जाती है। इसके अलवा कपड़ों की बनायी गयी छलनी से छानी गयी चाय भी यहां खूब पी जाती है। ज्यादातर दुकानों पर चाय कुल्हड़ में मिलती है। इसके अलावा कचौड़ी, बेड़मी पूड़ी, दही जलेबी, रबड़ी और पेड़ों को खरीदते लोग मिल जाएंगे। पानी के बतासे यानी गोल गप्पों से लेकर हरे चने में प्याज-टमाटर डालकर खाने का रिवाज भी खूब है। जगह-जगह अंकुरित चने, खीरे में काला नमक लगाकर भी लोग खूब खाते हैं।
-----
शहर के आसपास भी है बहुत कुछ
अगर बनारस जाने का मौका मिले तो पहले पूरे शहर को देख लें, समझ लें। यहां अन्य चीजों के अलावा बनारस हिंदू विश्वविद्यालय एवं वहीं स्थित विश्वनाथ बाबा का अन्य मंदिर भी है। इसके बाद पास में ही, करीब आठ किलोमीटर दूर सारनाथ और करीब 95 किलोमीटर दूर मिर्जापुर में विंध्याचल देवी एवं अष्टभुजा देवी के दर्शन के लिए जा सकते हैं। इस पूरे सफर में आपको हाईवे निर्माण की एक रफ्तार के भी दर्शन होंगे। सारनाथ तक आप ई रिक्शा से भी जा सकते हैं। इससे आप पूरे इलाके को बहुत अच्छे से ‘एक्सपलोर’ कर सकते हैं। प्रमुख रूप से बौद्ध मतावलंबियों के इस क्षेत्र में आपको समृद्ध ऐतिहासिक परंपराओं के दर्शन होंगे। यहां स्थित संग्रहालय में सम्राट अशोक एवं उनसे भी पहले के समय की अनेक कलाकृतियां, बौद्ध स्तूप एवं बौद्ध धर्म मानने वालों के बारे में बहुत जानकारी हासिल हो जाएगी। एक दिन अगर सारनाथ घूमने के लिए निकालें तो प्राचीन ऐतिहासिक भव्यता के साथ-साथ आपको यहां की स्थानीय बोली भी आनंदित करेगी। इसके अलावा मिर्जापुर में गंगा में नौका विहार फिर विंध्यांचल देवी मंदिर, पास में अष्टभुजा देवी मंदिर एवं सीताकुंड के नाम से प्रसिद्ध जलस्रोत देखने को मिलेगा। पहाड़ी पगडंडियों पर चलने जैसा अनुभव करते हुए आप धार्मिक महत्व की जानकारी तो जुटा ही सकते हैं साथ ही गंगा नदी की उस विशालता को भी महसूस कर सकते हैं जिसके बहाव में भीमकाय पत्थर बहकर आए और इस मैदानी इलाके में भी पहाड़ होने का अनुभव इस नदी की वजह से हुआ।
Friday, March 29, 2024
एक और बनारस यात्रा, इस बार विस्तारित
केवल तिवारी
शुरुआत हर हर महादेव से ही करता हूं क्योंकि इस ब्लॉग को लिखते वक्त सुबह साढ़े चार बजे बनारस की पवित्र धरती पर हूं। असल में शनिवार 30 मार्च, 2024 की सुबह पांच बजे की ट्रेन है। हम लोग यानी बड़े भाई साहब भुवन तिवारी जी, भाभी राधा तिवारी जी, पत्नी भावना, छोटा बेटा धवल और मैं यानी केवल तिवारी ट्रेन में अपनी सीट पर बैठ चुके हैं। कुछ किंतु -परंतु के साथ वापसी की यात्रा बेहतरीन यादों को समेटे शुरू होने वाली है। जैसा कि मैं हमेशा कहता रहता हूं कि कोई भी नकारात्मक बात का उल्लेख करना ही नहीं है, सिवा व्यवस्थागत समस्याओं को उठाने के, क्योंकि वैसे मुद्दों को उठाना हमारा परम धर्म है। तो चलिए इस यात्रा की शुरुआत से आपको भी रूबरू करा दूं।
अचानक बने कार्यक्रम के तहत हम लोग मंगलवार, 26 मार्च को लखनऊ पहुंच गए। हमारे परिवार के सबसे छोटे सदस्य हेमांक का अन्न प्रासन था। पूरा दिन समारोहपूर्वक बीता। साथ में यह तैयारी भी कि सुबह सात बजे बनारस इंटरसिटी ट्रेन पकड़नी है। मन में जब कहीं चलने का कार्यक्रम बना रहता है तो अवचेतन मन चलायमान रहता है। ऐसा ही हुआ, अलार्म बजने से पहले ही जग गया, सभी लोगों ने समय पर स्नान ध्यान कर लिया। पड़ोसी बब्बू यानी राजेश शुक्ला ने हमें स्टेशन पहुंचा दिया। सही समय पर हम लोग बनारस पहुंच गए। वहां घूमने में सहायक बने सभी लोगों ने कहा कि अधिकतम कोशिश ई रिक्शा पर जाने की करना क्योंकि उसके जरिए गंतव्य के एकदम करीब तक पहुंच जाओगे, हमने वही किया और भ्रमण बहुत अच्छा रहा।
किशोर का जिक्र अवश्यंभावी, साथ में यात्रा विवरण
भांजे किशोर का जिक्र किए बगैर इस यात्रा का विवरण बेमानी होगा। शीला दीदी का भतीजा। यूपी सरकार में अधिकारी। कुछ दिन पहले जब अपनी इच्छा जताई तो यहां रहने और दर्शन की व्यवस्था किशोर ने करवा दी। यहां आकर आरके सिंह जी के जरिए विश्वनाथ भगवान शिव की पूजा अर्चना की। अथाह भीड़ के बारे में बातचीत की तो कुछ ने कहा, रोज का यही आलम है, कुछ की राय थी कि यह रिवर्स टूरिज्म है। अयोध्या में भगवान राम मंदिर के लिए निकले श्रद्धालु यहां का कार्यक्रम भी बना रहे हैं। मैंने टूरिज्म शब्द पर आपत्ति जताई, लेकिन अपनी राय देने के बजाय लोगों को सुना। अनेक मुद्दों पर बातचीत हुई। बनारस के संबंध में प्रचलित अनेक बातों को महसूस भी किया।
बुधवार को यहां पहुंचकर शाम को हमने गंगा आरती के दर्शन किए। कार्यक्रम बनाया कि अगली सुबह भगवान विश्वनाथ का अभिषेक कर सारनाथ जाएंगे। तय कार्यक्रम के मुताबिक ही हम चलते रहे। मन प्रसन्न हुआ। सारनाथ के संबंध में सुना था, इस बार अच्छी तरह देखा, महसूस किया और विस्तारित यात्रा की शुरुआत हुई। पिछली बार में अकेले आया था। वरिष्ठ पत्रकार विजय प्रकाश भाई साहब की बिटिया की शादी में शामिल होने आया था। उन दिनों वरिष्ठ पत्रकार नरेंद्र निर्मल जी का बेटा प्रखर उर्फ शुभम बनारस हिन्दू यूनिवर्सिटी का छात्र था। उस दौरान बनारस घूमने का एक रोचक प्रसंग है जिसे मैं अक्सर सुनाता रहता हूं, लेकिन आज कलमबद्ध भी कर देता हूं। असल में विजय प्रकाश भाई साहब के पास पहुंचने के बाद अगला दिन पूरा था। वहां एक सज्जन मिले, उन्होंने पूछा क्या बनारस घूमना चाहेंगे। मैं तुरंत राजी हो गया। फिर मैंने साधन के बारे में पूछा। उन्होंने कहा कि मेरी गाड़ी में पेट्रोल भरवा देना, मैं अधिकतम जगह घुमा दूंगा। मैंने हां तो कर दिया, लेकिन मन ही मन सोचने लगा कि पता नहीं कौन सी कार होगी, कितना तेल भरवाना होगा। तरह तरह की बातों पर विचार करते हुए हम लोग होटल से बाहर निकले। मैंने पूछा गाड़ी कहां खड़ी है, उन सज्जन ने इशारा कर बताया यह है। असल में उन्होंने मोपेड हीरो पुक की ओर इशारा किया। मैंने ज्यादा कुछ नहीं पूछा, बस हेलमेट की जिद की। बनारस घूमने की जोरदार तैयारी के बाद मैंने पेट्रोल पंप पर चलने को कहा, साथ ही पूछ लिया कि कितने का तेल भरवाना है। पास में ही पंप पर ले जाकर वह बोले, दो सौ रुपए का भरवा दीजिए। मैंने पंप वाले से कहा कि टंकी फुल कर दो। शायद चार सौ रुपए में टंकी फुल हो गई। सचमुच उन साहब ने मुझे बहुत जगह घुमा दिया।
खैर इस बार की विस्तारित यात्रा में मिर्जापुर में गंगा दर्शन, नाव यात्रा, माता विंध्याचल मंदिर दर्शन, अष्टभुजा मंदिर यात्रा भी शामिल रहा। थोड़ा सा बनारस की मार्केट, कुछ राजनीतिक बातें वगैरह वगैरह भी यात्रा में शामिल रहा। कुल मिलाकर सब अच्छा रहा। हमारी इस यात्रा को सुखद बनाने में शामिल हर व्यक्ति को दिल से धन्यवाद। विशेष तौर पर किशोर पंत का। एक बात जरूर कहना चाहूंगा कि धार्मिक स्थलों के संबंध में ट्रस्ट बनाकर उसका विकास किया जाना चाहिए क्योंकि धार्मिक स्थलों पर ठगी बहुत होती है। पता नहीं उन्हें ईश्वर से डर नहीं लगता या वे इसे नियति मान लेते हैं या फिर दिनभर की करतूतों के बाद अकेले में भगवान से क्षमा मांग लेते हैं। तमाम प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद उन श्रद्धालुओं को नमन जो ईश्वर भक्ति में सच में लीन हैं। विंध्याचल मंदिर में पंक्तिबद्ध रहने के दौरान इसका अहसास हुआ। यात्रा अच्छी रही, विस्तारित रही, यादगार रही हर हर महादेव। ब्लॉग लिखते लिखते लखनऊ वापसी का आधा सफर हो चुका है। अब धवल स्कूल के नये सेशन की शुरुआत, एक बार फिर ईजा की याद और अपने पुराने दिनों की याद और बच्चों के सामने उनके जिक्र का समय। सोमवार से रुटीन जद्दोजहद चालू। इस यात्रा की कुछ तस्वीरें साझा कर रहा हूं। जय हो।
![]() |
| बुआ की गोद में हेमांक |

























































