Powered By Blogger

Sunday, May 11, 2025

सारथी, परोपकार, महामहिम की सीख और पीजीआई चंडीगढ़

केवल तिवारी

‘अष्टादश पुराणेषु व्यासस्य वचनद्वयम्। परोपकारः पुण्याय पापाय परपीडनम्।

अठारह पुराणों में व्यास जी ने दो ही बातें मुख्य रूप से कही हैं। पहली- परोपकार (दूसरों का भला करना) से बड़ा कोई पुण्य नहीं है और दूसरों को कष्ट देने से बड़ा कोई पाप नहीं है। 




इस महान श्लोक से अपनी बात शुरू करने का मुख्य कारण है पिछले दिनों पीजीआई चंडीगढ़ यानी स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान संस्थान-पीजीआईएमईआर, चंडीगढ़ में एक कार्यक्रम की मौजूदगी के बारे में थोड़ा बहुत लिखना। कार्यक्रम था ‘सारथी’ परियोजना का वार्षिकोत्सव। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया। पीजीआई के निदेशक विवेक लाल ने कार्यक्रम की शुरुआत में स्वागत भाषण में अन्य बातों के अलावा कहा कि वह बचपन से एक गीत सुनते आए हैं, ‘अपने लिए जिये तो क्या जिये, तू जी ए दिल जमाने के लिए…।’ उन्होंने कहा कि आज सारथी परियोजना और इससे जुड़े विद्यार्थियों के समर्पण को देखकर इस गीत की सार्थकता समझ में आती है। 

असल में इस कार्यक्रम की प्रेस कवरेज तो बहुत हुई। अनेक अखबारों और चैनलों में इस खबर को दिखाया गया, इसलिए मैं उस विस्तार में नहीं जाता चाहता, लेकिन इसके जो अनौपचारिक पक्ष थे, वह बहुत रोचक थे। मसलन- मुख्य अतिथि कटारिया ने कहा कि यहां कुछ ही बच्चों को सम्मानित किए जाने के लिए मंच पर बुलाया गया, ऐसा क्यों? हंसते-हंसते वह बोले, ‘आप लोगों को शायद लगा होगा कि महामहिम हैँ, थक जाएंगे। कोई थकावट नहीं।’ उन्होंने कहा कि मैं तो अध्यापक रहा हूं। जानता हूं कि मंच पर मिले सम्मान का कितना असर होता है। ये बच्चे इस तस्वीर को अपने घर में लगाएंगे। चार लोगों को बताएंगे। देखने वाले भी सेवा के लिए प्रेरित होंगे। पीजीआई प्रशासन ने भी ‘on the spot’ फैसला लिया और सभागार में मौजूद सभी ‘सारथियों’ को मंच पर बारी-बारी बुलाकर महामहिम और पीजीआई के शीर्ष अधिकारियों के साथ उनकी फोटो खिंचवाई। बातों-बातों में राज्यपाल कटारिया ने कहा कि यह योजना वाकई बहुत अच्छी है। उन्होंने कहा कि एक आम इंसान की तरह अगर मुझे ही पीजीआई के गेट पर छोड़ दीजिए तो मैं खुद ही संबंधित विभाग तक नहीं पहुंच पाऊंगा। बाद में मीडिया से विशेष बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि वह अपने मूल निवास स्थान यानी राजस्थान के उदयपुर स्थित सरकारी अस्पताल में भी इस योजना को लागू करवाने के लिए संबंधित अधिकारियों से बात करेंगे। 

क्या है सारथी योजना

विभिन्न स्कूल-कॉलेजों में चलने वाले राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तहत विद्यार्थियों को पीजीआई से जोड़ा गया है। इन्हें प्रशिक्षण के बाद विभिन्न स्थानों पर मरीजों और तीमारदारों की सहायता के लिए लगाया जाता है। ये लोग पर्ची बनाने से लेकर संबंधित विभाग तक उन्हें पहुंचाने या मार्गदर्शन का काम करते हैं। अनेक लोगों ने बताया कि यह मार्गदर्शन उनका समय तो बचाता ही है, साथ ही उनका मधुर व्यवहार से आधी थकान दूर हो जाती है। यही बात मुख्य अतिथि ने भी कार्यक्रम में कही कि दो मीठे बोलों से भी बहुत काम हो जाता है। इसे सारथी नाम महाभारत में कृष्ण द्वारा पांडवों के सारथी बनने की कथा से प्रेरित होकर दिया गया। सारथी परियोजना से जुड़े इन बच्चों के हौसले को देख कुछ पंक्तियां फिर से दोहराई जा सकती हैं, जैसे

धन रहै न जोबन रहे, रहै न गांव न ठांव। कबीर जग में जस रहे, करिदे किसी का काम। 

वृक्ष कबहुँ नहिं फल भखै, नदी न संचै नीर। परमारथ के कारने, साधुन धरा सरीर।।

तू तू करता तूं भया, मुझ मैं रही न हूँ। वारी फेरी बलि गई, जित देखौं तित तूं॥

वे रहीम नर धन्य हैं, पर उपकारी अंग. बांटन वारे को लगे, ज्यों मेंहदी को रंग

सारथी परियोजना का विचार पंकज राय, आईएएस, उप निदेशक प्रशासन (पीजीआईएमईआर) के मन में तब आया जब उन्होंने ऐसी ही योजना को अमेरिका दौरे के दौरान सार्थक होते देखा। उन्होंने प्रोजेक्ट सारथी का एक व्यावहारिक अवलोकन प्रदान किया, जिसमें युवा स्वयंसेवकों को महत्वपूर्ण स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण पहलों में एकीकृत करने के अपने दूरदर्शी लक्ष्य को रेखांकित किया और बताया कि कैसे एक छोटा सा विचार पूरे देश में 442 अस्पतालों में लागू किए जा रहे आंदोलन में बदल गया है। कार्यक्रम में उम्मीद जताई गयी कि अब यह प्रोजेक्ट पूरे देश में फैल सकता है। 

अस्पताल में मेरा जाना, प्रो. बंसल और विवेक का साथ

असल में इन दिनों पीजीआई में मेरा जाना इसलिए हो रहा था कि बेटे कार्तिक तिवारी को ईएनटी संबंधी कुछ समस्याएं हैं। ईएनटी विभाग के वरिष्ठ डॉक्टर प्रो. संदीप बंसल के पास यह केस है। पिछले दिनों उन्होंने एक विशेष टेस्ट डाइस करवाया था। कुछ और जांच रिपोर्ट भी उन्हें दिखानी थी। बच्चे को पीजीआई में दिखवाने एवं जरूरी औपचारिकताओं को पूरा करवाने में ऑफिस में हमारे साथ विवेक शर्मा ने बहुत मदद की। वह डेस्क पर कार्य के अलावा पीजीआई की कवरेज भी करते हैं। उस दिन भी हम लोगों ने प्रो. बंसल को पहले रिपोर्ट दिखवाईं फिर इस कार्यक्रम में चले गये। हम लोग बात करते हुए जा रहे थे कि पीछे से प्रो. बंसल भी आ रहे थे। हम लोग रुककर उनके साथ हो लिए। उनके साथ जो अन्य बातें हुईं, वह तो मेरे लिए महत्वपूर्ण हैं ही, साथ ही उन्होंने कहा कि ओपीडी में इतने मरीजों को छोड़कर आना कष्टकारी लगता है, लेकिन यहां आने के लिए भी कहा गया है। यह जिम्मेदारी भी जरूरी है। साथ ही उन्होंने रुटीन समय से ज्यादा देर तक उस दिन ओपीडी में मरीजों को देखा। धन्य हैं डॉक्टरों का समर्पण भाव। असल में तो इन्हीं से सीखने लायक है। अलग-अलग तरह के मरीज आते हैं। कई ऐसे होते हैं जो सामान्य बात को भी नहीं समझ पाते। एक दिन में सैकड़ों प्रवृत्ति के लोगों से मिलना, उन्हें हैंडल करना, इलाज का सही मार्ग बताना और भी बहुत कुछ। सैल्यूट है। 

मानसी का ओजस्वी भाषण

सारथी प्रोजेक्ट से जुड़े विद्यार्थियों की ओर से अपनी बात रखने के लिए मानसी शर्मा आगे आईं। परोपकार संबंधी शेर-ओ-शायरी से बात की शुरुआत कर मानसी ने समां बांध दिया। मानसी का ओजस्वी भाषण जोश भरने वाला और परोपकार के प्रति उन्मुख करने की प्रेरणा देने वाला था। एनएसएस स्वयंसेवकों के परिवर्तनकारी अनुभवों को व्यक्त करते हुए, स्नातकोत्तर सरकारी स्कूल, सेक्टर 11 की इस छात्रा ने विकास और सामाजिक योगदान की अपनी व्यक्तिगत कहानी साझा की। उन्होंने कहा, ‘प्रोजेक्ट सारथी के माध्यम से, हमने सीखा है कि सेवा का मतलब सिर्फ़ मरीजों का मार्गदर्शन करना या फॉर्म भरना नहीं है - यह सम्मान बहाल करने और उम्मीद जगाने के बारे में है। दूसरों की मदद करके, हमने खुद को विकसित किया है। क्योंकि सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है, और मानवता से बड़ा कोई कर्म नहीं है।’ कार्यक्रम में मंच संचालन से लेकर बातों का सिलसिला, भाषण आदि सभी कार्यक्रमों की कड़ियां बहुत सधे हुए और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई। सभी को साधुवाद।

Sunday, April 13, 2025

हेमंत पाल जी : व्यक्तित्व, कृतित्व और फ्लैशबैक

केवल तिवारी

चूंकि यह कोई औपचारिक लेखन नहीं है, इसलिए इसे अपने अंदाज में ही लिखूंगा। इस अनौपचारिक ब्लॉग लेखन में बात वरिष्ठ पत्रकार, लेखक हेमंत पाल की। उनके साथ कुछ 'फ्लैशबैक नाता' है। एक तो यह कि वह मध्य प्रदेश के प्रतिष्ठित दैनिक नईदुनिया में लंबे समय तक रहे, मैं भी उसी अखबार के दिल्ली केंद्र में कुछ समय रहा। उनके लेखन को मैंने पहले भी पढ़ा है। अब वह हमारे अखबार दैनिक ट्रिब्यून के नियमित लेखक हैं। एक साल पहले उनसे इंदौर में मुलाकात हुई। वरिष्ठ पत्रकार, साहित्यकार नरेंद्र निर्मल की बिटिया की शादी समारोह में। मुलाकात का जरिया बने हमारे अखबार के सहायक संपादक अरुण नैथानी जी।



अब बात हेमंत पाल जी के फ्लैशबैक की। थोड़ी देरी हुई उनकी इस रचना के बारे में लिखने में। फिल्मी दुनिया पर आधारित उनकी इस किताब को नयी दिल्ली स्थित भारत मंडपम से फरवरी में विश्व पुस्तक मेले के दौरान ही खरीद लिया था, लेकिन बीच में दो किताबें मुझे अपने कार्यालय से मिली थीं, समीक्षा के लिए। उनकी समीक्षा कर दी फिर कुछ पारिवारिक व्यस्तताओं में रहा। इस बीच, समय मिलते ही पूरी किताब पढ़ डाली। किताब के बारे में लिखने से पहले बता दूं कि हेमंत जी अक्सर हमारे अखबार के मनोरंजन मैग्जीन के लिए लिखते हैं। अन्य कई जगह भी उनका लेखन चलता है। वह जितना अच्छा लिखते हैं, उतने ही बेहतर मिलनसार व्यक्ति हैं। पहली औपचारिक मुलाकात में ही छा जाने वाले। अब बात पुस्तक 'फ्लैशबैक' की। 

पुस्तक का पूरा नाम है फ़्लैश बैक (फिल्मी कथानकों के इतिहास का लेखा-जोखा) कवर पेज आकर्षक है। रील जैसी छवि में तीन पोस्टर हैं। कुल 24 अध्यायों वाली इस किताब में लीक से हटकर फिल्मी जानकारी है। कह सकते हैं कि गागर में सागर भर दिया है। फिल्में चल पड़ने कि कोई सेट फार्मूला नहीं है। खूब लंबी फिल्में बनीं, दो-दो इंटरवल वाली। छोटी भी बनीं। कथानकों को लेकर भी विविध प्रयोग हुए। गीतों से भरपूर फिल्में भी बनीं। सच्ची घटनाओं पर भी फिल्म बने, विषयों पर भी विविधता दिखी। बात चाहे होली के रंगों की हो, भूत-प्रेत की कहानियां हों, सस्पेंस की हो या कुछ और... हेमंत जी ने आम जानकारी से हटकर सामग्री पेश करने की सफल कोशिश की है। कुल 24 अध्यायों वाली यह किताब पठनीय और संग्रहणीय है। प्रकाशक का नाम है, न्यू वर्ल्ड पब्लिकेशन, नयी दिल्ली। मुद्रक, सूरज प्रिंटर्स और लेआउट नितिन पंजाबी (बीएस ग्राफिक्स, इंदौर) फिल्मी दुनिया पर इस बेहतरीन किताब के लिए हेमंत जी को हार्दिक बधाई।






यादों के खजाने में एक और आभूषण, अपनेपन का भव्य समारोह

केवल तिवारी

अपनों का आना, खुशियों को मनाना

कुछ बातें बनाना, कुछ सुनना-सुनाना।

नयी पीढ़ी को संस्कार भी हैं सिखाना

'भव्य' कार्यक्रम में जनेऊ धारण करना।


आगंतुक बने बदलते मौसम के गवाह

सबको भायी चंडीगढ़ की हरियाली राह।

दो-तीन दिन फुर्र हुए, और भी रहीं चाह

अब यादों को समेटे कह रहे हैं वाह-वाह।



उक्त पंक्तियां अभी अनायास निकल गयीं, जब एक पारिवारिक, सांस्कारिक समारोह के संबंध में अपने इस ब्लॉग की रूपरेखा बना रहा था। असल में गत नौ अप्रैल को बालक भव्य जोशी का जनेऊ संस्कार हुआ। भव्य जी के पिता भास्कर जोशी और मेरी पत्नी भावना जुड़वां भाई बहन हैं। इसलिए इस कार्यक्रम की कड़ी ऐसी ही हुड़ती हुई मिलेंगी। इसमें एक और रोचक है कि भव्य और मेरा बेटा धवल लगभग समान उम्र के हैं और अभी एक ही स्कूल और एक ही क्लास में पढ़ते हैं। पहले कार्यक्रम जनवरी में तय था। लगभग तैयारी भी हो गयी थी, हरिद्वार जाने की योजना थी। फिर कहते हैं न कि होई हैं वही जो राम रचि राखा। साथ ही यह भी कि 'ईश्वरं यत करोति शोभनम करोति।' वही हुआ। सब ठीक हुआ, मेरा उपस्थित रहना इसलिए मुश्किल लग रहा था कि मेरा लखनऊ जाने का कार्यक्रम बन चुका था। फिर कुछ ऐसी परिस्थितियां बनीं कि लखनऊ जाना टला और इस कार्यक्रम का गवाह बना। हल्द्वानी से आए साढू भाई सुरेश पांडेजी उनकी माता जी, उनकी पत्नी, बड़ी भाभीजी, उनकी बेटी, शेखरा दा उनकी पत्नी उनके सुपुत्र। गुड़िया दीदी, उनका बेटा और बेटी। (स्पष्ट है कि सभी आगंतुक ससुराल पक्ष की कड़ियों से जुड़ी कड़ी हैं)। साथ में भास्कर और प्रीति के पड़ोसी।


हंसी-मजाक और कुछ सैर सपाटा

कार्यक्रम की शुरुआत से ही हंसी-मजाक चलती रही। पांडेजी और मैं 'सेंट्रल सब्जेक्ट' रहे। फूफा की श्रेणी के हम दोनों ने भी इसे खूब एंजॉय किया। अपने पास कोई खास काम नहीं था, इसलिए बातों में ही ज्यादा मशगूल रहा। हालांकि कभी-कबार मन में कुछ-कुछ चलता रहा, लेकिन इस कुछ-कुछ को हावी नहीं होने दिया। खूब बातें कीं। लोगों के विचार भी जानने को मिले। कुछ कहानियों और कविताओं के सब्जेक्ट भी मिल गये। भव्य चूंकि बहुत हंसमुख, चंचल है तो उसने भी सबका मन लगाकर रखा। धवल और भव्य भले नेचर में थोड़ा अलग हों, लेकिन दोनों में एक बात कॉमन है कि दोनों मेहमानों के आने पर खुश होते हैं और चाहते हैं कि सब एकसाथ कुछ समय रहें। कोशिश भी की गयी कि बच्चे ग्रुप में कुछ समय साथ रहें। ऐसे में नेहा के नेतृत्व में मृत्युंजय, ईशू, श्रद्धा के साथ इन दोनों बच्चों ने अच्छा समय व्यतीत किया। कुछ समय इसमें सिद्धांत जोशी उर्फ सिद्धू की भी भागीदारी रही। बच्चों के लिहाज से इसे 'Quality time expend' कहा जा सकता है। इसी दौरान घूमने का कार्यकम बना। लगभी सभी लोग रॉक गार्डन, रोज गार्डन, सुखना लेक और शाम को प्रेस क्लब गये। विस्तार से लिखने के बजाय इस ब्लॉग के अंत में उसकी कुछ फोटो साझा करूंगा। बातों-बातों में उनकी बातें भी हुईं जो समारोह में नहीं पहुंच पाए।


मनोज पंडित जी द्वारा मेरे घर भी पाठ

जनेऊ संस्कार समारोह को संपन्न कराने के लिए हल्द्वानी से मनोज पंडित जी पहुंचे थे। वह पांडेजी की माताजी, शेखरदा, लवली भाभी और सिद्धू के साथ मुख्य समारोह की पहली शाम पहुंच गए थे। जनेऊ के अगले दिन हम लोग पंचकूला स्थित माता मनसा देवी मंदिर गए। पंडित जी ने रास्ते में मुझसे कहा कि एक छोटा सा पाठ कर देते हैं। अपने बड़े बेटे कुक्कू के निमित्त में ऐसा चाहता भी था। अचानक बने इस कार्यक्रम को संक्षिप्त लेकिन दिल को खुश करने वाला कह सकते हैं। पूर्णमासी, शनिवार की सुबह घर में हुए इस कार्यक्रम से बहुत तसल्ली मिली। ईश्वर से प्रार्थना है कि सबको स्वस्थ रखें। शनिवार को मेरे घर में पूजा के बाद भास्कर के यहां सुंदरकांड पाठ का आयोजन हुआ। समवेत स्वर में सुंदरकांड पाठ से दिन बन गया। प्रीति की बहन गुड़िया दीदी और लवली भाभी द्वारा बजाये गए ढोल की थाप पर सभी ने एक साथ पाठ से जो भक्तिमय माहौल बनाया वह अविस्मरणीय है।


और फिर लग जाना अपने काम में

आखिरकार मनुष्य तो कर्म के अधीन है। कर्म करते रहेंगे तो अगले ऐसे ही किसी यादगार कार्यक्रम के तैयार होंगे। कर्म प्रधान होने के नाते शनिवार शाम होते-होते आगंतुकों के जाने की शुरुआत हो गयी। रविवार सुबह तक एक बड़ी अपने गंतव्य तक पहुंच गयी। हम सब लोग भी अपने-अपने काम में लग गए। लेकिन इस बीच फोटो, वीडियो का आदान-प्रदान जारी हैं। उन्हें देखते-देखते कुछ बातें भी साझा की जा रही हैं। बातें होती रहेंगी। कार्यक्रम सच में यादगार रहा। भव्य को हम सबकी ओर से ढेर सारा प्यार, आशीर्वाद, शुभकामनाएं। भास्कर-प्रीति ऊर्फ राजू-पिंकी को बहुत-बहुत बधाई।






























Monday, April 7, 2025

पर्वों की परंपरा महान, जीवों का भी पूरा ध्यान

केवल तिवारी 



हाल ही में चैत्र नवरात्र संपन्न हो गये। इस अवसर पर अलग-अलग दृश्य देखने को मिले। व्रत के वैज्ञानिक पहलुओं पर तो अनेक बार चर्चा हो ही चुकी है। मौसम के संधिकाल में डीटॉक्स होने के लिए ऐसे मौकों पर व्रत का प्रावधान है। बात चाहे चैत्र नवरात्र या वासंतिक नवरात्र की हो अथवा शारदीय नवरात्र की। बेशक आज व्रत का स्वरूप बदल गया है, लेकिन उसका प्रतीक तो है। इस प्रतीक में ही बहुत कुछ तत्व अब भी छिपा है। इस पर ज्यादा चर्चा नहीं। व्रत के अलावा दूसरा दृश्य है पूजा-अर्चना की। लोग बहुत-बहुत देर तक मंदिर या घर में बैठकर पूजा अर्चना करते हैं। मंदिरों में कतारों में लगते हैं। कोशिश करते हैं कि क्रोध न करें। देर तक ध्यानमग्न होना, किसी को बुरा न कहना या न सोचना, ये सभी अध्यात्म के ही तो रूप हैं। इसके अलावा दूसरे दृश्य में कुछ लोगों को खेतड़ी (घर में उगाया गया पंच अनाजा या सतअनाजा) को विसर्जित करते हुए भी देखा। जानकार कहते हैं कि अंकुरण के कुछ दिन के बाद ऐसे पौधे या उन पौधों की जड़ों को जलीय जीव-जंतु बहुत चाव से खाते हैं। बात चाहे श्राद्ध पक्ष में पंछियों एवं गायों को दिए जाने वाले भोजन की हो या फिर विसर्जन सामग्री में शामिल खेतड़ी, जौ, तिल एवं अक्षत यानी चावल के दाने, ये सब पशु-पक्षियों के प्रति प्रेम, उनके भोजन की व्यवस्था का भाव ही इसके पीछे छिपा है। कहीं-कहीं रंगोली बनाने के पीछे भी यही भाव है। दक्षिण में नियमति रूप से घर के बाहर गेहूं या चावल के आटे की रंगोली बनाई जाती है, इसे चींटियां या अन्य कीट-पतंगे खाते हैं। इसी तरह उत्तर में भी कई जगह चावल को पीसकर गेरू की लिपाई पर रंगोली बनाई जाती है। कुछ त्योहार विशेष तौर से कौओं के लिए होते हैं। उत्तरायणी पर्व पर अनेक जगह कौओं को खिलाने का रिवाज है। सनातनी धर्म व्यवस्था में पशु-पक्षियों के प्रति स्नेह के ऐसे अनेक उदाहरण हैं। कुछ खास व्रत-पर्वों पर कुत्तों को भोजन देने का रिवाज है। इस नवरात्र पर ऐसे ही अनेक दृश्य देखे, जिनपर मंथन किया। कई साल पहले कन्या पूजन और उनको भोजन देने पर एक जानकारी जुटाई थी, तब भी ऐसा ही ब्लॉग लिखा था, इसके अंत में उसका लिंक साझा कर रहा हूं।


जबरन न खिलाइये गायों को

बेशक पशु-पक्षियों के लिए त्योहारों का महत्व हो, लेकिन ध्यान रहे कि जानकार कहते हैं कि पशुओं को जबरन न खिलाइये। कुछ लोग खास मौकों पर पूड़ी, हलवा, सब्जी बनाकर ले जाते हैं और गाय को खिलाने का जतन करते हैं। ऐसे अवसरों पर उन्हें इतना ज्यादा तला-भुना खिला दिया जाता है कि उनके स्वास्थ्य पर बन आती है। कई जगह गायों को चारा देने का भी रिवाज है। अच्छा हो अगर गौशाला प्रबंधकों को सामग्री दे दें या कुछ धन ताकि वे लोग वैज्ञानिक तरीके से गायों के लिए चारा या अन्न लाकर दे सकें।


पंछियों के घौसलों में मत रखिए दाना

पंछियों के लिए दाना आप पार्कों, खेतों में डाल सकते हैं, लेकिन ध्यान रहे कि उनके घौंसले में इन्हें कदापि न डालें। उनकी दिनचर्या ही है कि वे खुद दानों की तलाश में निकलती हैं और खुद के लिए एवं अपने बच्चों के लिए इसे लेकर आती हैं। कई बार घौंसलों में उनके बच्चे या अंडे होते हैं। मान्यता है कि यदि मनुष्य उन्हें छू ले तो पंछियों को वह घर डर के मारे छोड़ना पड़ता है। इसलिए दाने कहीं बिखेर दीजिए, लेकिन बेहतर हो अगर घौंसले का दीदार दूर से ही कर लें।


पानी के लिए मिट्टी का बर्तन जरूरी

यदि पंछियों के लिए पानी रखना चाहते हों तो मिट्टी का बर्तन सर्वथा उचित माना जाता है। कुछ लोग प्लास्टिक के बर्तनों में पानी रखते हैं जो कतई उचित नहीं है। यूं तो धातु के बर्तनों में भी पानी नहीं रखना चाहिए क्योंकि उनमें रखा पानी बहुत गर्म हो जाता है, लेकिन अगर रखना ही पड़ जाए तो प्लास्टिक से बेहतर स्टील या अन्य धातु के बर्तन हैं, लेकिन सबसे उपयुक्त हैं मिट्टी के बर्तन।

http://ktkikanw-kanw.blogspot.com/2010/10/blog-post_17.html

Sunday, April 6, 2025

यही है जीवन सार

केवल तिवारी



वैसे तो सूखी टहनी हूं, काम के नाम पर पेड़ हूं फलदार
जेहन से उखाड़कर पत्थर पर रोपा था, राहें थीं कांटेदार
संघर्ष ही जीवन है, इस शिक्षा को सुना नहीं, मैंने था देखा
चलते रहो अपने पथ पर, बनेगी जरूर कोई भाग्य रेखा
मां, भाई-बहनों से सीखा, चलते रहने का सबक
जीवन पथ पर चलते रहेंगे, सांसें हैं जब तक
पतझड़ और वसंत बहार, ये तो हैं जिंदगी के यार
सफलता की राह में, कभी इधर तो कभी उस पार।
जीवन का है सार यही, अपनों के साथ रहो सही
गलत-वलत सब भ्रम है, जीवन का मतलब श्रम है।
हम रुकेंगे, पर वक्त नहीं थमेगा
ये जीवन तो चलता रहेगा।
अपनेपन को रखो बरकरार
बातें यूं ही होती रहेंगी दो-चार।
मन में अचानक आए कुछ उदगार
लिखते-लिखते निचुड़ ही गया सार
स्वास्थ्य आपका पहला मित्र, दूजा परिवार
अकेलेपन को क्यों ओढ़ते हो, मिलकर चले संसार।

Friday, April 4, 2025

याद हैं न मनोज कुमार यानी भारत कुमार की फिल्मों के वे सदाबहार गीत... हर कोई कह रहा है, मैं न भूलूंगा, मैं ना भूलूंगी...

केवल तिवारी

मशहूर अभिनेता मनोज कुमार नहीं रहे। उन्हें भारत कुमार भी कहा जाता था। उनकी फिल्में तो लाजवाब थी हीं, फिल्मांकन गीत भी एक से बढ़कर एक। कौन नहीं जानता उन गीतों को।
फोटो साभार: सोशल मीडिया 

 आज एक बार फिर उन गीतों की याद आ गयी है। बताया गया कि यूट्यूब पर भी उनके गीतों को खूब सर्च किया गया। बात परेशानी के समय की हो या खुशी या फिर देशभक्ति की, मनोज कुमार की फिल्मों के गीतों ने सबको मोहा ही है। तब भी और आज भी। एक गीत के बोल थे, 'लग जा गले।' यह 1964 में आई फिल्म 'वो कौन थी?' इसी तरह उनकी एक फिल्म का गीत, 'चांद सी महबूबा होगी मेरी' भी खूब चर्चा में रहा। बाद में इस गाने की तो कई पैरोडी भी बनी। यह गीत वर्ष 1965 में तैयार फिल्म 'हिमालय की गोद में' का था। इसे हिमालय की लुभावनी पृष्ठभूमि में फिल्माया गया था। जोश भर देने वाला गीत 'ओ मेरा रंग दे बसंती चोला' तो आज भी खूब बजता है। वर्ष 1965 की फिल्म 'शहीद' के इस गीत को मुकेश ने गाया था। महेंद्र कपूर, लता मंगेशकर और राजेंद्र मेहता ने भी इस गीत को अपनी आवाज दी है। अब जिस गीत की हम चर्चा कर रहे हैं, वह तो जैसे मनोज कुमार नाम का पर्याय ही बन गया था। गीत के बोल हैं, 'मेरे देश की धरती सोना उगले।' वर्ष 1967 की फिल्म उपकार का यह गीत हर भारतीय की जुबां पर चढ़ गया। अब बात करें रोमांटिक मनोज कुमार की। उनकी फिल्म पत्थर के सनम का सदाबहार गीत, 'तौबा ये मतवाली चाल' लाजवाब था। एक अन्य गीत के बोल हैं, 'पत्थर के सनम।' भारत कुमार के तौर पर उनकी फिल्म का एक और मशहूर गीत है, 'है प्रीत जहां की रीत सदा' वर्ष 1970 में रिलीज फिल्म 'पूरब और पश्चिम' का यह गीत दिल को छू लेने वाला है, जिसके बोल प्रेम धवन ने लिखे हैं। महेंद्र कपूर ने इसे भावपूर्ण ढंग से गाया है। अब एक अन्य गीत को भी सदा और सदा बहार कहा जा सकता है। इसके बोल हैं, 'एक प्यार का नगमा है।' वर्ष 1972 में रिलीज फिल्म 'शोर' में मनोज समुद्र किनारे वायलिन बजाते हुए नजर आ रहे हैं। एक अन्य गीत के बोल तो आज भी मौजूं है, 'महंगाई मार गई।' वर्ष 1974 में रिलीज फिल्म 'रोटी कपड़ा और मकान' के इस गीत को लता मंगेशकर और मुकेश ने गाया है, जो आम आदमी के सामने आने वाली कठिनाइयों पर प्रकाश डालने के लिए लोकप्रिय हुआ। कुल 10 लोकप्रिय गीतों की अंतिम कड़ी का मशहूर गीत है, 'मैं ना भूलूंगा।' सच में आज मनोज कुमार के लिए हर कोई यही कह रहा होगा। सादर नमन

Wednesday, March 12, 2025

धवल का 16वें बरस में प्रवेश

केवल तिवारी

प्रिय धवल, खूब खुश रहो। इस 10 मार्च को तुम 16वें में प्रवेश कर गए हो। यानी 15 साल के हो गए। हर बार की तरह वह दौर याद आता है जब तुम हुए थे। वसुंधरा में हम लोग रहते थे। कुक्कू प्रार्थना करता था कि मेरा भैया हो जाये। मासूमियत का वह दौर। पिछले दिनों किसी मौके पर तुमने कहा था कि मैं बच्चा ही बना रहता चाहता हूं। बिल्कुल। वही बने रहो। फिर हमारे लिए तो हमेशा रहोगे ही। 










खैर... इन सब बातों से सबसे महत्वपूर्ण और हमारे लिए गर्व का पल है कि इस बार तुम दसवीं की बोर्ड परीक्षा दोगे। एक समय होता था जब हम लोग बोर्ड परीक्षा वाले साल में होते थे तो हर कोई समझता था कि बच्चा ठीकठाक कर ले गया। कुछ बच्चे तो इसके आगे पढ़ाई नहीं कर पाते थे। या तो घर के हालात के कारण या फिर कोई प्रोफेशनल कोर्स जैसे आईटीआई या पोलिटेक्निक में एडमिशन लेने के कारण। हमारे लिए सचमुच यह पल भावुक है। इतना भावुक कि शायद शब्दों में उसे बयां न कर पाऊं। धवल, मैं और मम्मा कभी-कभी तुम्हारे कुछ अवगुणों को सुधारने के लिए तुमसे बात करते हैं, कोशिश करो उन पर अमल करने की। इस बार स्कूल में जब हम लोग पीटीएम में गए तो कई बातें ऐसी हैं जिन्हें हम-तुम जानते हैं, लेकिन शायद इग्नोर कर जाते हैं। कुछ चीजों में अब नियंत्रण बहुत जरूरी है। टाइम मैनेजमेंट करना बहुत जरूरी है। जल्दी ही मैं एक रफ टाइमटेबल बनाऊंगा। उसमें तुम कुछ अमेंडमेंट करना चाहो तो ठीक, नहीं तो वही चलने देंगे। उससे पहले तुम्हारा फिटजी या फिजिक्स वाला फाइनल देखना है। यूं तो तुम्हारे पास समय ही कम होगा, लेकिन कैसे मैनेज करना है, वह देखना होगा। ऑफिस में मेरी किसी से बात हो रही थी, कुछ लोगों ने कहा कि सोशल मीडिया से बच्चे को अब दूर रखना होगा। मैंने बहुत गर्व से कहा कि मेरा बच्चा किसी सोशल मीडिया में एक्टिव नहीं है। उसका कोई निजी फोन भी नहीं है। दसवीं के बाद तुम्हें फोन दिलाएंगे ताकि तुम कई जगह खुद ही आना जाना कर सको और हमारे लगातार संपर्क में रहो। अभी ज्यादा नहीं लिख पाऊंगा। भावुक पल हैं। खूब खुश रहो और स्वस्थ रहो। ईश्वर और बड़ों का तुम पर आशीर्वाद बना रहे। आज तुम्हारे बचपन की कई वीडियो देखीं। कुछ पुरानी फोटो भी देखीं। समय यूं ही चलता रहे।

नोट : यह पत्र तुम्हें बर्थडे पर गिफ्ट करने के लिए लिखा था, लेकिन दिल्ली जाने के कार्यक्रम के कारण प्रिंट नहीं निकाल पाया। दिल्ली से आने के अगले दिन तुम्हारा बर्थडे था। मन से बहुत खुश था। इसीलिए पूरे दिन सजावट में लगा रहा। इससे पहले कुक्कू भैया को लेकर अस्पताल जाने तक थोड़ा परेशान था, लेकिन जब डॉक्टर से मिलकर आए तो राहत मिली। खुशी-खुशी बर्थडे मना। रात में एक विवाह कार्यक्रम में तुम्हारे साथ जाना अच्छा लगा और अपने जानकारों से तुमको मिलवाना बहुत अच्छा लगा। ऐसे ही स्वस्थ रहो। खुश रहो। हमारे परिवार में हम सबका आपस में प्यार ही हम लोगों में एक-दूसरे के लिए गिफ्ट है। सुबह-सुबह तुम्हारा फोन देखना और किसी का मैसेज एवं फोन न देखकर उदास होना भी रोमांचक लगा क्योंकि यह रोमांच एक समय तक ही रहता है, लेकिन हमारी ओर से हमेशा बना रहेगा। खुश रहो बेटे। भैया ने तुम्हारे लिए बहुत कुछ मंगाया। यह पल भी मेरे लिए गर्व करने वाला था। दोनों बच्चे स्वस्थ रहें और तुम्हारी मम्मा प्रसन्न रहे, यही कामना है। 
तुम्हारा पापा

Saturday, March 1, 2025

मेरे अंगना भी आया बसंत...






केवल तिवारी 

मेरे अंगना भी आया बसंत
थोड़ा सा गमलों में
कुछ-कुछ क्यारी में
हल्का-हल्का मन में
अंगड़ाई सी तन में
मेरे अंगना भी आया बसंत, थोड़ा सा गमलों...
आम बौराया सा है
चर्चाओं में छाया सा है
राग सुना-सुनाया सा है
मन में समाया सा है
मेरे अंगना भी आया बसंत, थोड़ा सा गमलों...
ससुराल से आया जिरेनियम
नर्सरी से मनी प्लांट
पड़ोस से तुलसी का पौधा
कुछ-कुछ हमने भी रोपा
मेरे अंगना भी आया बसंत, थोड़ा सा गमलों...
गेंदे में मुस्कुराहट है
सरसों में खिलखिलाहट है
गुलाब की आहट है
पुदीने में सरसराहट है
मेरे अंगना भी आया बसंत, थोड़ा सा गमलों...
हल्दी हमने बो दी है
नयी क्यारी खोदी है
पारिजात तैयारी में है
शमी, ब्राह्मी की भी बारी है
मेरे अंगना भी आया बसंत, थोड़ा सा गमलों...
देता बसंत नया संदेश
अपना घर हो या दूर देश
नयापन तो आयेगा ही
फागुनी खुमार छायेगा ही
मेरे अंगना भी आया बसंत, थोड़ा सा गमलों...
फाग की रवानी है
सतरंगी जवानी है
कुदरत भी दीवानी है
यही बात सबने मानी है
मेरे अंगना भी आया बसंत, थोड़ा सा गमलों...

Sunday, February 23, 2025

जी गये कोचर साहब... छोटी-छोटी बातों की है यादें बड़ी

केवल तिवारी

एक फिल्मी गीत में एक-दो पंक्तियां बड़ी दार्शनिक सी हैं। इनके बोल हैं, 'छोटी-छोटी बातों की हैं यादें बड़ी, भूलें नहीं बीती हुई एक छोटी घड़ी।' सच में, जिन महानुभाव का मैं यहां जिक्र कर रहा हूं, उनके संबंध में मेरे लिए छोटी सी घड़ी ही है याद करने की। 


उनका नाम है तिलकराज कोचर और अब नाम के आगे स्वर्गीय जुड़ गया है। उम्र की सुई 94 पर पहुंचने ही वाली थी कि पिछले दिनों वे इस नश्वर संसार से विदा ले गये। मेरे लिए उनका तात्कालिक परिचय है कि वह हमारे संपादक नरेश कौशल जी के समधी थे। उनके बारे में लिखने का मुख्य कारण है उनका जिज्ञासु प्रवृत्ति का होना। दो-तीन साल पहले वह दैनिक ट्रिब्यून न्यूज रूम में पहुंचे थे। अंदाजा लगाया जा सकता है कि उस वक्त भी वह 91 या 92 के होंगे। ठीकठाक उम्र। वह मेरे बगल में ही बैठे। संक्षिप्त परिचय के बाद अखबारी दुनिया यानी खबर आने से लेकर अखबार के छपने तक की प्रक्रिया को समझने लगे। पता चला कि वह मशीन सेक्शन भी देखने गए। कमाल है। मैं तो दंग रह गया और उन युवाओं पर लानत भेजने लगा जो हमेशा इस मुगालते में रहते हैं 'अहं ब्रह्मास्मि।' यानी मैं तो सबकुछ जानता हूं। सर्वज्ञ कौन होता है। इस बात को मानने वाले भी कितने होते हैं। बातों-बातों में पता चला कि तिलकराज जी अपने जमाने के इंजीनियर रहे हैं। एमईएस में उन्होंने लंबी सेवा दी है। जानकारी जुटाने के शौकीन हैं। अध्यात्म का उन्हें ज्ञान है। दवाओं की बड़ी जानकारी है। नित कई अखबार पढ़ते हैं। प्रथम पृष्ठ से लेकर संपादकी और ओपएड पेज से होते हुए अंतिम पृष्ठ तक। इतनी जानकारी रखने वाले व्यक्ति को जरा भी दंभ नहीं। वह एक बच्चे की तरह जानने की इच्छा रखते हैं। कोचर साहब के भोग कार्यक्रम में, मैं भी गया। उनकी बहू यानी संपादक जी की बेटी शैलजा कौशल का संदेश आया था। शैलजा हरियाणा सरकार में अधिकारी हैं। मेरे लिए उनका यह परिचय है कि वह लिखती हैं और उनकी एक रचना के पुरस्कृत होने के मौके पर उस कार्यक्रम को कवर करने का मुझे मौका मिला था। तिलकराज जी के पुत्र रिजु भी बेहद विनम्र व्यक्ति। विंग कमांडर से सेवानिवृत्त और वर्तमान में इंडिगो में पायलट बेहद मिलनसार हैं। पिता के जाने का दुख हम सब समझ सकते हैं, लेकिन एक 'भरपूर उम्र' में जाने के बाद शायद इसे विधि का विधान ही कहा जा सकता है, लेकिन उनकी इंटीमेसी कितनी रही होगी, यह उस दिन शांति पाठ के दौरान उनके शब्दों से पता चला। उसी दौरान शैलजा ने जब बोलना शुरू किया तो मेरी आंखें भी नम हो गयीं। मैं अपने आंखों की नमी छिपाने के दौरान इधर-उधर देखने लगा तो देखा कि वहां बैठे कई लोग रुमाल से आंसू पोछ रहे हैं। शैलजा ने बताया कि कैसे पिताजी का उनसे दोस्ताना संबंध था। वह ऑफिस में होती थीं तो पिताजी का फोन आता और कुछ मंगाते। अपनी भावनाओं को व्यक्त करते-करते उनका गला रुंध गया और साथ बैठे उनके पति रिजु भी सुबकने लगे। तिलकराज के भाई ने भी अपनी भावनाओं को व्यक्त किया।

प्रार्थनासभा और पंडितजी
प्रार्थना सभा में पंडित जी ने जहां ओम (ऊं) उच्चारण के लाभ गिनाए, वहीं सांसारिक जीवन में कर्मों के महत्व को समझाया। तिलकराज ही और उनकी पत्नी उषा से मिले ज्ञान को साझा किया। उन्होंने बताया कि उषा जी उन्हें किताबें पढ़ने को देती थीं। कुछ साल पूर्व उनका निधन हो गया। पंडित जी ने प्रार्थना के दौरान कबीर, रहीम और अनेक महान हस्तियों का हवाला देते हुए रामराज परिकल्पना का मतलब बताया। उन्होंने कहा-
दैहिक दैविक भौतिक तापा। राम राज नहिं काहुहि ब्यापा॥ सब नर करहिं परस्पर प्रीती। चलहिं स्वधर्म निरत श्रुति नीती॥
बेहद मधुर वाणी में उद्गार व्यक्त करते हुए पंडितजी को हर किसी ने बहुत मनोयोग से सुना। सामने रखी तिलकराज की तस्वीर और वहां जल रहा दिया। ऐसा लग रहा था तिलकराज जी तो अपने परिवार के आसपास ही हैं। अदृश्य होकर वह आशीर्वाद दे रहे हैं। ऐसा लगा मानो मुस्कुराते हुए कह रहे हैं, "सिर्फ़ ज़िंदा रहने को ज़िंदगी नहीं कहते।" तिलकराज जी को नमन।