indiantopbligs.com

top hindi blogs

Monday, July 12, 2021

‘ट्रेजडी किंग’ ने महसूस किया हर रंग



स्मृति शेष : दिलीप कुमार

साभार : दैनिक ट्रिब्यून

केवल तिवारी

रील लाइफ में ज्यादातर त्रासद-दुखद अभिनय के कारण ट्रेजडी किंग के नाम से मशहूर हुए दिलीप कुमार निजी जीवन में हर रंग से रू-ब-रू हुए। वह भरपूर जीवन जी गये। बीच के थोड़े से समय को छोड़ दें तो उनका जीवन बेहतरीन रहा। उन्हें मोहब्बत हुई, उन्होंने शोहरत की बुलंदियों को छुआ, मुफलिसी का दौर भी झेला, राजनीति के मंच पर चमके, परिवार की जिम्मेदारियों को भी निभाया। 25 साल की उम्र में बतौर अभिनेता अपनी पहचान बना चुके दिलीप साहब ने 54 साल के फिल्मी कॅरिअर में लगभग इतनी ही फिल्में कीं, जबकि उनके अभिनय से बहुत कुछ सीखने वाले कई दिग्गज अभिनेताओं ने अपने करिअर में फिल्मों का शतक लगाया और उससे आगे भी गये। अकसर यह सवाल उठता है कि दिलीप साहब जैसे महान अभिनेता ने कम फिल्में ही क्यों कीं, इस पर स्वयं एक बार उन्होंने एक कार्यक्रम में कहा था कि वह संख्या बढ़ाने पर विश्वास नहीं रखते। फिल्में ऐसी हों जो समाज को कोई संदेश दे। यहां उल्लेखनीय है कि दिलीप साहब ने स्वयं कई फिल्मों में अभिनय करने से इनकार कर दिया। वर्ष 1998 में बनी फिल्म किला के बाद उन्होंने किसी फिल्म में काम नहीं किया। उन्होंने 1961 में ‘गंगा-जमुना’ फिल्म का निर्माण भी किया, जिसमें उनके साथ उनके छोटे भाई नासिर खान ने काम किया। उनकी चर्चित फिल्में हैं-

सुपर-डुपर हिट :
जुगनू, मेला, अंदाज, आन, दीदार, आजाद, मुगल-ए-आजम, कोहिनूर, गंगा-जमुना, राम और श्याम, गोपी, क्रांति, विधाता, कर्मा और सौदागर।
 
सुपर हिट :
शहीद, नदिया के पार, आरजू, जोगन, अनोखा प्यार, शबनम, तराना, बाबुल, दाग, उड़न खटोला, इंसानियत, देवदास, मधुमती, यहूदी, पैगाम, लीडर, आदमी, संघर्ष।

हास्य अभिनय :
शबनम, आजाद, कोहिनूर, लीडर, राम और श्याम, गोपी।

दबंग भूमिका :
आन, आजाद, कोहिनूर, क्रांति।

नेगेटिव रोल :
फुटपाथ, अमर।

अधूरी रहीं फिल्में :
काला आदमी, जानवर, खरा-खोटा, चाणक्य-चंद्रगुप्त, आखिरी मुगल।

अभिनय से किया इनकार :
बैजू बावरा, प्यासा, कागज के फूल, संगम, दिल दौलत और दुनिया, नया दिन नयी रात, जबरदस्त, लॉरेंस ऑफ अरेबिया, द बैंक मैनेजर।

बनने गये थे लेखक, बन गये एक्टर

इसे समय का फेर कहिये या किस्मत का करिश्मा कि मुफलिसी के दौर में दिलीप कुमार बनने तो गये थे लेखक, लेकिन बन गये एक्टर। किस्सा कुछ इस तरह से है। पिता के व्यवसाय में घाटा हो जाने के कारण उनको कॉलेज की पढ़ाई अधूरी छोड़नी पड़ी। उन्होंने पुणे के फौजी कैंटीन में मामूली नौकरी कर ली और फलों का व्यवसाय भी जारी रखा। मुंबई में यूसुफ अपने पिता के व्यवसाय को फिर से बढ़ाने की सोच ही रहे थे कि अब्बा ने उन्हें राय-मशविरे के लिए पारिवारिक मित्र डॉ. मसानी के पास भेजा। डॉ. मसानी को पता था कि यूसुफ की उर्दू अच्छी है और साहित्य में भी उनकी रुचि है, इसलिए उन्होंने उन्हें देविका रानी से मिलने की सलाह दी जो उन दिनों बॉम्बे टॉकीज का संचालन कर रही थीं। बॉम्बे टॉकीज उन दिनों प्रसिद्ध फिल्म निर्माण संस्था थी। यूसुफ ने देविका रानी से भेंट की और लेखक के रूप में काम मांगा। यूसुफ को देखकर उन्होंने उन्हें एक हजार रुपए प्रतिमाह पर अभिनेता के रूप में नियुक्ति दे दी। देविका रानी ने ही उन्हें अपना फिल्मी नाम दिलीप कुमार रखने की सलाह दी थी।

शुरू में घरवालों से छिपायी एक्टिंग

यूसुफ खान से दिलीप कुमार बने इस नये अभिनेता ने बॉम्बे टॉकीज में काम शुरू करने की बात अपने अब्बा को नहीं बतायी। अब्बा की फिल्मी लोगों के बारे में अच्छी राय नहीं थी। इसीलिये दिलीप कुमार ने घरवालों से झूठ बोला। उन्होंने अपने घर पर बताया कि वे ग्लैक्सो कंपनी में काम करने लगे हैं। अब्बा खुश हुए और फरमान सुनाया कि रोज ग्लैक्सो कंपनी के बिस्किट घर में लाना। क्योंकि द्वितीय विश्वयुद्ध की वजह से खाद्यान्न का बड़ी किल्लत थी और परिवार भी बड़ा था। इससे दिलीप कुमार एक नयी मुसीबत में फंस गए। ऐसे में कॉलेज का एक मित्र काम आया, जो शहर में जहां भी ग्लैक्सो बिस्किट मिलते दिलीप तक पहुंचा देता। एक दिन राजकपूर के दादा दीवान बशेशरनाथ ने इसका भंडाफोड़ कर दिया। कुछ समय नाराज रहने के बाद अब्बा ने यूसुफ को माफ कर दिया। दिलीप कुमार की फिल्म ‘शहीद’ उन्होंने परिवार के साथ देखी और फिल्म उन्हें पसंद आई। फिल्म का अंत देखकर उनकी आंखों में आंसू आ गए थे और उन्होंने यूसुफ से कहा था कि आगे से अंत में मौत देने वाली फिल्में मत करना। यह भी अजीब इत्तेफाक है कि ‘ट्रेजडी किंग’ कहे जाने वाले दिलीप कुमार ने फिल्मों में जितने मृत्यु दृश्य किए हैं, उतने शायद किसी अन्य भारतीय अभिनेता ने नहीं दिए। फिल्म फेयर अवार्ड में रिकॉर्ड बनाने वाले दिलीप कुमार को वर्ष 1995 में दादा साहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। 1991 में उन्हें भारत सरकार ने पद्मभूषण की उपाधि से नवाजा। 1998 मे उन्हें पाकिस्तान का सर्वोच्च नागरिक सम्मान निशान-ए-इम्तियाज़ भी प्रदान किया गया।

मोहब्बत भी हुई

दिलीप कुमार अपने जमाने के नंबर वन हीरो थे। व्यक्तित्व आकर्षक था। स्वभाव रोमांटिक। मीना कुमारी और नरगिस से दिलीप कुमार के दोस्ताना ताल्लुकात थे। वैजयंतीमाला और वहीदा रहमान के साथ भी फिल्मों में उनकी भागीदारी अच्छी निभी, लेकिन उनके करीबी जानकारों के हवाले से कहा जाता है कि दो अभिनेत्रियों से दिलीप कुमार ने सचमुच प्यार किया। वे थीं कामिनी कौशल और मधुबाला। 1948 और 50 के बीच दिलीप-कामिनी ने चार फिल्मों में साथ काम किया था। कामिनी कौशल ब्याहता थीं। उनका वास्तविक नाम उमा कश्यप था। बड़ी बहन की असामयिक मृत्यु के कारण दीदी की छोटी बच्चियों की खातिर जीजा से विवाह करके मुंबई आ गई थीं। पति बन चुके जीजा ने कामिनी को फिल्मों में काम करने की आजादी दे रखी थी। सामाजिक ताना-बाना उस वक्त का ऐसा था कि दिलीप साहब और उमा ने अपने प्रेम को दबाया और जरा सी भनक लगने का अहसास हुआ तो कई सालों तक एक दूसरे के सामने भी नहीं पड़े। मधुबाला-दिलीप कुमार ने एक साथ सिर्फ चार फिल्में की। इनमें ‘मुगल-ए-आजम’ (1960) उनकी अंतिम फिल्म है, जिसे लोग इन दोनों की प्रेम कहानी के रूप में ही देखना पसंद करते हैं। दिलीप कुमार के जीवन में प्रेम संबंधों के कई नाटकीय मोड़ आये।

11 दिसंबर, 1922 को पेशावर (अब पाकिस्तान में) में जन्मे दिलीप साहब (यूसुफ खान) ने अभिनेत्री सायरा बानो से 1966 मे विवाह किया। विवाह के समय दिलीप कुमार 44 वर्ष के और सायरा बानो उनसे आधी उम्र की थीं। 1980 में उन्होंने असमा रहमान नाम की एक युवती से दूसरी शादी भी की, हालांकि यह ज्यादा नहीं चली।

46 साल बाद अमिताभ को मिला ऑटोग्राफ

यह बात शायद सबको अटपटी लगे कि उस दौर के बड़े अभिनेता का ऑटोग्राफ अमिताभ नहीं ले पाये थे। दिलीप कुमार का ऑटोग्राफ लेने के लिए अमिताभ को 46 बरस तक लंबा इंतजार करना पड़ा था। यह बात अमिताभ ने खुद अपने ब्लॉग पर लिखी है। बिग बी ने दिलीप साहब को पहली बार 1960 में देखा था। तब वह अपने पिता के साथ मुंबई गए थे। अमिताभ ने लिखा है कि उस समय साउथ बांबे के एक प्रसिद्ध रेस्तरां में वह अपने परिवार के साथ खानपान में जुटे थे कि उस समय के सुपर स्टार दिलीप साहब अंदर आए और अपने कुछ मित्रों से बात करने लगे। अमिताभ, दिलीप कुमार का ऑटोग्राफ लेने के लिए इतने उतावले थे कि रेस्तरां से निकले और भागकर पास की एक स्टेशनरी की दुकान से ऑटोग्राफ बुक खरीद लाये। हांफते हुए वह रेस्तरां के अंदर घुसे और डरते हुए दिलीप साहब के पास पहुंचे। ऑटोग्राफ लेने के लिए बुक उनकी ओर बढ़ा दी। दिलीप साहब की नजर इस बच्चे पर नहीं पड़ी। ब्लॉग में अमिताभ लिखते हैं कि कुछ ही समय बाद दिलीप साहब वहां से चले गये, उन्हें ऑटोग्राफ नहीं मिल पाया। धीरे-धीरे समय गुजरता गया। अमिताभ हिंदी सिनेमा के नए सुपरस्टार बन गए। इस बीच अमिताभ को दिलीप साहब के साथ एक फिल्म में काम करने का मौका मिला। रेस्तरां की घटना के बाद अमिताभ ने दिल्ली में तीन मूर्ति भवन में दिलीप साहब को देखा जहां तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू ने कलाकारों के सम्मान में पार्टी दी थी। उस समय बच्चन परिवार के नेहरू परिवार से बेहद घनिष्ठ संबंध थे और बच्चन परिवार को भी आमंत्रित किया गया था। यहां अमिताभ ने राज कपूर, देव आनंद तथा दिलीप साहब को एक साथ पहली बार देखा था। अमिताभ लिखते हैं कि समय बीत गया। 2006 में वडाला के आईमैक्स में उनकी फिल्म ‘ब्लैक’ का प्रीमियर था। फिल्म समाप्ति के बाद बाहर इंतजार कर रहे दिलीप साहब के पास अमिताभ गये। उन्होंने अमिताभ के दोनों हाथ अपने हाथों में ले लिए। दोनों में से किसी ने कुछ नहीं कहा। अमिताभ लिखते हैं, ‘उसके दो दिन बाद मुझे दिलीप साहब का एक खत मिला, जिसमें मेरी एक्िटंग की तारीफ की हुई थी। इसी खत में नीचे दिलीप कुमार के दस्तखत थे।’

राजनीति से हुआ मोहभंग

भले दिलीप साहब लंबे समय तक कांग्रेस की ओर से राज्यसभा सांसद रहे, लेकिन राजनीति में उन्होंने लंबी दिलचस्पी नहीं दिखायी। यह अलग बात है कि उन्होंने कई बार नेताओं का प्रचार किया। इस सबके बावजूद जवाहरलाल नेहरू, शाहनवाज खान, मौलाना आजाद और फखरुद्दीन अली अहमद से उनके अच्छे रिश्ते रहे। सन 1980 में दिलीप कुमार को मुंबई का शेरिफ नियुक्त किया गया।

Sunday, June 20, 2021

पापा तो पापा हैं...

 



साभार : दैनिक ट्रिब्यून

बाहर से धीर गंभीर और सख्त। अंदर से बेहद मुलायम। ऐसे ही तो होते हैं ना पापा। कभी-कभी बच्चों के साथ बच्चे बन जाते, कभी डांट देते। कभी कड़वा बोलते, कभी बातों से शहद टपकाते। कभी जीवन का फलसफा समझाते और कभी अपने अनुभव से ‘जनरेशन गैप’ को भरते। कभी टीचर बनते, कभी दोस्त। कितना कुछ तो करते। कितने तो रूप धरते, लेकिन हर रूप में सबसे अहम, पिता का पिता बने रहना। किसी के लिए बापू, किसी के पापा दि ग्रेट, किसी के अब्बू जान और किसी के डैडी। फादर्स डे पर हर पिता को बधाई।


केवल तिवारी

दफ्तर से घर लौटता हूं तो बच्चों की मुस्कान सारी थकान दूर कर देती है, ऐसा कई बार आपने भी कहा होगा। अपने साथियों से भी सुना होगा। असल में ऐसी बात वो सब करते हैं जो बच्चों के साथ घुलमिलकर कभी अपना बचपन याद करते हैं तो कभी बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए उनको पढ़ाने में मशगूल रहते हैं। लेकिन इधर, दो सालों से तो सारा सिस्टम ही बिगड़ा हुआ है। ज्यादातर लोगों के लिए घर ही दफ्तर बना हुआ है और घर में बच्चों का कोहराम मचा हुआ है। बच्चे हैं तो हो-हल्ला होगा ही और बाहर की दुनिया ‘बंद’ है तो इसका मतलब यह थोड़े है कि भावनाओं का समुंदर भी हिलोरे नहीं मारेगा। अब इस विवाद में क्या पड़ना कि पिता के लिए कोई एक दिन नहीं होता या माता का कोई एक दिन नहीं होता। यह बिल्कुल सत्य वचन है कि माता-पिता का कोई एक दिन हो ही नहीं सकता, उनका साथ तो हमारी एक-एक सांस की तरह है। लेकिन अगर किसी एक दिन को विशेष तौर पर मनाते हैं तो उत्सव का माहौल तो बनता ही है। जब उत्सव सरीखा माहौल बने, जज्बात उमड़ें तो उस दिन को क्यों न उल्लासपूर्वक मनाया जाये। एक त्योहार की तरह। ऐसा ही हो रहा है। फादर्स डे के लिए भी तैयारियां चलीं। जिनके बच्चे छोटे हैं, वे पिता के लिए कार्ड बना रहे हैं, उनके लिए अच्छे संदेश बना रहे हैं। गाना गा रहे हैं, केक काट रहे हैं। जिनके बच्चे बड़े हैं, वे अपने तरीके से पिता से प्यार का इजहार कर रहे हैं और जिनके बच्चे दूर हैं वे पिता के लिए या तो ऑनलाइन गिफ्ट भेज रहे हैं या फिर पुरानी यादों को ताजा कर रहे हैं। इसलिए किसी भी खास दिन को मनाने से उत्सवधर्मिता तो बनती ही है। फिर यह तो ‘फादर्स डे’ है। पिता के प्रति प्यार जताने का दिन। जाहिर है पिता की भूमिका हमारे जीवन के हर पहलू के साथ बंधी है। बच्चे पिता की दिनभर की थकान को छूमंतर कर देते हैं, वही जब बड़े होते हैं तो ‘बहुत हो गया पापा, अब आप अपने लिए भी तो जीओ’, कहकर सारी खुशियां दे देते हैं। किसी भी बच्चे के लिए दुनिया में सबसे बेहतरीन व्यक्ति उसके पापा होते हैं और किसी भी व्यक्ति के लिए अनुभवों का खान भी उसके पिता ही होते हैं। छोटे हैं तो मजा आता है पिता के बचपन की बातें सुनने में, बड़े होते हैं तो उन्हीं बातों को अन्य लोगों के साथ साझा करने का आनंद ही कुछ और है, जिसकी शुरुआत ही होती है इस वाक्य से, ‘मेरे पापा कहते हैं...।’



बच्चों में खुद को देखता पिता

हिन्दी फिल्म अधिकार का गीत है-‘सूरज से किरणों का रिश्ता, सीप से मोती का। तेरा मेरा वो रिश्ता जो आंख से ज्योति का।’ सचमुच यही अटूट रिश्ता तो है बच्चों का पिता से। कभी मां शिकायत करती ये गुड़िया भी तुम्हारी तरह जिद्दी हो रही है। कभी परिवार का कोई सदस्य कहता ‘लड़का पूरी तरह अपने बाप पर गया है।’ कभी गुस्सा, कभी मनुहार, कभी नाराजगी और कभी प्यार। सचमुच ऐसे ही भाव तो होते हैं जब पिता और बच्चे आपस में घुल-मिल जाते हैं। पिता को भले ही उलाहनाएं मिलती हों, लेकिन असल में वह बच्चों में अपना ही बचपन देखता है। उक्त गीत की अगली पंक्तियों की मानिंद, जिसके बोल हैं-‘तू ही खिलौना, तू ही साथी तू ही यार मेरा, एक ये चेहरा, ये दो बाहें ये संसार मेरा। खुद को भी देखा है तुझमें तू मेरा दर्पण।’ अनेक लोग हैं जो इस बात को जाहिर करते हैं कि मैं अपने बच्चे में अपना बचपन देख रहा हूं। कुछ मन ही मन उन हरकतों को देखकर खुश होते हैं। कभी-कभी तो पिता जब सख्त बनकर बच्चों को डांटते हैं तो दादा-दादी की डांट उस पिता को ही पड़ने लगती है जिसमें बुजुर्ग कहते हैं, ‘भूल गया अपने दिनों को, कितना तंग करता था।’ पिता भले कुछ कहे नहीं, लेकिन वह बच्चों में खुद का बचपन देखकर गदगद तो हो ही जाता है।

पिता पर सवालों की झड़ी

‘फादर्स डे’ के दिन बेशक संदेशों का आदान-प्रदान होता हो, लेकिन सच तो यही है कि बदले वक्त में बच्चे पिता से सवाल दर सवाल दागते हैं। अनेक पिता होते हैं जो हंसते हुए कहते हैं, ‘हमारे जमाने में मजाल जो हम बाबूजी से कुछ पूछ लें। वह बहुत डांटते थे।’ डांटना-फटकारना तो पैरेंटिंग का हिस्सा है, लेकिन अब रूप थोड़ा बदल गया है। बच्चे शायद ज्यादा ‘स्मार्ट’ हो गये हैं। पिता शायद थोड़ा बदल गये हैं। लेकिन सच तो यही है कि पिता पर सवालों की झड़ी हमेशा से लगती आई है। सवाल उनके बचपन के दौर को लेकर, सवाल उनके जीवन संघर्ष के संबंध में, सवाल उनके स्वास्थ्य को लेकर, सवाल उनके खान-पान को लेकर, सवाल उनकी रुटीन लाइफ को लेकर और कई बार सवालों का भावुक ‘द एंड’ होता है जब बेटा कहता है, ‘पापा बहुत कर लिया संघर्ष, अब एंजॉय करो।’ बच्चे के ऐसे बोल सुनकर पिता को लगता है उसे सारे जहां की खुशियां मिल गयी हैं। बेटी हो या बेटा, अपने पिता के लिए हर कोई चिंतित रहता है। एक दौर में उन्हें पिता की गंभीरता का कारण समझ में आ जाता है। इसी समझ के दौर में वह अपने पिता को बच्चे की तरह ‘ट्रीट’ करने लगते हैं। पिता और संतान का यह रिश्ता होता अनूठा है। इसीलिए तो मां को धरती तो पिता को आकाश यानी छत्रछाया करने वाला बताया गया है।



इंटरनेट पर तैरते भावुक संदेश

जब मौका जश्न मनाने का है तो जाहिर है एक से बढ़कर एक सोशल मीडिया संदेश बनेंगे। आज तो इंटरनेट का संसार पिता के दिल जैसा ही व्यापक है। विस्तार लिए हुए। बेटा अगर सात समुंदर पार भी है तो पलभर में संदेश आ जाता है। हर दिन आते हैं प्यारभरे संदेश, लेकिन ‘फादर्स डे’ के लिए बने संदेशों की बात ही कुछ और है। ऐसे ही कुछ संदेश इंटरनेट की दुनिया में तैर रहे हैं। जैसे-‘मुझे रख दिया छांव में खुद जलते रहे धूप में, मैंने देखा है ऐसा एक फरिश्ता अपने पिता के रूप में।’- हैप्पी फादर्स डे। ऐसा ही एक अन्य संदेश है-‘अपने पापा को आज मैं क्या उपहार दूं, तोहफे दूं फूलों के या गुलाबों का हार दूं, मेरी जिंदगी में हैं वो सबसे प्यारे, उन पर तो मैं अपनी जान निसार दूं।’- हैप्पी फादर्स डे। एक अन्य भावुक संदेश है-‘संसार के सबसे भारी शब्द जिम्मेदारी को साक्षात देखें तो वह कैसा दिखेगा... पिता जैसा। पापा आप महान हो।’ – फादर्स डे की बधाई। एक अन्य संदेश है-‘मेरे खुदा तेरा शुक्रिया, मेरे खुदा तेरा करम, मेरे पापा की मोहब्बत सबसे बड़ी... यही दुआ कि रहे उस पर सदा तेरी रहम।’ एक और संदेश है- ‘दुनिया में केवल पिता ही एक ऐसा इंसान है जो चाहता है कि मेरे बच्चे मुझसे भी ज्यादा कामयाब हों। पापा तुस्सी ग्रेट हो।’ – हैप्पी फादर्स डे। एक संदेश के अल्फाज इस तरह से हैं- ‘पिता के बिना जिंदगी वीरान होती है, तन्हा सफर में हर राह सुनसान होती है। जिंदगी में पिता का होना बेहद जरूरी है, पिता गर साथ हो तो हर राह आसान होती है।’ – फादर्स डे मुबारक। एक और सुंदर संदेश है- मेरा साहस, मेरी इज्जत, मेरा सम्मान है पिता। मेरी ताकत, मेरी पूंजी, मेरी पहचान है पिता।’ – पापा लव यू।

कितनों ने खो दिया अपने पिता को

संसार चक्र में व्यक्ति अपना जीवन जीकर चला भी जाता है, लेकिन कोरोना महामारी ने अनेक लोगों को असमय ही छीन लिया। यूं तो अनेक लोग हैं जो अपने स्वर्गीय पिता को याद करते हैं। बच्चों के साथ उनकी यादों को साझा करते हैं। पिता का साया उठना तो निश्चित रूप से बेहद दुखदायी है, लेकिन भरपूर जीवन जीकर जाने पर मन को समझाया जा सकता है, पर महामारी के कारण आज अनेक बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। आइये इस मौके पर उनके भविष्य के लिए दुआ करें। उनकी यादों को भी साझा करें। जितना संभव हो मदद के लिए हाथ बढ़ायें। साथ ही कोशिश करें कि जब तक महामारी पूरी तरह खत्म नहीं होती, तब तक स्वास्थ्य संबंधी सुरक्षात्मक नियमों का पालन करें।


एक बिटिया की परिकल्पना थी फादर्स डे

यूं तो ‘फादर्स डे’ मनाने की शुरुआत को लेकर अब भी मतभेद हैं। खास तिथि पर ऐतराज करने वाले कहते हैं कि ‘पितृ दिवस’ उतना ही पुराना है जितना मानव इतिहास। बेशक बच्चों के प्रति पिता का प्यार और पिता के प्रति बच्चों के प्यार का कोई इतिहास या भूगोल नहीं हो सकता, लेकिन एक निश्चित तिथि के संबंध में अलग-अलग मत हैं। वैसे आज जिस रूप में हम ‘फादर्स डे’ मनाते हैं वह एक बिटिया की परिकल्पना थी। पिता ने जिस तरह उस बच्ची की परवरिश की, उसने मदर्स डे की तरह फादर्स डे मनाने के लिए अभियान छेड़ा। उसका अभियान रंग लाया और आज फादर्स डे दुनियाभर में मनाया जाता है। उस कहानी पर बात करने से पहले बात करते हैं निश्चित तिथि पर मतभेद के संबंध में। असल में कुछ इतिहासकारों का कहना है कि ‘फादर्स डे’ पहली बार 1908 में वर्जीनिया में मनाया गया था। वैसे इसका कोई प्रामाणिक आधार नहीं है, लेकिन प्रचलित कहानी के मुताबिक अमेरिका के वर्जीनिया राज्य में पहली बार 5 जुलाई, 1908 को उन 361 पुरुषों की याद में फादर्स डे मनाया गया था जिनकी मृत्यु एक कोयला खदान विस्फोट में दिसंबर 1907 में हुई थी। वैसे फादर्स डे मनाने की आधिकारिक मान्यता एक बिटिया के अभियान को मिली। इस संबंध में इतिहासकार कहते हैं कि सबसे पहले 19 जून, 1910 को ‘फादर्स डे’ मनाया गया। इससे पहले मदर्स डे की शुरुआत हो चुकी थी, इसलिए फादर्स डे को भी शुरू करने की परिकल्पना हुई। अब बात करते हैं उस बिटिया की जिसकी परिकल्पना थी फादर्स डे मनाने की। वह बच्ची अमेरिका की थी। निवास था वाशिंगटन के स्पोकेन शहर में। बच्ची का नाम था सोनोरा डॉड। असल में जब सोनोरा छोटी थी तो उसकी मां का निधन हो गया। उस समय सोनोरा डॉड के पिता विलियम स्मार्ट, जिन्होंने गृहयुद्ध के दौरान अपने देश के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया था, ने बच्चों की परवरिश की। उन्होंने सोनोरा और उसके अन्य भाई-बहनों की परवरिश दिलोजान से की। यानी विलियम स्मार्ट ने सोनोरा और अपने अन्य बच्चों को मां की कमी कभी खलने नहीं दी। बाद में विलियम का निधन हो गया। जब सोनोरा बड़ी हुई, तो उसने ‘मदर्स डे’ की तरह ‘फादर्स डे’ मनाने पर बल दिया। सोनोरा चाहती थीं कि उनकी पिता की पुण्यतिथि को फादर्स डे के तौर पर मनाया जाये। उन्हीं दिनों सोनोरा ने पिता के सम्मान में ‘फादर्स डे’ पहली बार मनाया। कहा जाता है कि सबसे पहला फादर्स डे 19 जून 1910 को मनाया गया। मां की तरह ही पिता के लिए खास दिवस मनाने के प्रस्ताव को वर्ष 1916 में अमेरिकी राष्ट्रपति वुडरो विल्सन ने स्वीकृति दी। बाद में 1924 में तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति कैल्विन ने फादर्स डे को आधिकारिक मंजूरी दे दी। उसके बाद वर्ष 1966 में राष्ट्रपति लिंडन जानसन ने इसे जून महीने के तीसरे रविवार को मनाने की सहमति दी। वर्ष 1972 में राष्ट्रपति रिचर्ड निक्सन ने पहली बार इस दिन को नियमित अवकाश के रूप में घोषित किया। उस समय से हर साल यह जून महीने के तीसरे रविवार को मनाया जाता है। अन्य खास दिनों की तरह ही यह उत्सव भी धीरे-धीरे पूरे संसार में मनाया जाने लगा। भारत में तो अनेक स्कूल छोटे बच्चों की प्रतियोगिताएं भी कराते हैं। चूंकि यह समय स्कूलों में छुट्टियों का होता है, इसलिए होलीडे होमवर्क में फादर्स डे पर कविता लिखने या ग्रीटिंग कार्ड बनाने का काम दिया जाता है। आज के दौर में चल रहे ऑनलाइन कक्षाओं के दौरान यह पर्व बच्चों और उनके अभिभावकों के साथ लाइव मनाया जा रहा है। इंटरनेट के जरिये अलग-अलग प्लेटफॉर्म से जुड़कर बच्चे इसकी तैयारी करते हैं। पिता के लिए कुछ खास करने के इस काम में माताएं पूरा सहयोग करती हैं।

पापा तो पापा हैं... https://m.dainiktribuneonline.com/news/features/papa-is-papa-50149



Wednesday, June 2, 2021

कहानी : उसे कहां आना था

केवल तिवारी

मिथिलेश अपनी बेटी श्यामली को बार-बार पुकार रही थी। उठ जा, देख पापा आ गये हैं। श्यामली बड़ी खुश। सचमुच आश्चर्य हो गया। वह दौड़कर छोटी बहन लक्ष्मी के कमरे में गयी फिर अपने दोनों भाइयों को पुकारने लगी। परिवार के सभी लोग खुशी के मारे नाचने से लगे। उन्हें यकीन ही नहीं हो रहा था कि उनके पापा रोहन कुमार वापस आ गये, वह भी दूसरे लोक से। कोरोना महामारी ने सचमुच ऐसा खौफ बना दिया था कि न जाने कितनों के अपने चले गये। कितनों की दुनिया उजड़ गयी। कुछ ठीक होकर लौटे भी तो बेहद कमजोर और किसी को दूसरी बीमारी ने आ घेरा।

रोहन कुमार के साथ भी तो ऐसा ही हुआ। परिवार के अन्य लोगों के साथ ही उसे कोरोना हुआ। कोरोना किसके कारण आया, किसी को पता नहीं, लेकिन हुआ सबको। एक परिवार, एक घर। क्या करें। किसी तरह सुरक्षा उपायों के साथ घर के जरूरी काम कर रहे थे। बड़ी बिल्डिंग थी, उसमें कई फ्लैटों में लोगों को कोरोना हुआ था। इस महामारी की सबसे त्रासद स्थिति यह थी कि कोई हालचाल पूछने भी नहीं आता था। रोहन का परिवार अच्छी तरह से जानता है कि कुछ साल पहले जब वे लोग सरकारी मकान में रहते थे तो कैसे जरा सी बीमारी में भी आसपास के अनेक लोग हालचाल पूछने चले आते थे। कभी-कभी तो लगता था कि इतने लोग क्यों आ रहे हैं? फिर अपनापन देखकर अच्छा भी तो लगता। बीमारी ही नहीं, घर में और भी कोई काम होता था तो पता ही नहीं चलता था कि काम कैसे निभ गया। और आज देखो, इस बीमारी में कोई आ भी नहीं सकता। कितनी पीड़ादायक स्थिति है यह। कोई आ नहीं सकता। किसी का कोई परिजन मर जाये तो उसे कांधा देने कोई नहीं आ रहा। शहरों की कई कालोनियों में तो पार्थिव शरीर, जिसे आजकल बस डेड बॉडी कहा जा रहा है, को भी लाने की मनाही थी। कुछ दिन पहले मोहित के पिता की मौत हुई थी, मौत उम्र जनित थी। प्राकृतिक थी, लेकिन कालोनी की गाइडलाइन के मुताबिक डेड बॉडी को गेट के अंदर नहीं लाने दिया गया। आखिरकार दो-चार परिजन जाकर अंतिम संस्कार करके लौटे। वहां तो यह था कि मोहित के पिता पूरी उम्र गुजारकर और सब अच्छा देखकर गये हैं, इसलिए गम जैसी वैसी स्थिति नहीं थी, जैसी रोहन कुमार के मामले में। मोहित को पिता के जाने का दुख तो था, जाहिर है पिता का साया उठता है तो दुखों का पहाड़ टूटता है, लेकिन 90 की उम्र में जाना कोई बुरी बात भी नहीं। मोहित को बस दुख था तो इस बात का कि ऐसे समय पिता की मौत हुई जब लोग भी इकट्ठा नहीं हो पाये। चार साल पहले उसकी माताजी का जब निधन हुआ था तो सारे नाते-रिश्तेदार आ गये थे। करीब दो सौ लोग माता जी की अंतिम यात्रा में शामिल हुए थे। खैर, क्या कर सकते हैं। मौत ही तो इंसान के हाथ में नहीं है। लेकिन आज जो मौतें हो रही हैं उसमें सिस्टम का नाकरापन तो साफ झलक ही रहा है। किसी को ऑक्सीजन नहीं मिली तो दम घुटकर मर गया। किसी को ब्लैक में दवा खरीदनी पड़ रही है। कहीं अस्पताल में बेड नहीं तो बंदा एंबुलेंस में ही मर गया। कैसी-कैसी सूचनाएं आ रही हैं। रोहन कुमार का भी ऑक्सीजन लेवल कम हुआ तो फैसला हुआ कि अस्पताल ले जाना पड़ेगा। हालांकि कुछ अपने ही लोगों से फोन पर बात की गयी तो, कुछ ने कहा कि नहीं घर पर ही इलाज करो। अस्पताल तो इन दिनों यमलोक बने हुए हैं। लेकिन जब ऑक्सीजन लेवल कम होगा, कोई तड़पने लगेगा तो क्या होगा, हर कोई अस्पताल की ओर ही भागेगा। ऐसा ही हुआ रोहन के मामले में। हर कोई सोच यही रहा था कि बंदा हिम्मती है। दो-चार दिन अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में रहेगा तो कोरोना को मात देकर लौट आएगा। लेकिन कौन जानता था कि कोरोना को मात तो नहीं, मौत को जरूर गले लगा लेगा। यही हुआ। वही दुखद खबर आई। पूरे परिवार पर वज्रपात। दूर-दराज बैठे जो लोग दुआ कर रहे थे, सब सन्न। जो डॉक्टरी मदद में जुटे थे वे भी अवाक। ये क्या हुआ? बाप रे कोराना इतना खौफनाक। रोहन भी मर सकता है। चारें ओर रोना-धोना, लेकिन सामने कोई नहीं। गनीमत है आसपास कुछ परिजन थे। मामला वही, पार्थिव शरीर यानी डेड बॉडी तो घर ले ही नहीं जा सकते। सबको अस्पताल ले जाया गया। अंतिम दर्शन कराया गया। और हो गया अंतिम संस्कार।

आज इतने दिनों बाद रोहन को सामने देखकर मिथिलेश का खुश होना तो लाजिमी था। परिवारवालों को बताया तो सब खुश। पापा आ गये। मिथिलेश ने रोहन को गले लगा लिया। बेहद कमजोर। थका-हारा। उसने सोफे पर बिठाया। पानी लाऊं क्या? रोहन कुछ बोलते क्यों नहीं। अच्छा बीमारी के कारण कमजोरी आ गयी। वह एकटक उसकी तरफ देख रही है। बच्चों की खुशी का तो ठिकाना ही नहीं था। क्या फोन करके सबको बता दें। नहीं, अभी थोड़ा रुक जाते हैं। मिथिलेश फिर बात करने को हुई। तुम सचमुच आ गये हो। जानते हो मुझपर कैसा पहाड़ टूट पड़ा था। रोहन अब बोला, हां जानता हूं, लेकिन मौत ही तो सत्य है, यह बात तुमको भी समझनी चाहिए। हां सत्य है मौत, जिंदगी झूठी है, लेकिन मौत का भी तो कोई समय होता है। कोई समय नहीं होता, मौत का। चलो छोड़ो ये मौत-वौत की बात। अब पानी पी लो, मैं भी पीऊंगी, अभी तक तो जैसे आसूं ही पी रही थी। .... मम्मी-मम्मी...। तीन-चार बार मम्मी-मम्मी सुनकर मिथिलेश चौंकी। आंखें उठाईं। सामने पंडित जी तेरहवीं की रस्म पूरी कर रहे थे। बच्चों के चेहरे पर वही मायूसी थी। रोहन कुमार को तिलांजलि देने के लिए अब पत्नी यानी मिथिलेश कुमारी का नंबर था, पंडित जी बुला रहे थे। मिथिलेश की रोते-रोते आंख लग गयी। अब सबने पुकारा तो उसने आंखें खोली, उठी और अंजुली में पानी भर लिया। पंडित जी ने मंत्र पढ़ा और पानी को विसर्जित करने के लिए कहा। मिथिलेश रस्म भी पूरी कर रही थी और चारों ओर देख भी रही थी। रोहन कुमार तो अब ऐसे ही सपने में आएगा। ऐसे उसे कहां आना था। तेरहवीं भी हो गयी। क्रूर कोरोना के दौर में परिजन भी दूर से ही शोक मना रहे थे। आपस में नेक नीयत वाले रोहन की चर्चाएं हो रही थीं।


Friday, May 14, 2021

बिपिन ने कहा तो मन से आवाज आई...चलो अब वक्त संग चलते हैं...

 केवल तिवारी

एक पखवाड़ा बीत गया बिपिन को इस संसार से विदा लिए हुए। दो-तीन दिन पहले उसका पीपल पानी हो जाता, लेकिन गांव में हमारी एक भाभी भी इस बीच गुजर गयीं, कुछ परंपरा का निर्वहन करते हुए बिपिन संबंधी रस्म 12 दिन के लिए टल गयी। शनिवार 8 मई को बिपिन का दसवां था। ऑनलाइन जुड़कर हम सबने उसे तिलांजलि दी। इस बीच, अनेक लोगों के फोन भी आये। धीरे-धीरे लोग अन्य बातें भी करने लगे। मैं सोचता था अभी लोग अन्य बातें क्यों कर रहे हैं? कैसे कर ले रहे हैं, लेकिन अन्य बातें तो होंगी ही। अब तो यूं ही वक्त गुजरेगा। दिनों के बाद महीने और साल निकल जाएगा। लेकिन मैं जैसे ही बिपिन के नाम से पहले स्वर्गीय शब्द जोड़ रहा हूं, पूरे शरीर में एक कंपन सी हो रही है। क्या बिपिन स्वर्गीय हो गया? ऐसा क्यों हुआ? तमाम सवालों के बाद फिर वही उत्तर कि उसका समय आ गया। आज सुबह डायरी लिखने बैठा तो जैसे लगा कि बिपिन कह रहा है, ‘चाचाजी आप सामान्य जीवन शुरू करो। यूं ही चलता है जीवन। कोई जल्दी चला जाता है कोई पूरा वक्त बिताने के बाद। मेरा वक्त हो गया था, मैं चला गया।’ मन में बिपिन की ऐसी बातें सुनकर भी मुझे अजीब लगा। ये क्या, बिपिन थोड़े बोल रहा है, ये तो मेरा स्वार्थ है, मुझे अब सामान्य हो चलना है इसलिए बिपिन का नाम ले रहा हूं। जब ईजा का निधन हुआ था, तब भी यही हाल था। शुरुआती दिनों में मैं बिल्कुल नहीं रोया। जब वसुंधरा लौट आया तो फिर रोना शुरू हुआ। फिर कई दिनों तक यह दौर चला। उसकी निशानियां जहां-जहां थीं, वहां-वहां देखकर, बैठकर रोया। उस दौर में बिपिन ने कितना साथ दिया था। पहले तो वह और हरीश कार लेकर वसुंधरा आये, फिर मुझे लखनऊ लेकर गये। बाद में जब मैं वापस वसुंधरा आया तो बिपिन से एक दिन मुलाकात हुई। मुझे थोड़ा रोना आ गया। उसने एक कहानी सुनायी। कहानी इस तरह थी कि एक बुजुर्ग महिला का निधन हो जाता है। लंबे समय बात उस महिला का बेटा भी स्वर्गवासी हो जाता है। वह स्वर्ग में देखता है कि कई जानकार ईश्वर भक्ति में लीन हैं। कुछ पुनर्जन्म पा चुके हैं लेकिन उसकी मां कंधे पर घड़ा ले जा रही है, एक जगह उसका पानी गिराती है फिर घड़ा भरता है वह फिर लेकर जाती है। महिला का बेटा व्याकुल। वह भगवान से प्रार्थना करता है और पूछता है प्रभु यह क्या है? मेरी माताजी को कैसा दंड दिया जा रहा है। भगवान कहते हैं जा तुझे एक वरदान दे सकता हूं, तू खुद ही सीधे बात कर सकता है। बेटा इस बात से तो खुश होता है कि उसकी मां से सीधे-सीधे बात हो जाएगी, लेकिन माता जी को घड़ेभर पानी बार-बार ढोते देख वह दुखी भी था। वह मां के पास गया और पूछा मां, सब तर गये, लेकिन आपको यह सजा क्यों? मां बोली बेटा मैं भरापूरा परिवार देखकर आई थी, सबका अच्छा देखकर आई थी। जब मेरा स्वर्गवास हुआ तो कुछ दिन तक तो सभी रोते हैं, लेकिन तू उम्रभर मेरे लिए रोता रहा। तेरे जैसे और भी परिजन रोते रहे। इतने आसूं निकले सब लोगों के लिए मुझे उन्हीं आसुंओं का घड़ा भर-भरकर ढोना पड़ रहा है। बेटे ने प्रभु से प्रार्थना की, भगवान अब तो मैं भी स्वर्गवासी हो चुका हूं, मेरी मां को मुक्ति दो। भगवान ने तथास्तु कहकर उसकी इच्छा पूर्ति कर दी।

इस कहानी के बाद बिपिन ने कहा कि अम्मा की यादें हम सबके साथ हैं, लेकिन बात-बात पर रोना अच्छा नहीं। उसके बाद मैंने मां को समर्पित कितनी चीजें लिखीं। अब बिपिन तेरे लिए मैं बहुत कम रोऊंगा। हां कुछ चीजों से मन उचाट सा हो गया है, धीरे-धीरे रमाने की कोशिश कर रहा हूं। ईजा को गुजरने के बाद धीरे-धीरे वक्त बीता और मां को भगवान मान लिया। मां तो यूं भी भगवान होती है, लेकिन अब वह अदृश्य भगवान बन चुकी थी। यह अलग बात है कि बार-बार बच्चे कहते हैं अम्मा क्या बनाती थी, कैसे चलती थी। ज्यादातर सवाल छोटे बेटे के होते हैं। बड़े बेटे को तो उसकी कई बातें याद हैं। लेकिन जब मैंने आज बिपिन के रूप में मेरे दिल से आयी आवाज में अपना स्वार्थ देखा तो फिर जैसे आवाज आई, ‘चाचाजी आपने नहाने के बाद के मंत्र पाठ बंद से क्यों किए हैं, ऑफिस में कुछ देर की प्रार्थना को बंद क्यों कर रखा है, सब जारी कर दो।’ असल में मैं सुबह वॉक करते वक्त कुछ जाप करता रहता हूं, ताकि मन का भटकाव न हो और वॉक होती रहे। इसी तरह ऑफिस में भी 15-20 मिनट का समय निकालकर चलते-चलते कुछ जाप कर लेता हूं। जब से बिपिन की बीमारी की खबर आई थी मैंने जाप को बढ़ा दिया था, लेकिन बिपिन जब चला गया तो हर चीज से मन उचट सा गया। आज दोपहर तो वह मेरे ऑफिस के सामने कुर्सी पर बैठा दिखाई दिया। बोला, ‘चाचाजी रुटीन शुरू करो।’ पता नहीं मेरा स्वार्थ है, बिपिन से अति लगाव का नतीजा है या कुछ और लेकिन मैं अब धीरे-धीरे सामान्य हो रहा हूं। व्हाट्सएप पर लोगों को जवाब दे रहा हूं। कुछ पढ़ने-लिखने लगा हूं। कोशिश शुरू हो गयी है कि सामान्य जीवन जीने की ओर बढ़ूं। बिपिन को याद करता चलूं। बातों-बातों और सोचने की प्रक्रिया में दो कविताएं मन से फूट पड़ीं-

एक-

एक खबर का आना

बिपिन का यूं चले जाना

रोना, धोना और शांत हो जाना

इस खामोशी में कुछ सिसक रहा है

मेरा दिल शायद रो रहा है

आसूं को तो पूरे जोर से मैंने दबाया है

पर दिल है कि सुबक रहा है

बार-बार तू याद आ रहा है

वक्त भरेगा घावों को, ऐसा सब कहते हैं

मजबूत कर मन को चलो अब वक्त संग चलते हैं।

 

दो-

इस हरियाली में आज उदासी सी है

इन राहों में आज वीरानी सी है

बोलते लबों पर खामोशी सी है

बदरी छाने पर जो होती थी गुदगुदी

अब तो सारा मंजर यूं मानो बेखुदी

कदम बढ़ाएं तो मनों बोझ सा लगे

ना बढ़ाएं तो अफसोस सा होने लगे

समय तो पूरा करता ओ अनंत यात्रा पर जाने वाले

या हमें खूब तंग कर जाता लौट के न आने वाले

कम से कम तुझे बुरा कहकर मन को मना लेते

तू तो हाथ भी जोड़ गया यूं जाते-जाते

वो ढेर सारी बातें, वो पहले से तय मुलाकातें

वो सुगम जीवन के लिए सीखी हुई आदतें

सफर पर चलने के वे दिन वे रातें

अब सब बस रह गयी हैं यादें

हम उन यादों को सहेजेंगे

तुम्हारे संग बीते पलों को कुरेदेंगे

बाहर सन सन हवा चल रही है

भीतर-भीतर कुछ दुवा सी उठ रही है

तू इस ब्रह्मांड में जहां भी है

हम सबको देखते रहना

ईश्वर का अंग बने ओ फरिश्ते

तेरी यादों के सहारे ही अब है जीना

.........................

धूनी मंदिर में मेरे साथ बिपिन : यादें शेष
 

 


Monday, May 3, 2021

मोह करो, मोह में उलझो नहीं... बिपिन तेरा संदेश सुनाई पड़ रहा है

 

केवल तिवारी

सोचता था शायद अब लिखना-पढ़ना बंद सा हो जाएगा। जिस डायरी के पन्नों में इन दिनों कुछ दिल की लिखता हूं, या यूं कहें कि ईश्वर से संवाद करता हूं, उस डायरी को भी फरवरी में बिपिन ने ही मुझे दिया था। डायरी हालांकि 2019 की थी, बिपिन का कहना था कि चाचा आप तो रोज डायरी लिखते हो, ये रख लो। पूरी खाली है। मैंने बैग में डाल ली थी डायरी। अभी कुछ दिन पूर्व से ही उसमें लिखना शुरू किया था, क्या पता था कि अब उसमें बिपिन का जिक्र आएगा तो वह सिर्फ यादों में ही होगा। आज 03 मई, 2021 को बिपिन को गुजरे हुए चार दिन हो गये हैं। कैसा अजीब लग रहा है, उसके लिए यह लिखना कि बिपिन को गुजरे हुए या स्वर्गवासी हुए। ज्यादा नहीं तो 15 साल और रह जाता, लेकिन ये तो सब मन की इच्छाएं हैं कि काश ऐसा होता, होता तो वही है जो होना होता है। वही हुआ। बिपिन चला गया। बिपिन के जाने की खबर से स्तब्ध हो गया। सोचा कि अब क्या डायरी लिखूंगा, अब क्या ब्लॉग लिखूंगा। शायद सबकुछ बंद हो जाएगा। पर सबकुछ बंद कहां होता है? सब तो चलता रहता है। सब चल ही रहा है। इस चलने के बीच लग रहा है कि जैसे बिपिन कहीं से गाइड कर रहा है। आगामी शनिवार को यानी 9 मई को बिपिन का दसवां है। मैंने योजना बनाई थी कि सुबह 4 बजे निकलूंगा और 10-11 बजे तक वसुंधरा पहुंच जाऊंगा। तिलांजलि देकर लौट आऊंगा। लेकिन अभी कल ही नितिन से बात हुई। बोला, बड़बाज्यू आप प्लीज मत आना। पापा तो चले गये। परिवार का एक अहम सदस्य चला गया, अब कोई बीमार हो गया तो पूरा परिवार हिल जाएगा। आप वहीं से श्रद्धांजलि देना। नितिन की बातों से ऐसा लगा जैसे उसे बिपिन गाइड कर रहा है। उसके साथ करीब 10 मिनट बातें हुईं। उसने दिल्ली के हालात भी बताए। अपनी व्यथा भी बताई। उसके साथ बातचीत में लगा कि बिपिन कहीं से कुछ कह रहा है। बिपिन अब तुम पूजनीय हो गये हो। ईश्वरीय शक्ति हो गये हो। परिवार पर आशीर्वाद बनाये रखना। आज तुम्हारे नाम पर मैं एक गीत सुनता रहा, जिंदगी के सफर में गुजर जाते हैं जो मुकाम वो फिर नहीं आते। वाकई तुम्हारी पल-पल की यादें आती रहेंगी। आ रही हैं। साथ ही याद आ रहा है तुम्हारी वह बात जो तुम मुझसे कई मौकों पर कहते थे। तुक कहते थे चाचाजी मोह तो करो, प्रेम भी करो, लेकिन मोह में उलझो मत। उसे जीवन पथ का अनिवार्य हिस्सा मानते हुए उसे उस मंत्र के सही अर्थ की तरह समझो जो ऊं त्रयंबकम यजामहे, सुगंधिम पुष्टि वर्धनम, उर्वारुकमिव बंधनामृत्योमुक्षी मामृतात में कहा गया है। अर्थात जिस तरह खरबूज कब जड़ से अलग हो गया पता नहीं चलता है, लेकिन उसकी खुशबू, उसके गुण बरकरार रहते हैं, उसी तरह जीवन-मरण के इस चक्र में अपने कर्त्तव्यपथ पर बढ़ते रहो और ऐसे बढ़ो कि आपकी अच्छाइयों को याद किया जाये। आज तुम्हें सब याद ही तो कर रहे हैं। नहीं तो क्या मतलब था कि मेरे ससुराल वाले रो रहे हैं। मेरे कई मित्र तुम्हारी खबर सुनकर स्तब्ध हैं। मुझे सांत्वना दे रहे हैं। यही सब तो तुम्हारी अच्छाइयां हैं। खैर कोई बात नहीं बिपिन डायरी लेखन मेरा ईश्वर से सीधा संवाद है, अब तुम भी उस संवाद का हिस्सा हो। ब्लॉग में भी तुम मेरे साथ बात करते रहोगे। चलते रहेंगे दोस्त। दुनिया भी चलती रहेगी। लगता है तुम कहीं शिखर पर बैठे हो। उस शिखर की याद कर तुम्हारी बनाई हुई एक और वीडिया यहां साझा कर रहा हूं। ऊं शांति।




Friday, April 30, 2021

ये क्या किया बिपिन... वादे तोड़ गया... खुश रहना मेरे दोस्त, सारे गमों से दूर रहना



केवल तिवारी

ये क्या किया बिपिन। क्या होगा उन सपनों का जो मैंने तुम्हारे साथ भविष्य के लिए देखे थे। पता है सुबह से इस वीडियो के दसियों बार देख चुका हूं। तू पूछ रहा है, चाचा कहां हो, ऊपर पहुंच गये। मैं कहां पहुंचा ऊपर, तू पहुंच गया। वहां पहुंच गया जहां मैं तुझे देख नहीं सकता, तुझे छू नहीं सकता। अभी तो बस रो रहा हूं। मैं रो रहा हूं, भावना रो रही है और बच्चे रो रहे हैं। कुक्कू ज्यादा भावुक होकर रो रहा है। बिपिन तू हर बात पे कहता था, अरे चाचाजी आपके भतीजे काहे के लिए हैं। क्या तू जवाब दे सकता है इस बात का कि इसीलिए है ये भतीजा कि चाचा बनकर चला गया। माना कि मुझसे बड़ा था, लेकिन इतना बड़ा थोड़े था कि ऐसे ही चला जाएगा। तीन दिन पहले वीडियो कॉल में तूने थम्स अप किया था और कहा था कि जल्दी मिलेंगे। अब कब मिलेंगे। इतने भले लोगों के साथ ऐसा क्यों होता है। सुबह-सुबह दीपू बिटिया का फोन आया। बड़बाज्यू पापा चले गये। मैं जोर से चिल्लाया, क्या कह रही हो। फिर पता नहीं कैसे मुंह से निकला, खुद को संभालो। बोली क्या संभालें बड़बाज्यू पापा चले गये। मैं अवाक। बोली कार्डियेक अटैक आ गया था। बात खत्म। फोन पटका और सिर धुनने लग गया। रह-रह कर तुम याद आ रहे थे। कभी तुम्हारी फोटो देखी, कभी तुम्हारी वीडियो। कभी तुम्हारे साथ हुई व्हाट्सएप चैट पर नजर डाली। सब रो रहे हैं। इतना अभागा हूं कि मैं तुम्हारे अंतिम संस्कार में भी नहीं जा पा रहा हूं। बाद में प्रकाश का भी फोन आया। उसने कहा बिपिन भाई चला गया। मैं रो रहा था, उसे लगा शायद मैं समझा नहीं, बोला, बिपिन भाई चला गया। मैं रोता ही रहा। बोला बाद में फोन करूंगा। फिर तो कई लोगों के फोन आये। कुछ मैंने उठाये, कुछ भावना को पकड़ा दिये। सोचने लगा क्या अब कभी गांव जा पाऊंगा। वो गांव अब तुम्हारे बिना कैसा लगेगा? क्या कभी वसुंधरा जा पाऊंगा। वो वसुंधरा अब तुम्हारे बिना कैसा लगेगा?

बार-बार सोच रहा हूं, क्या मेरी प्रार्थना में कोई कमी रह गयी थी। घर ग्वेल देवता के नाम उच्याण रखा था। सुबह-शाम तुम्हारे नाम की पूजा कर रहा था। कल साईं मंदिर और बाबा बालकनाथ मंदिर गया था। भगवान ने कई मुश्किल दौर से मुझे निकाला है। सब याद है बिपिन कैसे कहते थे, चाचा जी चिंता मत करो हम हैं ना। कभी जब बताता था कि नौकरी पर संकट है तो कैसे तुमने कहा था, परेशान मत होओ, रोज देवी कवच पढ़ा करो। मैं रोज देवी कवच पढ़ता था। जब मुश्किल हालात में पिछले साल मेरा कांट्रेक्ट रिन्यू हुआ तो तुमने कितनी खुशी व्यक्त की थी। कार लेकर तुम्हारे पास आया तो तुमने खुश होकर मेरे मित्रों को पार्टी दी थी। क्या-क्या याद करूं। जब बीना और बच्चों के बारे में सोच रहा हूं तो मन कांप उठ रहा है। घर के किसी कोने में तुम्हारे कपड़े टंगे होंगे। कहीं तुम्हारी चप्पलें होंगी। कहीं डायरी होगी और वह पूजाघर जिसमें ना जाने बच्चों ने कितनी बार प्रार्थनाएं की होंगी। काल का ऐसा कुचक्र चल रहा है कि असमय ही लोगों को उठा ले रहा है।

लेकिन बिपिन तू मरा नहीं है। इसलिए तुझे श्रद्धांजलि भी दूं तो कैसे। कैसे कहूं कि भगवान तुम्हारी आत्मा को शांति दे। तू तो पुण्यात्मा था। पूरे परिवार को एक करने वाला। तुझे मिलना होगा जल्दी बिपिन। हमारे ही बीच कहीं आकर या फिर मुझे बुलाकर। पूरे परिवार, समाज के लिए इतना नेक काम करने वाला कहीं न कहीं ईश्वर के किसी नेक काम में इस वक्त लग गया होगा। बिपिन तू हमारे दिलों में जिंदा है और जिंदा रहेगा। वहीं से तेरी आवाज आती रहेगी तब तक जब तक हम भी परमात्मा में विलीन नहीं हो जाते। एक-एक बातें याद आ रही हैं। आसूं आ रहे हैं। लिखते-लिखते लग रहा था तुझसे बात कर रहा हूं। बात ही तो कर रहा हूं। अब क्या? कभी सपने में आना, कभी क्या अक्सर ही आ जाना। थोड़ी बातें कर लिया करेंगे। ठीक है मेरे भतीजे... तू तो दोस्त था यार, फिर कह रहा हूं जल्दी चला गया। खुश रहना मेरे दोस्त, सारे गमों से दूर रहना।


Wednesday, April 28, 2021

अविचल पंथी के पथ में खट्टे-मीठे अहसास

 पुस्तक समीक्षा

Beautiful Image

केवल तिवारी

आज के समय में ज्यादातर लोगों के लिए वह दिनचर्या कल्पना से भी परे है जब कोई वार्षिक परीक्षा के लिए हर सोमवार को राशन-पानी, सूखी लकड़ियां लेकर घर से दूर जाता हो, कुछ मित्रों के साथ हफ्तेभर रहकर पढ़ाई के साथ-साथ भोजन-पानी की व्यवस्था करता हो और शनिवार को फिर घर आता हो। एडवेंचर के लिए तो कोई ऐसा कर सकता है, लेकिन रुटीन में यह कितना दुष्कर है, इसे वही समझ सकता है, जिसने ऐसा झेला है।

राजनीति में पंचायत सदस्य से लेकर मुख्यमंत्री, फिर केंद्रीय मंत्री तक का सफर तय करने वाले शांता कुमार ने पूरे जीवन में कई दुश्वारियां झेलीं। कभी आर्थिक तंगी की, तो कभी राजनीतिक पैंतरेबाजी की। तमाम मुसीबतों के साथ शांत स्वभाव से जीवन पथ पर आगे चलती रहने वाली हिमाचल प्रदेश की जानी-मानी हस्ती शांता कुमार ने लेखन और अध्ययन को अपना मित्र बनाकर रखा। खुद को या आसपास किसी को दुखों से घिरा देखा तो कभी कवि हृदय से स्वर फूट पड़े, सत्ता मिली तो हर वह प्रयास किया, जिससे लोगों की तकलीफें कम हों। यह अलग बात है कि अपने दुखों को सीधे-सीधे कहीं बयां नहीं किया। सक्रिय राजनीति से दूर होने के बाद जीवन संध्या की वेला पर उन्होंने ‘निज पथ का अविचल पंथी’ नाम से आत्मकथा लिखी। बेहद सरल और सहज अंदाज में उन्होंने बचपन से लेकर अब तक (86 वर्ष की आयु) अपने जीवन के तमाम पड़ावों को सामने रखा है।

बेहद भावुक अंदाज में चित्रों के साथ आत्मकथा की शुरुआत की गयी है। पत्नी के बगैर घर को ईंट-पत्थरों की दीवार बताते हुए शांता कुमार लिखते हैं, ‘5:30 बजे अलार्म बजा। ...मैं उठा। चाय वाले कमरे में गया। चाय बनाई। सामने देखा, दो कप पड़े थे। एक मेरा और एक वह तुम्हारा प्यारा... फिर दो कप चाय बनाई। दोनों कपों में डाली... आंसू निकले... फिर ख्याल आया, वायदा किया है तुमसे कि हिम्मत से जीऊंगा।’ हर कदम शांता कुमार के साथ रहने वाली उनकी जीवनसंगिनी संतोष इस किताब को जल्दी पूरा करने के लिए कहती थीं और कुछ समय पहले दोनों का 60 बरस का साथ छूट गया।

शांता कुमार का शुरुआती जीवन ठीकठाक रहा, लेकिन पिताजी के निधन के बाद स्थिति खराब हो गयी। मां ने कैसे घर को संभाला, उसका भावपूर्ण वर्णन किताब में किया गया है। किशोरावस्था से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संपर्क में आने वाले शांता कुमार ने देशसेवा को ही अपनी जिंदगी का उद्देश्य बना लिया। इसके लिए घरवालों से झूठ तक बोला। देश और समाज के लिए समर्पित शांता कुमार मास्टरी की नौकरी महज 17 दिन में ही छोड़कर चले गये और कश्मीर के मुद्दे पर जेल भेज दिये गये। पहले फिल्म ‘मेला’ देखने जाना, फिर देशभक्ति के नारे लगाना और गिरफ्तार हो जाना। पूरे प्रकरण का उन्होंने इस तरह वर्णन किया है कि पढ़ते-पढ़ते पाठक के मन-मस्तिष्क में चलचित्र सा चलने लगता है। हिमाचल प्रदेश से दिल्ली आना, फिर यमुनापार इलाके में संघ के प्रमुख के तौर पर जिम्मेदारी संभालने का दौर बहुत रोचक और कड़े परिश्रम वाला रहा। दिल्ली प्रवास के दौरान ही एक स्वयंसेवक सोमनाथ के विवाह के बाद चाय पार्टी में अटल बिहारी वाजपेयी जी को बुलाने की जिम्मेदारी का लेखक ने रोचक चित्रण किया है। उस वक्त कार्यालय प्रमुख जगदीश चंद माथुर जी के समक्ष अटलजी ने कहा, ‘माथुर जी मुझे और आपको न तो विवाह का कोई अनुभव है और न ही होने की संभावना है। ऐसी विवाह पार्टी में हमारा क्या काम?’ बाद में अटलजी उस पार्टी में गये। संघ के लिए कामकाज के दौरान ही शांताकुमार की भेंट संतोष से हुई। लेखक लिखते हैं, ‘...हम दोनों को लगा कि हमारा यह संबंध कुछ समय का नहीं, जीवन भर का है। हमने जीवनसाथी बनने का निर्णय कर लिया।’ संघ के वरिष्ठ नेताओं से किए वादे के मुताबिक दो साल बाद शादी करना, परिवार में शुरुआती संकट और फिर धीरे-धीरे जनसंघ में सक्रिय होना और इसी दौरान राजनीति का दूसरा रूप देखना भी लेखक के लिए कभी रोचक तो कभी व्यथित करने वाला रहा। इमरजेंसी लगने के दौरान लेखक की जेल यातना दर्दभरी दास्तान है। पठनीय है। भारतीय राजनीति में जय प्रकाश नारायण का उदय फिर मृत्यु के समय उनकी व्याकुलता और लेखक का उनसे मिलना भी बहुत ही मार्मिक है।

हिमाचल प्रदेश के जनमानस तक शांता कुमार के संघर्षों और उसूलों की बात चर्चा का विषय बनना और बाद में मुख्यमंत्री पद तक पहुंचना वास्तव में अकल्पनीय-सा लगता है। सत्ता मिलने के बाद पद लोलुपों का चारों ओर से दबाव बढ़ना और इसी बीच जनहित के कड़े फैसले लेने का जिक्र लेखक ने प्रवाहमयी अंदाज में किया है। जोड़-तोड़ और गठजोड़ के आगे सिद्धांत न छोड़ने का ही परिणाम था कि शांता कुमार की कुर्सी चली गयी। वह लिखते हैं, ‘मुख्यमंत्री बनने पर हम सबने अपने आपको भुलाया नहीं था। हवा में नहीं उड़े थे। इसलिए फिर से पुराना जीवन शुरू करने में कोई भी कठिनाई नहीं हुई।’ एक राजनीतिक सहयोगी से उन्होंने कहा, ‘मैं नहीं बदला, इसमें मुझे इतना सुख मिला है जो बदलने वालों को सब कुछ प्राप्त करके भी नहीं मिलेगा। यही मेरी संपत्ति है।’ प्रदेश की बागडोर दोबारा संभालने पर शांता कुमार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़े कदम उठाये और अपने कई अफसरों पर निशाना साधा। उनकी कार्यशैली पर उत्तर भारत के जाने-माने समाचारपत्र ‘ट्रिब्यून’ ने 20 दिसंबर, 1990 को अपने संपादकीय में लिखा, ‘यदि देश में राजनीतिक साहस के कार्य के लिए कोई वीरता पुरस्कार हो तो वह इस बार हि.प्र. के मुख्यमंत्री शांता कुमार को मिलना चाहिए...।’

प्रदेश से राष्ट्रीय राजनीति और उसमें अटल जी से अनेक बार प्रशंसा और बाद में कुछ दबावों के चलते अटलजी द्वारा इस्तीफा लिए जाने जैसे कुछ प्रसंग हैं, जिनसे शांता कुमार काफी व्यथित हुए। स्वामी विवेकानंद को अपना आदर्श मानने वाले शांता कुमार ने केंद्रीय मंत्रिमंडल में रहते हुए भी अनेक कड़े फैसले लिए। आंध्र प्रदेश के लिए योजनाओं के मद में 90 की जगह 190 करोड़ अनुदान पर सख्त हुए शांता कुमार तत्कालीन अध्यक्ष वेंकैया नायडू को अखर रहे थे। वह लिखते हैं, ‘राष्ट्रीय अध्यक्ष मुझसे वैसे ही नाराज थे। मैंने प्रदेश को मिलने वाला 100 करोड़ वार्षिक रोक दिया था।’ इसी संदर्भ में वह आगे लिखते हैं, ‘एक दिन सुबह अटल जी का फोन आया। कहा-मुझे दुख है परंतु तुम अब वह कागज दे ही दो। मैं समझ गया मुझसे त्यागपत्र मांगा जा रहा है।’

राजनीति के अपने अनुभवों को लिखते-लिखते भावुक शांता कुमार लिखते हैं, ‘देश की पूरी राजनीति का अवमूल्यन हो चुका है। राजनीति केवल सत्ता के लिए है, सत्य के लिए नहीं। इस अवमूल्यन में हमारी पार्टी आशा की अंतिम किरण है। यदि वह भी गलत से समझौता कर लेगी तो देश के भविष्य का क्या होगा?’ इसी संदर्भ में वह लिखते हैं, ‘मुझे सबसे बड़ा अफसोस राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नेताओं से है। ...वर्षों का विश्वास हिल गया। आज की बदल रही भाजपा तो बहुत आगे पहुंच गई है। मूल्य आधारित राजनीति के आदर्श के कारण जिस पार्टी को जनता ने विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनाया, आज वह पूरी तरह से नैतिक मूल्य नहीं, केवल और केवल सत्ता आधारित पार्टी बन गयी है। विधायकों के क्रय-विक्रय में भी उसे शामिल होते देख मेरे जैसों को तो शर्म आती है। सोचता हूं-जहां भी होंगे दीनदयाल उपाध्याय जैसे नेता आंसू ही बहाते होंगे।’ जीवन में कई उतार-चढ़ाव देख चुके शांता कुमार अपनी किताब में बॉलीवुड के दिग्गज शत्रुघ्न सिन्हा समेत अनेक लोगों से मित्रता की रोचक बातों का वर्णन करते हैं। विदेश यात्राओं का वर्णन करते हैं। और हमेशा ईश्वर को धन्यवाद देते हैं। कश्मीर से धारा 370 के हटने को साहसिक कदम बताते हुए किताब पूरी करते-करते शांता कुमार भावुक अपील करते हैं, ‘मेरे जीवन की एक ही अंतिम इच्छा है कि मेरी पार्टी भारतीय जनता पार्टी राजनीति के प्रदूषण से बचे।’

हमेशा अपने सिद्धांतों पर अडिग रहने वाले शांता कुमार सरीखे लोगों से राजनीति दल ऊंचाइयों को छूते हैं। शांता कुमार की यह आत्मकथा बहुत रोचक है। उन्होंने बेबाकी से जितना निजी पन्नों को खोला है, उतनी ही सूझबूझ से अपनी पार्टी की कमियों और अच्छाइयों को उजागर किया है। अपने जीवन में अब तक कई पुस्तकें लिख चुके शांता कुमार की यह किताब भी हर वर्ग के व्यक्ति के लिए पठनीय है।

पुस्तक : निज पथ का अविचल पंथी लेखक : शांता कुमार प्रकाशक : किताब घर प्रकाशन, नयी दिल्ली पृष्ठ : 464 मूल्य : रु.


साभार - दैनिक ट्रिब्यून



Tuesday, April 20, 2021

धीरेश ने की बात और बुजुर्गों की आई याद

आज सुबह मित्र धीरेश का फोन आया। संदर्भ था, फेसबुक पर मेरे साथ एक फोटो साझा होने की। मैंने हंसते हुए कहा कि मैं तो फेसबुक करीब दो साल से देख ही नहीं रहा हूं। वैसे इसमें थोड़ा सा झूठ शामिल था। फेसबुक पर कमेंट, लाइक या कोई पोस्ट डालना मैंने बंद कर रखा है, लेकिन ऑफिस का ऑनलाइन काम काफी देखता हूं। जैसे दैनिक ट्रिब्यून का ट्विटर हैंडल, ऑनलाइन समाचार आदि। इसी संदर्भ में कभी कबार दैनिक ट्रिब्यून के फेसबुक पेज को देखने के लिए अपने अकाउंट को पहले लॉगइन करना पड़ता है। उस दौरान कभी-कभी किसी पोस्ट पर नजर पड़ जाती है। साथ ही कुछ फ्रेंड रिक्वेस्ट भी। अगर प्रोफाइल लॉक न की हो और जानकार लग रहा/रही हो तो मैं रिक्वेस्ट को एक्सेप्ट कर लेता हूं। लेकिन कमेंट न करने, पोस्ट न डालने जैसे मसलों पर डटा हुआ हूं। खैर... बात का ट्रैक बदल गया। बेशक धीरेश ने फेसबुक पर मेरी फोटो से बात की शुरुआत की थी, लेकिन फिर उन्होंने मेरी माताजी को याद किया। मुझे बहुत अच्छा लगा। कुछ मित्र हैं जो बातों बातों में मेरी माताजी को याद कर लेते हैं। धीरेश ने कहा, ‘उनमें बहुत अपनापन था, गोरी-चिट्ठी। उनकी याद अक्सर आती है।’ मैंने जवाब दिया, ‘हां कुछ बच्चे मेरी मां को मलाई अम्मा कहते थे, लेकिन जहां तक अपनेपन की बात है यह तो उस दौर के सभी बुजुर्गों में होती थी।’ थोड़ी सहमति, असहमति के बीच मैंने मित्र धीरज ढिल्लों के पिताजी के एक किस्से को साझा किया। उन दिनों हम लोग कौशांबी के हिमगिरि अपार्टमेंट में रहते थे। मित्र सुरेंद्र पंडित हम सब लोगों को एक करने वाले थे। एक दिन धीरज के पिताजी अपने कुछ संगी-साथियों या जानकारों के साथ कौशांबी आये। नीचे गाड़ी में बाकी लोग बैठे रहे, अंकल जी नौवीं मंजिल 911 में हम लोगों से मिलने आये। मैंने कहा, ‘अंकल बैठो चाय बनाता हूं।’ उन्होंने कहा नहीं चाय नहीं पीनी है, अभी जल्दी में हूं। वह बाकी साथियों से बात करने लगे। मैंने एक बार फिर जोर देकर कहा, ‘अंकल चाय फटाफट बन जाएगी।’ अंकल जी तुरंत बोले, ‘फिर ऐसा कर 6 कप चाय बनाके फटाफट नीचे ले आ।’ मुझे उस वक्त थोड़ा अटपटा लगा। मैं चाय बनाकर ले गया। धीरज और अन्य मित्र भी मेरे साथ नीचे तक गये। बाद में मैंने इस वाकये पर विचार किया। फिर सोचा कितना अपनापन था उनका यह कहने में कि फटाफट नीचे ले आ। उन्होंने मुझे भी धीरज ही माना। इस वाकये को मैंने धीरेश के साथ जब आज मंगलवार 20 अप्रैल, 2021 को साझा किया तो हम दोनों हंस पड़े। फिर कहा कि हां वैसा अपनत्व कुछ कम हो गया। परिस्थितियां ऐसी हो गयी हैं, हम बदल गये हैं या फिर समय, कुछ पता नहीं। खैर ऐसे कई वाकये हैं। मित्र धीरज ढिल्लों की माताजी के स्नेह की झप्पी में कभी नहीं भूल पाऊंगा। बात 2008 की है। लखनऊ में मेरी माताजी का निधन हो गया था। तेरहवीं के बाद हम लोग लौटे। सुबह-सुबह ट्रेन आ गयी थी। हमारे फ्लैट की चाबी धीरज जी के यहां रखी थी। मैं, भावना और बेटा रिक्शे से उतरकर कुछ बोलते हुए आये। माताजी को अहसास हो गया कि हम आ गये हैं। उन्होंने दरवाजा खोला और सबसे पहले मुझे गले लगाया और उसी वक्त मेरी रुलाई छूट गयी। आंटी ने आसूं पोछते हुए कहा, ‘मैं हूं तेरी मां जैसी। रोना नहीं है। पहले कुछ देर यहां सुस्ताओ फिर ऊपर अपने फ्लैट पर जाना।’ आंटी के हाथ के पराठों का जिक्र तो हम घर पर अक्सर करते हैं। ऐसे ही सुरेंद्र पंडित जी के पिताजी के साथ हमारी अक्सर चर्चा होती थी। जैनेंद्र सोलंकी जी के पिताजी हों या वैभव शर्मा के पिताजी, राजेश डोबरियाल के माता-पिता हों या कोई अन्य मित्र के माता-पिता अनेक लोगों के साथ अनेक किस्से याद हैं। उनके अनुभव सुनने का लुत्फ ही कुछ और था। यहां तो उनका जिक्र है जो मित्र कौशांबी में रहते थे। इनके अलावा भी अनेक मित्रों के माता-पिता के साथ हुई बातें मेरी डायरी में दर्ज है। मसलन, बहादुरगढ़ राहुल के माता-पिताजी के साथ कई बार कई मुद्दों पर बात हुई है, दिल्ली के मनोज भल्ला, लखनऊ के भजनलाल, दिल्ली के ही अवनीश चौधरी, लोहाघाट केे श्रीनिवास ओली।नामों की सूची लंबी बनेगी। मित्र धीरेश का धन्यवाद कि पुरानी बातें फिर याद करा दीं। हर मित्र के साथ की कई बातें मेरी डायरी में दर्ज हैं। कुछ किस्सों पर हम लोग खूब हंसे भी हैं। कुछ मैंने छिपाई, कुछ बताईं। आज भी फिर कुछ पुरानी डायरियों को खंगालने लगा। बातोंबातों में धीरेश के साथ कथित बड़े साहित्यकारों, पत्रकारों और उनकी चेलागिरी पर भी चर्चा हुई। मन कर रहा था, आमने-सामने बैठकर बतियाया जाये। कुछ धीरेश पर नाराजगी जताई जाये और कुछ वह हंसहंसकर हमें चिढ़ाये। दुआ है कि जल्दी यह खौफनाक समय निकले और हम मित्रगण मिल बैठें। हम सब कुछ सुनाएं और कुछ सुनें। अंत में बता दूं कि जिस फेसबुक फोटो से चर्चा की शुरुआत हुई, वह लेखिका दीप्ति अंगरीश के साथ मेरी फोटो थी। कुछ दिन पूर्व वह चंडीगढ़ आई थीं, जाते-जाते एक फोटो खींच ली। बात खत्म करते-करते मुनव्वर राणा साहब का शेर याद आ रहे हैं जो मैं अक्सर दोहराता रहता हूं-

इस तरह मेरे गुनाहों को वो धो देती है, मां जब गुस्सा होती है तो रो देती है।

Tuesday, March 16, 2021

वसुंधरा की वह यात्रा और जीवन पथ गुलाबी बाग से नोएडा-गाजियाबाद के सफर का जिक्र

केवल तिवारी

मुझे मोहब्बत है अपने हाथों की सब उंगलियों से, ना जाने कौन से उंगली पकड़ के मां ने मुझे चलना सिखाया होगा

यह शायरी याद आ गयी आज जब कुछ लिखने को जी चाहा। हर दिन हर पल कुछ लिखने को मन में कुलबुलाता रहता है, लेकिन दिल की ज्यादातर बातें डायरी में दर्ज कर लेता हूं, जो बात ज्यादा हिलोरें मारती हैं या जिस बात पर लगता है कि इसे तो सबके साथ साझा किया जाना चाहिए, उसे अपने ब्लॉग पर चस्पां कर देता हूं। डायरी लिखने की बात आई तो हमारे भतीजे साहब बिपिन ध्यान में आये। उन्होंने एक डायरी हाल ही में मुझे दी है। इत्तेफाक देखिये मेरी पुरानी डायरी अभी-अभी भरी है, अब नयी शुरुआत इसी में करूंगा। खैर... बिपिन तिवारी द्वारा दी गयी डायरी का किस्सा बहुत पुराना नहीं है, हाल ही में मैं दिल्ली गया था। गाजियाबाद भी जाना हुआ। बिपिन से बात हो गयी थी। बिपिन ने कहा कि पहले ग्रेटर नोएडा आ जाओ, हम सब लोग नितिन के साथ हैं, फिर चलेंगे वसुंधरा। मैंने वसुंधरा स्थित अपने फ्लैट में कुछ काम करवाया था, उसे देखना था और ठेकेदार को कुछ पैसा भी देना था। इस बीच, भतीजी भावना तिवारी यानी कन्नू से भी मिलने का कार्यक्रम था, लेकिन इत्तेफाक से उस दिन उसकी व्यस्तता थी। मैं समझ सकता हूं कि इलेक्ट्रानिक मीडिया की व्यस्तता। फिर जिम्मेदारी और तरक्की के पथ पर बढ़ते रहने के लिए थोड़ी भागदौड़। खैर मैंने परिवार के अन्य सदस्यों से बात नहीं की क्योंकि मैं जानता था कहीं भी मिलने नहीं जा पाऊंगा। हेम, हरीश, दीप, प्रकाश सभी तो दूर-दूर हैं। भतीजियों को घर भी अलग-अलग दिशाओं में है, फिर और लोग भी हैं। खैर अपने सफर के दूसरे पक्ष की ओर जाऊंगा तो मुद्दा भटक सा जाएगा। सीधे मुद्दे पर आता हूं। मैं अपने साले साहब भास्कर जोशी (राजू) के यहां फरीदाबाद पहुंचा, वहां से ग्रेटर नोएडा गया। पहले वरिष्ठ पत्रकार और मुझसे खास स्नेह रखने वाले नरेंद्र निर्मल जी के यहां गये। करीब एक घंटा वहां बैठने के बाद आ गया नितिन के फ्लैट (स्लीओ कंट्री, सेक्टर 121-नोएडा) 12वीं फ्लोर पर घर। वहां नितिन की नानी जी और मामाजी भी मिले। नितिन की मम्मी बीना, बहन मिन्नी और एक साल से तिवारी परिवार से जुड़ी नयी नवेली बहू मानसी मिलीं। बेहद सरल और सहज अंदाज में हुई बातें। मैं तो वाचाल किस्म का हूं, काफी कुछ बोल गया। नितिन ने कहा, बड़बाज्यू खाना बनने तक आइये नीचे घूम के आते हैं। हम लोग सोसायटी देखने चले गये। सचमुच एक नयी दुनिया सी। गगनचुंबी इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर उतनी ही सुविधाएं। कुछ दिन पहले इसी इलाके में नितिन-मानसी की शादी की साल गिरह का जश्न मना था। उस समारोह में मैं नहीं था, खैर वह कमी आज पूरी हुई। मानसी के हाथ का खाना पहली बार खाया। बेहतरीन लगा। भले गगनचुंबी इमारत हो, भले आलीशान सुविधाएं हों, भले एक नया संसार सा हो, लेकिन सहजता वही पुरानी थी, सरलता वही पुरानी थी। मेरी भी और बाकी अन्य की भी। बातों-बातों में मानो हम कह रहे हों-

पता अब तक नहीं बदला हमारा, वही घर है वही क़िस्सा हमारा।

दोपहर के भोजन के बाद मैं और बिपिन चले आये वसुंधरा, नितिन के मामा ने हमें वहां छोड़ दिया। इस बीच काफी बातें होती रहीं। पहले बिपिन के घर गये वहां कुछ देर आराम किया फिर चाय पी। उसके बाद मैं और बिपिन पैदल चल दिए मेरे फ्लैट की ओर। अनेक बातें हुईं और उन बातों का सार यही निकला कि-

रिश्तों को मजबूत बनाने के लिए, एक छोटा सा उसूल बनाते हैं। रोज कुछ अच्छा याद रखते हैं, और कुछ बुरा भूल जाते हैं

याद करने के इस क्रम में हम लोगों ने बात की गुलाबी बाग की। हमारे परिवार के एक हिस्से की बात हो और गुलाबी बाग का जिक्र न हो, कैसे हो सकता है। जिस तरह परिवार के दूसरे हिस्से की बात हो और लखनऊ तेलीबाग का जिक्र न हो, हो नहीं सकता, उसी तरह गुलाबी बाग का जिक्र तो स्वाभाविक था। गुलाबी बाग में भी 754 का। 754 वह नंबर है, जिसे हम तब से सुनते थे जब से हम शायद दिल्ली के बारे में भी सही से नहीं सुन पाए होंगे। मुझे याद है गांव से जब चिट्ठी लिखाई जाती थी तो कहा जाता था, बुद्धिबल्लभ तिवारी को मिले, 754 गुलाबी बाग-दिल्ली। बाद में मेरा भी उस घर में जाना हुआ। पुष्पा दीदी वहां कई महीने रही। मेरी माताजी वहां बहुत रहीं। हमारे परिवार का शायद ही कोई सदस्य होगा जो उस छोटे से घर 754 की विशालता और दीर्घता को न जानता हो। यह दीगर है कि नयी पीढ़ी के बच्चों ने सिर्फ सुना ही होगा। चूंकि जब से दिल्ली आया, बिपिन से नया रिश्ता भी बना, मित्रता का। बिपिन रिश्ते में भतीजा है, पूरा परिवार सम्मान देता है, लेकिन उम्र में तो बड़ा है ही। यहां मैं बिपिन के लिए इस तरह की शब्दावली लिख रहा हूं, लेकिन कभी बिपिन दंपती के लिए मुंह से तू-तड़ाक नहीं निकलता। आखिर मेरी लघुता में इतनी दीर्घता तो होना जरूरी है। खैर आते हैं चर्चा पर वापस। हम लोग अक्सर मिलते हैं। नहीं भी मिलते हैं तो परिवार के अन्य सदस्य किसी न किसी रूप में आपस में जुड़े हैं। सभी संस्कारी। हमारा परिवार है, इसलिए नहीं कह रहा हूं, बल्कि इस परिवार का उदाहरण दिया जाता है, इसलिए कह रहा हूं। क्योंकि-

अगर ज़िन्दगी एक सफर है तो परिवार उस सफर का सबसे सुन्दर हमसफ़र है।  

और इसलिए भी-

ऐ इंसानियत मेरी, मुझमें तुम बाकी रहना, परिवार को मुझमें, और मुझे परिवार में शामिल रखना।

चलिए बात जारी रखी जाये। नितिन के घर में जब हम सब बातें कर रहे थे तो सभी प्रसन्नचित्त दिख रहे थे। और इस बात को हम सब जानते हैं कि-

जिस परिवार में मां-बाप हंसते हैं, उसी घर में भगवान बसते हैं।

खैर 754 के बाद बिपिन ने गुलाबी बाग में दो मकान बदले। मुझे उनके नंबर ठीक से याद नहीं, लेकिन ग्राउंड फ्लोर के मकान में कई मौकों पर हम परिवार सहित मिले। एक शायद नितिन की जनेऊ के मौके पर और एक बार प्रेमा की शादी के मौके पर। वहीं दीप का भी घर है। अब प्रकाश भी उसी इलाके में अपने घर में रह रहा है। बड़ी प्रसन्नता होती है, यह सब सुनकर। खैर, चलना ही जिंदगी है। चलते-चलते और बातों बातों में पहुंच गया हूं वसुंधरा। यहां जब से बिपिन आया तो लगा अरे वाह अब तो पड़ोसी हो गये। उस दिन फिर बातचीत जारी रही। एक विचार आया कि-

इंसान आजकल इसलिए भी परेशान है, क्योंकि जो गर्मी रिश्तों में होनी चाहिए वो हमारे दिमाग़ में है।

हम लोग तो उस राह के राही हैं जिसके बारे में किसी शायर ने लिखा है-

अपनी गृहस्थी को कुछ इस तरह बचा लिया करो, कभी आंखें दिखा दी कभी सर झुका लिया करो।

रविवार के उस दिनभर की भागादौड़ी के बाद शाम को कुछ देर बैठकी हुई। बिपिन का बेहतरीन सौजन्य रहा। मेरे चार मित्र भी थे। विस्तार से उसकी क्या बात लिखनी। अपने इस यात्रा वृतांत को विराम देते हुए अंत में कहूंगा-

परिवार में कहना–सुनना आम है, बस लड़ाई के बाद सब भूल जाना आपका काम है।


भंवरे की गुंजन और बचपन की यादें...

केवल तिवारी

भंवरे की गुंजन है मेरा दिल, कब से संभाले रखा है दिल, तेरे लिए, तेरे लिए... इस धरती पर मेरे अवतरण से पहले बनी फिल्म कल आज और कल का यह गीत बहुत पहले से सुनता आया हूं। हसरत जयपुरी साहब के बोल और शंकर-जयकिशन का संगीत। आज अनायास ही फिर मुंह से फूट पड़ा। असल में घर के अंदर कहीं से एक भौंरा आ गया। छोटा सा। श्रीमती जी ने कहा, इसे बाहर कर दो। फिर आजकल ततैया भी खूब आ रही हैं। शायद यह मौसम उनकी ब्रीडिंग के लिए बहुत मुफीद होता है। भंवरे को बाहर करने उसके पास गया तो भ्रामरी योग में निकलने वाली आवाज सी आयी। धीरे-धीरे लगा अरे यह आवाज तो सुनी-सुनाई सी है। आज की नहीं, बहुत पहले की। शायद मैं तीसरी या चौथी में पढ़ता होऊंगा। या हो सकता है मैं चार-पांच साल का रहा होऊंगा। कालखंड सटीक याद नहीं है, हां गांव का नजारा था, यह अच्छी तरह याद है। गौर से सोचा तो याद आ ही गया वह दौर। गांव का। माता जी खेत में गयी होती थीं। दीदी या तो स्कूल या उन्हीं के साथ खेत में। मैं घर में अकेला होता था। बाहर के कमरे यानी चाख में ऐसा ही भौंरा या बड़ी मक्खी घूमती थी और उसकी भ्रमरगान मुझे उदासी से भर देता था। कभी खिड़की पर आकर बाहर को देखने लगता या फिर बाहर आ जाता। बाहर भी सन्नाटा सा पसरा दिखता। दिन में आराम करने का रिवाज होता था। कुछ लोग या तो घर में होते ही नहीं, होते तो आराम कर रहे होते। फिर हमारे जैसे बच्चों को कौन तवज्जो दे। खैर आज यह भौंरा आया, पत्नी ने बाहर करने को कहा तो मैं बचपन की बातें बताने लग गया। फिर मुझे लगा, पहले मुझे गीत गा लेना चाहिए था, 'भंवरे की गुंजन है मेरा दिल, कब से संभाले रखा है दिल तेरे लिए, तेरे लिए...' लेकिन क्या करें, यादों के पिटारे को सिर पर लादे फिरता हूं। याद आ गया वह मंजर। चलो इसी बहाने कुछ लिखने का मन हो गया और एक छोटा सा पीस यहां लिख डाला। 
और अंकल जी का कहना, खुश रहो तो वजन बढ़ेगा
बातों-बातों में एक रात पहले की बात याद आ गयी। अपने मित्रों के साथ कहीं गया था। वहां एक अंकल जी मिले। सरदार जी। बुजुर्ग, लेकिन सेहतमंद। वहीं हॉल के बाहर रखी वजन तोलने की मशीन थी। मैंने मित्र से कहा, 'यार मेरा वजन लगातार कम हो रहा है। हालांकि डॉक्टर ने ऐसे संकेत दिए हैं, लेकिन जब से जाड़ों के कपड़े उतर गये हैं कुछ ज्यादा ही दुबला दिखने लगा हूं।' मित्र ने कहा, वजन कुछ मेरा भी कम हुआ है। हम लोग बात ही कर ही रहे थे सरदार अंकल आ गये। मैंने और मित्र ने पूछा, 'अंकल वजन बढ़ाने के लिए क्या करें?' वे तुरंत बोले, 'खुश रहा करो, अच्छी गल किया करो, ऐहते दूजा कोई गल नहीं, वजन आपे बढ़ जावेगा।' मैं बोला, 'अंकल तुसी सच्ची गल कित्ता।' फिर हम सभी हंस पड़े, थोड़ा मेरी पंजाबी बोलने पर हंसना और थोड़ा अंकल की सही बात पर सहमति जताना। फिर मैंने और मित्रों ने कहा कि वास्तव में बात छोटी सी है, लेकिन असरदार। खुश रहना चाहिए। अच्छी बातें करनी चाहिए। शेष सब चलता रहता है। चलिए बातों बातों में कुछ बातें हो गयीं, बाकी फिर कभी---

Wednesday, January 13, 2021

जमाना स्मार्ट है, पर नोट भी कर लेना चाहिए

 मन में विचार मंथन चलते रहते हैं। कभी कुछ, कभी कुछ। विचार मंथनों से इतर, कई बार बच्चे बड़ी-बड़ी बातें कर जाते हैं। उनकी बातों से निकली बातों पर तो कभी लेख बन गये और कभी ब्लॉग पर लिख डाला। जैसे बच्चे का सवाल कि अगर आपके जमाने में online class की स्थिति आती तो क्या चिट्ठियां भेजकर पढ़ाई होती। ऐसी ही कई बातें। मैं बच्चों से कहता हूं कि डायरी लिखा करो, रोज नहीं तो कुछ खास मौकों पर। जैसे अगर कभी कोई मेहमान आया हो, उनके बच्चों से आपकी कोई बात हुई हो या घर में कोई नयी चीज आई हो या फिर किसी का जन्मदिन हो वगैरह-वगैरह। बच्चे कभी इसे फॉलो करते हैं और कभी बच्चे तो बच्चे ठहरे। जब बात लिखने की आती है तो कई बार मैं चीजों को नोट करने के लिए कहता हूं। खुद भी सोचता हूं कि यह बात नोट कर लूं, लेकिन जब-जब चूका हूं तब-तब भूला हूं। पिछले दिनों कई आइडिया आये। सोचा कि इन्हें नोट कर लूंगा, लेकिन भूल गया। कभी भूलने या न लिख पाने या कहीं जाने के समय को लेकर बात करता हूं तो छोटा बेटा धवल कहता है, पापा स्मार्ट बनो। smart कैसे बनो, वह इसे भी दिखाता है। इन दिनों उसकी ऑनलाइन क्लास चलती हैं। उसने हर क्लास के समय से पांच मिनट पहले का अलार्म लगा रखा है। कभी अगर हम उसे टोकते हैं कि चलो तैयार हो जाओ। पेन, नोटबुक, किताब निकालकर बैठो, क्लास आने वाली है, तो सीधे जवाब देता है कि smart हूं मैं, अलार्म लगा रखा है। उसके अलार्म की बात तो यह भी है कि एक दिन उसने पूछा, पापा आप सैर (morning walk) करने कितने बजे जाते हैं, मैंने कहा, आजकल (winter season) करीब साढ़े सात बजे। उसका अगला सवाल उठते कितने बजे हो, मैंने कहा कम से कम एक घंटा पहले। मैंने उससे पूछा कि तुम्हें चलना है, बोला नहीं। मैंने कहा, चला करो आपके भैया को तो मैं कभी-कभी ले जाता हूं। उसने फिर इनकार कर दिया। अगली सुबह ठीक साढ़े 6 बजे आवाज आई, 'पापा और भैया उठ जाइये' मैं हैरान, कि यह आवाज कहां से आ रही है, छोटे बेटे को देखा तो वह सो रहा है, फिर सिरहाने के पास रखे मोबाइल की ओर नजर पड़ी, देखा मोबाइल में अलार्म बज रहा है। यह अलार्म बच्चे ने अपनी आवाज रिकॉर्ड कर लगा दिया था। खैर उस वक्त उठने का बहुत मन नहीं कर रहा था, ठंड भी बहुत थी। पांच-10 मिटन बाद पत्नी गरम पानी लेकर आ गयी। पानी पीया। फिर थोड़ी देर बाद चाय आ गयी। उसके बाद फ्रेश होते-होते और सर्दियों में खूब सारे कपड़े पहनते-पहनते साढ़े सात बज गया। तभी आवाज आई, 'राउंड करने जाइये' यही वाक्य रिपीट हो रहा था। यह आवाज भी मोबाइल से ही आ रही थी। मैंने अलार्म off नहीं किया, उसे बजने दिया। बेटा अलसाया सा उठा, बोला पापा राउंड करने जाओ। मैं हंस दिया, वाह मेरे स्मार्ट बेटे। उसके बाद कई मौके आए जब लगा कि इस अलार्म को discontinue कर दूं, लेकिन खुद ही रुक गया। सुबह-सुबह अब तो इसे सुनना अच्छा लगने लगा है। इस तरह की smartness देखकर तकनीक और तकनीक पर बच्चों की निर्भरता को लेकर चिंता भी होती है। इस निर्भरता के कारण आज शायद कुछ ही लोग होंगे जिन्हें 10-12 फोन नंबर याद हों। एक जमाना होता था लोगों को कई चीजें याद होती थीं। यहां तक कि हफ्तेभर पहले किसी को मिलने का दिया गया समय और जगह भी। अब तो सबकुछ मोबाइल में होने लगा। स्मार्ट बनना अच्छी बात है, लेकिन नोट करने जैसी विधा की कोई सानी नहीं। नोट करने का मन नहीं होता तो इतना लिख भी कहां पाते। इसलिए मैंने तो सोच लिया है कि नोट करने की अपनी बात पर अमल करूंगा। तत्काल नहीं तो कुछ देर बाद ही सही। आप क्या कहते हैं।